नई दिल्ली। साढ़े तीन महीने की जर्नी के बाद आखिरकार विवादित शो बिग बॉस सीजन 18 को अपना विनर मिल गया है। रोमांस, दोस्ती और दुश्मनी के सफर को असल जिंदगी में जी कर करणवीर मेहरा (Karanveer Mehra) ने ट्रॉफी हासिल की। करण के कॉम्पटीटर विवियन डीसेना (Vivian Dsena) टॉप 2 में रहे।
विवियन डीसेना शुरू से ही बिग बॉस के लाडले कहे जा रहे थे। ऐसे में पूरी उम्मीद जताई जा रही थी कि सीजन की ट्रॉफी वही लेकर जाएंगे। मगर ऐन मौके पर वोटिंग की गणित ने सारा खेल बिगाड़ दिया। ज्यादा वोट के साथ करण सीजन के विनर रहे और विवियन फर्स्ट रनर-अप बने।
हार पर विवियन को नहीं पछतावा
करणवीर मेहरा से बिग बॉस सीजन 18 की ट्रॉफी हारने के बाद विवियन डीसेना को कैसा महसूस हो रहा है, उनका पहला रिएक्शन सामने आ गया है। बिग बॉस से निकलते ही उन्होंने मीडिया संग बातचीत में अपनी हार पर बात की है और बताया है कि उन्हें किस बात का पछतावा है। इंस्टैंट बॉलीवुड को दिए इंटरव्यू में ट्रॉफी हारने पर विवियन डीसेना ने कहा कि उन्हें विनर न बनने का पछतावा नहीं है क्योंकि वह किस्मत पर भरोसा करते हैं।
विवियन डीसेना ने आगे कहा, "मैं आखिरी इंसान होना चाहिए जिसको करियर को लेकर कोई शिकायत होनी चाहिए। जो भी कुछ भी जिंदगी में होता है, शायद हमें आज पता नहीं चलता है लेकिन कल या परसो पता चलेगा। जो होगा अच्छे के लिए होगा। पॉजिटिविटी पर ध्यान देते हैं।" विवियन ने कई सेलेब्स के सपोर्ट पर हैरानगी भी जताई और कहा कि जिन्हें वह जानते नहीं थे, उन्होंने भी विवियन को सपोर्ट किया।
करणवीर से था छत्तीस का आंकड़ा
यूं तो विवियन और करण कई बार कह चुके हैं कि दोनों 14 साल से दोस्त थे, लेकिन बिग बॉस हाउस में उनके बीच हमेशा छत्तीस का आंकड़ा देखने को मिला। शो में दोनों कई बार एक-दूसरे से झगड़ चुके हैं और उनकी दोस्ती पर भी सवाल उठा। ग्रैंड फिनाले से पहले भी करण और विवियन का झगड़ा हुआ था। शो के विनर ने एक्टर की बेटी को लेकर कमेंट कर दिया था जिससे विवियन भड़क गए थे।