अंकिता लोखंडे के पति को मिला ये बड़ा रोल, Shah rukh khan को किया इस प्रोजेक्ट से रिप्लेस
नई दिल्ली। आपको साल 1988 में आया शाह रुख खान के सीरियल फौजी तो याद ही होगा? ये वही सीरियल है जिसने शाह रुख खान को पॉपुलैरिटी दिलाई। तब किसी को पता नहीं था कि ये एक्टर एक दिन किंग ऑफ बॉलीवुड कहलाएगा। अब ये टीवी शो 36 साल बाद कमबैक के लिए तैयार है। 1988 में लेफ्टिनेंट कर्नल राज कुमार कपूर ने इसका निर्देशन किया था। यही से वो एक घरेलू नाम बन गए।
गौहर खान भी आएंगी नजर
अब सालों बाद फौजी 2 को लाने की बात की जा रही है जिसमें शाह रुख खान की जगह अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन को लीड के तौर पर कास्ट किया जाएगा। ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी। इसके अलावा उनके साथ शो में गौहर खान भी नजर आएंगी। एक्टिंग करने के अलावा विक्की जैन संदीप सिंह के साथ मिलकर इसे को-प्रोड्यूस भी करेंगे। इसे दूरदर्शन पर प्रसारित किया जाएगा।
12 एक्टर्स को मिली जगह
विक्की जैन इसमें कर्नल संजय सिंह का किरदार निभाएंगे, जबकि गौहर खान लेफ्टिनेंट कर्नल सिमरजीत कौर का रोल निभाएंगी। सिमरजीत हथियारों में विशेषज्ञता रखने वाली एक कैडेट ट्रेनर होगी। इसी के साथ 12 नये एक्टरों को इसमें लॉन्च किया जाएगा। इसमें आशीष भारद्वाज, उत्कर्ष कोहली, रुद्रा सोनी, अमरदीप फोगाट, अयान मनचंदा, नील सतगुप्ता, सुवंश धार, प्रियाशु राजगुरु, अमन सिंह दीप, उदित कपूर, मानषी और सुष्मिता भंडारी जैसे नए कलाकार नजर आएंगे।
कितनी अलग होगी इस बार की कहानी
फिल्म निर्माता संदीप सिंह ने एनआई के हवाले से कहा,"हमने पूरे भारत से सही प्रतिभाओं को चुनने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हमने एक कहानी बनाने के लिए छह महीने तक विचार-मंथन किया, जो दर्शकों में उत्सुकता बनाए रखेगी। फौजी 2 की कहानी आम टेलीविजन की कहानियों से अलग होगी और यही इसे खास भी बनाती है। यह शो भावनाओं से भरा होगा और सेना के जवानों के जीवन, सांस्कृतिक और धार्मिक मतभेदों के बावजूद उनके संबंधों और देश की रक्षा के प्रति उनकी समर्पण को करीब से दर्शाएगा। फौजी 2 साहस और प्रेरणा की कहानी है।”
टाइटल ट्रैक को सोनू निगम ने अपनी आवाज से संवारा है। इस शो में ग्यारह गाने होंगे,जिसके गानों को कंपोज किया है म्यूजिक डायरेक्ट श्रेयस पुराणिक ने। शरद केलकर ने इसमें वॉइस ओवर किया है। फौजी 2 को अभिनव पारिख डायरेक्ट करेंगे।