नई दिल्ली। शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) फिल्मों में जबरदस्त एक्शन करने के लिए जाने जाते हैं। नए साल में फैंस उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म देवा (Deva Movie) का इंतजार कर रहे हैं। बीते दिन मेकर्स ने मूवी से उनका मोशन पोस्टर जारी किया, जिसे देखने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट डबल हो गई। इसके बाद, 5 जनवरी को सरप्राइज देते हुए जी स्टूडियो और रॉय कपूर फिल्म्स की ओर से देवा का टीजर जारी कर दिया गया है।
टीजर में क्या खास देखने को मिला?
देवा के टीजर (Deva Teaser Out) की शुरुआत में ही शाहिद कपूर को डांस करते हुए देखा गया। डांसिंग स्टेप दिखाने के बाद फिर शाहिद अपने मिशन पर निकलते हैं और किसी केस के सिलसिले में अपराधी को पकड़ते नजर आते हैं। इस दौरान हाथ में बंदूक पकड़े उन्हें एक्शन करते हुए भी देखा गया।
फिल्म में अभिनेता एक पुलिस अधिकारी के किरदार की भूमिका अदा कर रहे हैं। टीजर के अंत में एक रोचक लाइन सुनाई दी, जिसमें कहा गया 'आला रे आला देवा आला।' फिल्मों में मजबूत कैरेक्टर की भूमिका निभाने वाले शाहिद का अपकमिंग फिल्म में रोल भी कमाल का होने वाला है। इस बात का अंदाजा टीजर वीडियो को देखकर लग गया है।
शाहिद के साथ पूजा हेगड़े भी आएगी नजर
टीजर में पूजा हेगड़े की एक छोटी सी झलक देखने को मिली। शाहिद के साथ वह स्टेज पर डांस करते नजर आ रही हैं, लेकिन उनका चेहरा साफ तौर पर नहीं दिखाया गया है। हालांकि, फैंस ने इससे ही अंदाजा लगा लिया कि वह पूजा हेगड़े ही हैं। बता दें कि देवा में शाहिद कपूर एक पुलिस अधिकारि की रोल में नजर आएंगे। वहीं, पूजा हेगड़े एक पत्रकार की भूमिका अदा कर रही हैं। इसके साथ ही, प्रवेश राणा, कुब्रा सैत और पावेल गुलाटी भी लीड रोल की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फैंस को पसंद आया देवा का टीजर
शाहिद कपूर ने देवा के टीजर का वीडियो इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है, जिसके कमेंट सेक्शन में फैंस अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। प्रशंसकों को मूवी से एक्टर का अवतार दमदार लगा। एक यूजर ने लिखा, जबरदस्त एक्शन। वहीं, दूसरे ने कहा, शाहिद भाई पुराने अवतार में लौट आए हैं। टीजर वीडियो ने इंटरनेट पर आते ही धमाल मचा दिया है।
इस दिन सिनेमाघरों में आएगी देवा
शाहिद कपूर की मच अवेटेड फिल्म देवा का इंतजार फैंस बीते साल से कर रहे हैं। हालांकि, अब इसके रिलीज होने में ज्यादा समय बाकी नहीं है। टीजर वीडियो के साथ भी मेकर्स ने बता दिया है कि फिल्म 31 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि शाहिद की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार की स्काई फोर्स को टक्कर दे पाती है या नहीं।