Golden Globe में चूकने के बाद Payal Kapadia के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, इस इंटरनेशनल अवॉर्ड में हुई नॉमिनेट
नई दिल्ली। ऑल वी इमेजिन एज लाइट फिल्म (All We Imagine As Light) की निर्देशक पायल कपाड़िया (Payal Kapadia) लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज के बाद से ही उनकी झोली में कई अवॉर्ड आ चुके हैं। हाल ही में 82वें गोल्ड ग्लोब अवॉर्ड्स (Golden Globes Awards) के लिए फिल्म को नामांकन मिला था। हालांकि, पायल की मूवी को खिताब जीतने में सफलता नहीं मिली। इसके बाद अब एक और प्रतिष्ठित अवॉर्ड देने के लिए उनका नाम लिस्ट में शामिल किया गया है।
ऑल वी इमेजिन एज लाइट फिल्म का जादू विदेशों में भी देखने को मिला है। इस बेहतरीन फिल्म को बनाने के लिए पायल की सभी तारीफ कर रहे हैं। इस बीच डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका (Directors Guild of America Awards) यानी डीजीए ने अपने आगामी 2025 के अवॉर्ड की लिस्ट जारी की है।
पायल कपाड़िया को मिला प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए नामांकन
वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, पायल कपाड़िया को उनकी चर्चित फिल्म के लिए निर्देशक कैटेगरी में नामांकन मिला है। डीजीए अवॉर्ड्स (DGA Awards) में डायरेक्टर पायल के नामांकन मिलने की खबर उस समय सामने आई है, जब वह गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में बेस्ट डायरेक्टर मोशन पिक्चर श्रेणी में अवॉर्ड जीतने से रह गई।
किससे होगा पायल कपाड़िया का मुकाबला
पायल कपाड़िया को ऑल वी इमेजिन एज लाइट के लिए नॉमिनेट किया गया है। वहीं, उनके अलावा इस श्रेणी में कई अन्य निर्देशकों को भी नामांकित किया गया है। बता दें कि इस कैटेगरी में उन्हें टक्कर देते हुए 'माई ओल्ड ऐस' के लिए मेगन पार्क, 'निकेल बॉयज' के लिए रेमेल रॉस, 'आर्मंड' के लिए हाफडान उल्मन टांडेल और 'डिडी' के लिए सीन वांग नजर आएंगे।
इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं फिल्म
इन दिनों पायल की फिल्म की खूब चर्चा चल रही है। इसके बाद उन लोगों के मन में भी फिल्म को देखने की इच्छा पैदा हो गई है, जिन्होंने मूवी को मिस कर दिया है। अगर आप ऑल वी इमेजिन एज लाइट को देखना चाहते हैं तो इसका लुफ्त ओटीटी (All We Imagine As Light OTT) पर उठाए। बता दें कि यह पॉपुलर फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर मौजूद है।
बाफ्टा लॉन्ग लिस्ट में भी आया पायल की फिल्म का नाम
हाल ही में बाफ्टा लॉन्ग लिस्ट सामने आई। ब्रिटिश एकेडमी ऑफ एंड टेलिवीजन अवॉर्ड्स में ऑल वी इमेजिन एज लाइट फिल्म का नाम तीन कैटेगरी में शामिल किया गया है। इस फिल्म का नाम बेस्ट डायरेक्टर, फिल्म नॉट इन इंग्लिश कैटेगरी और बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले श्रेणी में सामने आया है।