नई दिल्ली। 16 के साल के लंबे इंतजार के बाद सुपरस्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और कॉमेडी मूवीज के बादशाह निर्देशक प्रियदर्शन एक साथ वापस आने के वाले है। 2024 में इनकी अपकमिंग फिल्म भूत बंगला (Bhooth Bangla) का एलान हुआ है और तब से लेकर अब तक ये हॉरर कॉमेडी फिल्म चर्चा में बनी हुई है।
भूत बंगला की स्टार कास्ट को लेकर पहले भी तरह-तरह की खबरें सामने आई हैं, अब बताया जा रहा है कि इस मूवी में हिंदी सिनेमा की एक दिग्गज एक्ट्रेस चुड़ैल का किरदार निभाती हुई नजर आएगी। आइए जानते हैं कि वह अदाकारा आखिर कौन है।
भूत बंगला में दिखेंगी ये एक्ट्रेस
आने वाले समय में अक्षय कुमार के पास कई फिल्में पाइपलाइन में हैं। उनमें से सबसे अधिक अगर किसी फिल्म का फैंस इंतजार कर रहे हैं तो उसका नाम भूत बंगला है। सिर्फ निर्देशक प्रियदर्शन ही नहीं बल्कि इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों के साथ अक्की की वापसी हो रही है, जिनमें राजपाल यादव, असरानी और परेश रावल के नाम भी शामिल हैं।
अब इस कड़ी में एक्ट्रेस तब्बू (Tabu) का नाम भी जुड़ रहा है, जो इससे पहले प्रियदर्शन की हेरा-फेरी में अक्षय के साथ नजर आ चुकी हैं। जी हां भूत बंगला में अपनी एंट्री खुद तब्बू ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लेटेस्ट पोस्ट के जरिए कन्फर्म की है। उन्होंने उस पोस्ट में भूत बंगला का क्लैपर बोर्ड शामिल रखा है।
इस अनाउंसमेंट के बाद से फैंस की एक्साइटमेंट भूत बंगला के लिए काफी बढ़ गई है। तब्बू और अक्षय कुमार को किसी कॉमेडी फिल्म में देखने के लिए सिनेप्रेमी बेताब नजर आ रहे हैं। बता दें कि इससे पहले तब्बू गोलमाल अगेन और भूल भुलैया 2 जैसी हॉरर कॉमेडी का हिस्सा बन चुकी हैं।
कब रिलीज होगी भूत बंगला
अक्षय कुमार को आखिरी बार साल 2010 में आई फिल्म खट्टा-मीठा में प्रियदर्शन के साथ काम करते देखा गया था। अब वह 2026 में वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दरअसल 2 अप्रैल 2026 को हॉरर कॉमेडी भूत बंगला (Bhoot Bangla Release Date) को बड़े पर्दे पर रिलीज किया जाएगा।
इस मूवी में तब्बू के अलावा एक्ट्रेस वामिका गब्बी भी नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में तीन एक्ट्रेस होंगी, जोकि तीनों चुड़ैल की भूमिका में दिखाई दे सकती हैं। हालांकि, अभी तीसरी एक्ट्रेस के नाम का एलान होना बाकी है।