मनोरंजन

Ekta Kapoor और उनकी मां शोभा के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज, 'गंदी बात' के चलते फंसी मुश्किल में

नई दिल्ली। सिनेमा जगत के दिग्गज अभिनेता जीतेंद्र की बेटी एकता कपूर (Ekta Kapoor) और उनकी पत्नी शोभा कपूर (Shobha Kapoor) मुश्किल में फंस गए हैं। एकता और उनकी मां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वो भी पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत। यह मामला उनकी वेब सीरीज गंदी बात (Gandi Baat) से जुड़ा है।

छोटे पर्दे पर जहां एकता कपूर संस्कारी बहुओं वाले ड्रामे बनाने के लिए मशहूर हैं, वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर वह बोल्ड वेब सीरीज के लिए भी खूब चर्चा में रहती हैं। मां शोभा कपूर के साथ वह ओटीटी प्लेटफॉर्म आल्ट बालाजी (ALT Balaji) चलाती हैं, जहां वह कई बोल्ड सीरीज का निर्माण कर चुकी हैं। अब उनके आल्ट बालाजी में स्ट्रीम होने वाले गंदी बात के सीजन 6 (Gandi Baat Season 6) को लेकर बवाल मचा हुआ है।

पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

मुंबई पुलिस के मुताबिक, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की मालकिन एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ मुंबई के MHB पुलिस स्टेशन में सेक्शन 295-A, आईटी एक्ट और पोक्सो एक्ट के सेक्शंस 13 और 15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत साल 2021 में रिलीज हुए गंदी बात सीजन के कुछ आपत्तिजनक सीन्स के लिए की गई है।

क्या है मामला?

शिकायतकर्ता का आरोप है कि एकता और शोभा निर्मित गंदी बात सीजन 6 के एक एपिसोड में नाबालिग लड़कियों के अश्लील सीन्स दिखाए गए हैं। फिलहाल, ये विवादित एपिसोड ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम नहीं हो रहा है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है। हालांकि, अभी तक एकता कपूर या शोभा कपूर की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

एकता कपूर ने टीवी से शुरू किया था करियर

पिता जीतेंद्र या भाई तुषार कपूर की तरह भले ही एकता कपूर ने अभिनय में हाथ न आजमाया हो, लेकिन टीवी की दुनिया में उन्होंने बतौर प्रोड्यूसर खूब नाम कमाया। वह टीवी की क्वीन कही जाती हैं। मात्र 17 साल की उम्र में उन्होंने साल 1995 में शो हम पांच से बतौर प्रोड्यूसर अपना करियर शुरू किया था।

उन्होंने क्योंकि सास भी कभी बहू थी, कहानी घर घर की, कसौटी जिंदगी की, पवित्र रिश्ता, कुमकुम भाग्य, नागिन, बड़े अच्छे लगते हैं, जोधा अकबर जैसे कई हिट टीवी शोज बनाए। टीआरपी क्वीन एकता कपूर ने शोज के अलावा फिल्मों और वेब सीरीज भी बनाए हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image