फिल्म स्टार गोविंदा को गोली लगी, ICU में भर्ती, रिवॉल्वर साफ करते वक्त हादसा
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा (60) पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। उन्हें खुद की रिवॉल्वर से गोली लगी। वो रिवॉल्वर अलमारी में रख रहे थे, तभी गोली चल गई।
घटना मंगलवार सुबह करीब 4.45 बजे की है। ऑपरेशन कर उनके पैर से गोली निकाल दी गई है। एक्टर फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
DCP दीक्षित गेडाम ने दैनिक भास्कर को बताया कि जिस समय घटना हुई उस समय गोविंदा घर में अकेले थे। उनके पास एक लाइसेंसी रिवॉल्वर है। रिवॉल्वर से गलती से गोली चली, जो उनके पैर पर लगी। इस मामले से जुड़ी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। मामले में कुछ भी संदिग्ध नहीं है।
भास्कर के करीबी सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस ने घटना के बाद गोविंदा की रिवॉल्वर जब्त कर ली है। दोपहर में मुंबई पुलिस उनके घर पर जांच के लिए पहुंची है।
गोविंदा खतरे से बाहर
जानकारी के मुताबिक, गोली लगने से उनके पैर से काफी खून बह गया था। इलाज के लिए अंधेरी के क्रिटी केयर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। हॉस्पिटल से जुड़े सुत्रों के अनुसार, शुरुआती इलाज के बाद अब गोविंदा खतरे से बाहर हैं। उनकी बेटी टीना (नर्मदा) फिलहाल अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं। जबकि हादसे के समय उनकी पत्नी सुनीता आहूजा जयपुर में बाबा खाटूश्याम के दर्शन करने गई हुई थीं।
राजस्थान से सुनीता के मैनेजर सौरभ प्रजापति ने बताया- वे खाटूश्याम बाबा के दर्शन करने के लिए 29 सितंबर को आई थीं। 30 सितंबर को दिन में करीब 4.30 बजे मंदिर में दर्शन किए। 1 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे मुंबई लौटने का प्लान था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली।
एक प्रोग्राम में शामिल होने कोलकाता रवाना होने वाले थे
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया है कि वे एक प्रोग्राम के लिए कोलकाता जा रहे थे। 6 बजे की फ्लाइट थी। अलमारी में रिवॉल्वर रखते हुए मिस फायर हुआ और उनके घुटने के नीचे गोली लग गई। उन्हें तुरंत अंधेरी के अस्पताल ले जाया गया। गोली निकाल ली गई है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। घबराने की कोई बात नहीं है।