मनोरंजन

सानंद वर्मा ने 150 महिला किरदारों को निभाने के अनुभव पर की बात!

मुंबई, जनवरी 2025: एण्डटीवी का कल्ट कॉमेडी ‘भाबीजी घर पर हैं‘ अपनी मजेदार कहानियों और यादगार किरदारों के जरिये लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। अनोखे लाल सक्सेना, इनमें से ही एक किरदार हैं, जिसे संजीदा अभिनेता सानंद वर्मा निभा रहे हैं। अपनी बेजोड़ कॉमिक टाइमिंग और अनोखे किरदारों को निभाने की काबिलियत के लिए मशहूर सानंद ने शो में 150 से ज्यादा महिला किरदार निभाकर कॉमेडी में एक नया मानदंड स्थापित किया है। उनकी यात्रा का एक खास पड़ाव वह कहानी थी, जिसमें उन्होंने लगातार चार अलग-अलग महिला किरदारों के रूप धारण किए। इस बेमिसाल उपलब्धि पर बात करते हुये सानंद वर्मा ऊर्फ अनोखे लाल सक्सेना ने कहा, ‘‘भाबीजी घर पर हैं‘ का हिस्सा होना मेरा सौभाग्य है। इस शो ने मुझे बतौर ऐक्टर नये डायमेंशन्स को एक्सप्लोर करने की प्रेरणा दी। 150 से ज्यादा महिला किरदारों को निभाना एक रोमांचक अनुभव है और जब मुझे उस कहानी के बारे में बताया गया, जिसमें मुझे चार अलग महिला किरदारों में ढ़लना था, तो मैं बहुत खुश और नर्वस भी था। किरदार को सही तरीके से निभाना और उसके अलग-अलग गुणों को दिखाना बड़ी जिम्मेदारी होती है, ताकि वे एक-दूसरे से मिलते-जुलते न दिखें।

महिला किरदारों को निभाने की चुनौती पर सानंद वर्मा ने कहा, ‘‘महिला के भेष में ढलना सिर्फ कपड़े पहनने या मेकअप करने तक सीमित नहीं है। यह शरीर की भाषा, हाव-भाव, चेहरे के एक्सप्रेशन्स, आवाज़ के उतार-चढ़ाव और आदतों को समझने और सही तरीके से निभाने का काम है। ऊँची एड़ी के जूते पहनना, साड़ी या ड्रेस पहनना और डायलॉग्स को आत्मविश्वास के साथ बोलना कोई आसान काम नहीं है। इसके लिए बहुत धैर्य की जरूरत होती है, खासकर जब शूटिंग घंटों तक चलती है। कभी-कभी तो मेकअप करने में ही घंटों लग जाते हैं, और फिर भी उसी ऊर्जा और हास्य के साथ अभिनय करना असल में एक बड़ी परीक्षा होती है।

उस खास कहानी को याद करते हुए सानंद ने कहा, “मैंने जो चार किरदार निभाए, उनमें हर एक की अपनी अलग पहचान और स्टाइल थी, जिससे यह प्रक्रिया और भी चुनौतीपूर्ण और मजेदार बन गई। एक पारंपरिक भारतीय गृहिणी से लेकर एक आधुनिक अदाकारा तक, हर किरदार में अलग विशेषता थी। सबसे मजेदार बात थी कि मेरे को-स्टार्स और क्रू की प्रतिक्रिया! मेरी इस हालत को देखकर वो अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे थे। कॉमेडी एक चुनौतीपूर्ण शैली है, लेकिन यह बेहद संतोषजनक भी है। लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाना मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। मैं उन महान हास्य कलाकारों से प्रेरणा लेता हूं, जिन्होंने बहुमुखी प्रतिभा में महारत हासिल की है। अपने किरदारों में प्रामाणिकता बनाए रखने के लिए, मैं अपने आस-पास के लोगों का अवलोकन करता हूं, उनकी आदतों को समझता हूं और उन्हें अपनी प्रदर्शन में शामिल करने की कोशिश करता हूं। यह कहानी विशेष रूप से जीवन भर में एक बार मिलने वाला अवसर था, और मैं निर्माता के उस विश्वास के लिए आभारी हूं, जिन्होंने मुझे इतने चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने का मौका दिया।‘‘

सानंद वर्मा को अनोखे लाल सक्सेना के रूप में देखिये ‘भाबीजी घर पर हैं’ में हर सोमवार से शुक्रवार, रात 10:30 बजे सिर्फ एण्डटीवी पर!

Leave Your Comment

Click to reload image