मनोरंजन

Aamir Khan के बेटे जुनैद के साथ इश्क फरमाती नजर आएंगी Khushi Kapoor, तय हुई फिल्म की रिलीज डेट

नई दिल्ली। आमिर खान के बेटे जुनैद खान और जाह्नवी कपूर की बहन खुशी कपूर एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। खुशी कपूर का ये थिएट्रिकल डेब्यू भी होगा। इससे पहले दोनों अलग-अलग फिल्मों के जरिए ओटीटी डेब्यू कर चुके हैं।

क्या है फिल्म का टाइटल?

अभी तक फिल्म का टाइटल तय नहीं हुआ था लेकिन अब फाइनली इसे रिलीज डेट और टाइटल भी मिल गया है। फिल्म का नाम लवयापा (Loveyapa) है। नए पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट भी जारी कर दी गई है। यह 7 फरवरी, 2025 को स्क्रीन पर आएगी। इसका निर्देशन अद्वैत चंदन करेंगे। इस फिल्म के जरिए दोनों स्टार किड पहली बार स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।

सोशल मीडिया पर मेकर्स ने दी जानकारी

फिल्म की शूटिंग मुंबई और दिल्ली समेत अन्य लोकेशन पर की जा रही है। फैंटम ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा,'7 फरवरी, 2025 को सिनेमाघरों में। लवयापा खुशी कपूर, जुनैद खान। अद्वैत चंदन द्वारा निर्देशित।' पोस्ट को कैप्शन दिया गया, 'सिचुएशनशिप? रिलेशनशिप? प्यार का स्यापा? हां लवयापा? 7 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में मिलते हैं'।

इसे देखकर ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि लवयापा एक मॉडर्न रोमांस की कहानी होगी जिसमें प्यार और उसकी उलझनों की कहानी दिखाई जाएगी।

तमिल फिल्म का होगी रीमेक?

जानकारी के मुताबिक लवयापा 2022 की तमिल हिट लव टुडे का रीमेक है, जिसे प्रदीप रंगनाथन ने निर्देशित किया था। वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो जुनैद खान को इससे पहले महाराज में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ शालिनी पांडे और जयदीप अहलावत भी नजर आए थे। इस फिल्म में धर्म के नाम पर हो रही कुरीतियों की कहानी दिखाई गई है। वहीं खुशी को जोया अख्तर की द आर्चीज में देखा गया था। इस मूवी में उनके साथ सुहाना खान, अगस्त्य नंदा और अन्य एक्टर्स नजर आए थे।

बता दें कि इस प्रोजेक्ट को दो बड़े प्रोडक्शन हाउस सपोर्ट कर रहे हैं। इनमें एक है 'फैंटम स्टूडियोज' और दूसरा है 'AGS एंटरटेनमेंट'। 'फैंटम स्टूडियोज' को मनमर्जियां, सुपर 30 और क्वीन जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।

Leave Your Comment

Click to reload image