निशानेबाज़ी और टैटू पड़ी भारी!
2024-11-07 16:46:26
मुंबई, एण्डटीवी के ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ और ‘भाबीजी घर पर हैं‘ में आगे दिखाई जाने वाली कहानियां किरदारों के लिये रोमांचक मोड़ लेकर आयेंगी। ‘हप्पू की उलटन पलटन’ की कहानी के बारे में बताते हुये योगेश त्रिपाठी ने कहा, ‘‘रणबीर (सौम्य आज़ाद) अपने परिवार वालों को खुशी-खुशी बताता है कि उसका सेलेक्शन तीरंदाजी टीम में हो गया है। अपने बेटे पर गर्व करते हुए, हप्पू अपनी तीरंदाजी की कहानियाँ बढ़ा-चढ़ाकर सुनाने लगता है। एक दिन पुलिस स्टेशन जाते समय, हप्पू देखता है कि एक चोर मंत्री के पीए का पर्स लेकर भाग रहा है। हप्पू और पीए मिलकर चोर का पीछा करते हैं और उसे रोकने की कोशिश में गलती से हप्पू का तीर पीए को ही लग जाता है, जिससे पीए गुस्से में आकर हप्पू को सस्पेंड करवा देता है। इस पर कटोरी अम्मा (हिमानी शिवपुरी) सलाह देती है कि हप्पू की ओर से कमिश्नर (किशोर भानुशाली) पीए से बात करे और हप्पू को सुधारने के लिए सात दिन का मौका दिलवाएं। तय होता है कि सातवें दिन हप्पू एक सेब को कमिश्नर के सिर पर निशाना बनाकर अपनी तीरंदाजी में सुधार साबित करेगा। कमिश्नर के कहने पर पीए मान जाता है। इसके बाद मलाइका (सोनल पवार) हप्पू को ट्रेनिंग देने का जिम्मा उठाती है, लेकिन हप्पू के तीर हर बार निशाने पर लगने के बजाय गब्बर (साहेब दास माणिकपुरी) को ही लगते हैं। जैसे-जैसे आखिरी दिन नजदीक आता है, कमिश्नर डरने लगता है कि कहीं हप्पू उसे ही घायल न कर दे। मलाइका उसे दिलासा देती है कि असल में निशाना वह खुद लगाएगी और हप्पू सिर्फ तीर चलाएगा। आखिरी दिन, जैसे ही मलाइका निशाना लगाने वाली होती है, एक गुंडा उस पर पीछे से हमला कर देता है, और दोनों के बीच जंग छिड़़ जाती है।‘
‘भाबीजी घर पर हैं‘ की कहानी के बारे में बताते हुये, आसिफ शेख ऊर्फ विभूति नारायण मिश्रा ने कहा, ‘‘अंगूरी (शुभांगी अत्रे) और अनीता (विदिशा श्रीवास्तव) अपनी सहेली कलावती से प्रभावित होकर, जो ये कहती है, ‘जो पुरुष अपनी पत्नियों से सच्चा प्यार करते हैं, वे अपनी पत्नियों के नाम का टैटू बनवाते हैं‘, अपने पतियों तिवारी (रोहिताश्व गौड़) और विभूति (आसिफ शेख) को उनके नाम का टैटू बनवाने के लिए दबाव डालती हैं। मजबूरी में, दोनों पति राजी होते हैं और टैटू आर्टिस्ट के पास जाते हैं। लेकिन टैटू आर्टिस्ट उनकी ड्रिंक्स में नींद की गोलियाँ मिला देता है, ताकि उन्हें टैटू बनवाते समय दर्द महसूस न हो। सेशन के दौरान एक गलती हो जाती है और टैटू बनाते समय नाम गलत हो जाते हैं। जब दोनों होश में आते हैं, तो देखते हैं कि तिवारी के सीने पर अनीता के नाम का टैटू है, जबकि विभति के सीने पर अंगूरी का नाम छप गया है। घबराकर दोनों एक प्लास्टिक सर्जन के पास जाते हैं, लेकिन वह शहर में नहीं है। जब उनके पास कोई और रास्ता नहीं होता, तो वे चुपचाप घर वापस लौट जाते हैं।
तभी सक्सेना (सानंद वर्मा), जो हाल ही में सिलाई का काम करने लगा है, उनके शर्ट के नाप लेने आता है। वह तिवारी और विभूति से शर्ट उतारने को कहता है, जिससे वे घबराकर घर से भाग जाते हैं। बाहर जाकर, वे पुलिस से टकरा जाते हैं, जो हाल ही में शर्ट चोरी की बढ़ती घटनाओं के कारण सभी पुरुषों को बिना शर्ट के चलने का आदेश देती है। जब पुलिस उनसे पूछताछ करती है, तो तिवारी और विभूति समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन अंत में उन्हें भागना पड़ता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अंगूरी और अनीता अपने पतियों के टैटू में हुई इस गड़बड़ी पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं!‘‘
‘हप्पू की उलटन पलटन‘ में रात 10 बजे और ‘भाबीजी घर पर हैं‘ में रात 10:30 बजे अपने पसंदीदा किरदारों को देखते रहिये, हर सोमवार से शुक्रवार, सिर्फ एण्डटीवी पर