मनोरंजन

अल्लू अर्जुन ने CM रेवंत रेड्डी और ओवैसी के आरोप पर किया पलटवार, बोले- मेरा चरित्र हनन किया जा रहा, दोनों ने संध्या थिएटर हादसे के लिए अभिनेता को बताया था जिम्मेदार

संध्या थिएटर हादसे (Sandhya Theatre Incident Case) में तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी (Revanth Reddy) और AIMIM विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी द्वारा अल्लू अर्जुन को जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद अभिनेता ने भी पलटवार किया है। अल्लू अर्जुन ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- पुष्पा 2 के प्रीमियर में हैदराबाद में हुई भगदड़ के लिए मुझे जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। कुछ लोग जानबूझकर मेरा चरित्र हनन कर रहे हैं। मैं 20 साल से इंडस्ट्री में हूं। मैंने जो सम्मान और विश्वसनीयता कमाई है, उसे एक दिन में नुकसान पहुंचाया गया है। इस वजह से मैं अपमानित महसूस कर रहा हूं।

एक्टर अल्लू अर्जुन ने एक बार संध्या थिएटर में भगदड़ को दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना बताते हुए अभिनेता ने पीड़ित परिवार को संबोधित किया और अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी और अकबरुद्दीन ओवैसी द्वारा विधानसभा में की गई टिप्पणियों का जवाब दिया।

सभी आरोपों का एक-एक कर दिया जवाब

अल्लू अर्जुन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसी नेता का नाम लिए बिना जवाब दिया कि मेरा मकसद दर्शकों को अच्छा मनोरंजन देना है, जिससे वह खुश होकर थिएटर से बाहर आएं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मैं किसी को दोष देने या किसी राजनीतिक पार्टी पर आरोप लगाने के लिए नहीं आया हूं, बल्कि यह बताने आया हूं कि इस मामले में बहुत सारी गलत जानकारी, गलत आरोप और अफवाह फैलाई जा रही हैं। मैंने इस फिल्म (पुष्पा-2) में तीन साल लगाए और उसे देखने गया था, यह मेरी सबसे बड़ी सीख है। मुझे अपनी फिल्मों को थिएटर में देखना बहुत जरूरी लगता है, जिससे मैं आने वाली फिल्मों के लिए कुछ सीख सकूं। मैंने वहां अपनी 7 फिल्मों को देखा है। यह कोई रोड शो या जुलूस नहीं था, बस लोग बाहर खड़े थे। मैंने हाथ हिलाया क्योंकि यह सम्मान दिखाने का तरीका था। सबको पता है कि जब फैंस आपको देख लेते हैं, तो वे शांत हो जाते हैं और धीरे-धीरे चले जाते हैं। उन्होंने रास्ता साफ किया और मेरी कार अंदर आई, फिर मैं थिएटर में गया था।

तेलंगाना विधानसभा में भी उठा सांथ्या थिएटर हादसा मामला

दरअसल पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के दौरान सांथ्या थिएटर में भगदड़ की घटना का मुद्दा तेलंगाना विधानसभा में भी उठा। इस घटना पर एमआईएम विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और अल्लू अर्जुन का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि अभिनेता को घटना के बारे में जब बताया गया तो उन्होंने कहा ‘अब फिल्म हिट होगी’। अकबरुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाते हुए गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के लिए अल्लू अर्जुन की आलोचना की। अकबरुद्दीन ने मांग की कि सरकार ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने सरकार से ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए कदम उठाने को कहा।

एमआईएम विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने लगाए कई गंभीर आरोप

 

AIMIM विधायक ने आगे कहा, “एक महिला की मौत होने के बावजूद फिल्म स्टार ने पूरी पिक्चर देखी और बाद में थिएटर से जाते वक्त भी उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया और घटना का संज्ञान नहीं लिया। गाड़ी में बैठे और लोगों की तरफ हाथ हिलाया। इससे एक ऐसा मैसेज दिया जा रहा है कि सरकार जुल्म कर रही है (अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर के). इंसानियत कहां है? मैं भी जनसभा करने जाता हूं और हजारों लोग मुझे देखने आते हैं. लेकिन मैं सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखता हूं कि भीड़ में किसी को चोट न आए।

हादसे के लिए अभिनेता ही पूरी तरह जिम्मेदारः मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी

 

वहीं हादसे पर बोलते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी भगदड़ के मामले में विधानसभा में एक्टर की लापरवाही को जिम्मेदार बताया था। सीएम ने कहा था- अल्लू अर्जुन लापरवाह थे और मौत की सूचना मिलने के बावजूद थिएटर से बाहर नहीं निकले।हादसे में जान गंवाने वाली महिला रेवती ने अपने बेटे श्रीतेज का हाथ इतनी मजबूती से पकड़ा था कि पुलिस उन्हें अलग नहीं कर पाई। पीड़ित परिवार हर माह 30 हजार रुपए कमाता है, लेकिन हर टिकट पर ₹3000 खर्च करता है, सिर्फ इसलिए क्योंकि बेटा अल्लू अर्जुन का फैन है। जब तक मैं मुख्यमंत्री हूं, राज्य में कोई भी बेनिफिट शो या टिकट की कीमतों में इजाफे की अनुमति नहीं दी जाएगी।

संध्या थिएटर भगदड़ में हुई थी महिला की मौत

बता दें कि संध्या थिएटर में 4 दिसंबर को पुष्पा 2 फिल्म का प्रीमियर रखा गया था। यहां अभिनेता अल्लू अर्जुन पहुंचे थे, जिनकी एक झलक पाने को प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान थिएटर में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। उसके को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इसी मामले में चिक्कड़पल्ली पुलिस ने 13 दिसंबर की दोपहर को अल्लू अर्जुन को उनके आवास से गिरफ्तार किया था।

अल्लू अर्जुन ने घटना के लिए मांगी थी माफी

जेल से बाहर निकलने के बाद अल्लू अर्जुन ने मीडिया संग बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं. जो कुछ भी हुआ उसके लिए सॉरी, मैं कानून में यकीन रखता हूं। दुर्घटना अनजाने में हुई थी। मैं मृत महिला के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। अगर लॉ इस केस को देख रहा है तो मैं बीच में टिप्पणी नहीं करूंगा। सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। मैं आज यहां आप लोगों के सपोर्ट की वजह से हूं। मैं अपने फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मैं पुलिस के साथ सहयोग करूंगा।

अल्लू अर्जुन पर गैर इरादतन हत्या का केस, जेल भी गए थे

 

मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 105 (गैर-इरादतन हत्या) और 118(1) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत अल्लू अर्जुन, उनकी सिक्योरिटी टीम और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ चिक्काडपल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया था। अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर को दोपहर 12 बजे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद 4 बजे उन्हें लोकल कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया था। अल्लू ने अंतरिम जमानत के लिए तेलंगाना हाईकोर्ट में अपील की थी। शाम 5 बजे उन्हें 50 हजार रुपए के पर्सनल बॉन्ड पर अंतरिम जमानत मिल गई थी। इसी दौरान अल्लू को चंचलगुडा सेंट्रल जेल ले जाया गया था। वहां उन्हें क्लास-1 बैरक में रखा गया था। इसके बाद अल्लू को 14 दिसंबर की सुबह करीब 6.30 बजे चंचलगुडा सेंट्रल जेल से रिहा किया गया। उनके पिता अल्लू अरविंद और ससुर कंचरला चंद्रशेखर रेड्डी उन्हें लेने जेल पहुंचे थे।

Leave Your Comment

Click to reload image