चाहत पांडे से नजदीकियों पर Rajat Dalal ने तोड़ी चुप्पी, दोस्त Elivish Yadav को बताया दिल का हाल
नई दिल्ली। बिग बॉस 18 का जिक्र होते ही कुछ कंटेस्टेंट्स का नाम सबसे पहले याद आता है। इसमें चाहत पांडे और रजत दलाल का नाम भी शामिल है। रजत को बिग बॉस की ट्रॉफी का हकदार भी माना जा रहा था, लेकिन सलमान खान के शो के 18वें सीजन को एक्टर करणवीर मेहरा ने जीता। विनर के नाम पर बहस अभी तक चलती है, क्योंकि वोटिंग ट्रेंड में विवियन डीसेना और रजत दलाल (Rajat Dalal) के बीच टक्कर देखने को मिली थी। अब रजत अपने दोस्त एल्विश यादव (Elvish Yadav) के पॉडकास्ट में नजर आए।
बिग बॉस हाउस के अंदर रजत और चाहत के बीच अलग बॉन्डिंग देखने को मिली थी। चाहत के साथ उनकी बातचीत को फैंस ने खूब पसंद किया। दोनों के बीच झगड़े से लेकर हंसी-मजाक खूब देखने को मिला। बिग बॉस 18 खत्म होने के बाद भी दोनों के नाम का हैशटेग सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहा। अब फाइनली रजत ने खुद एक्ट्रेस चाहत पांडे के साथ अपने रिश्ते पर रिएक्शन दिया है।
करणवीर की जीत से हैरान हुए रजत दलाल
करणवीर की जीत से रजत हैरान जरूर हैं। इस बात का अंदाजा उनके जवाब से मिलता है। एल्विश ने पॉडकास्ट में सवाल किया कि विवियन डीसेना को एमसी स्टेन और मुनव्वर फारुकी जैसे लोग सपोर्ट कर रहे थे। वहीं, रजत को हम और हमारी टीम। लेकिन, करणवीर को किसका समर्थन मिला? इसके जवाब में उन्होंने बेबाकी के साथ कहा, करणवीर को सॉफ्टवेयर ने सपोर्ट किया है।
चाहत पांडे के साथ नाम जुड़ने पर क्या बोले रजत?
एल्विश ने सवाल किया कि चाहत पांडे (Chahat Pandey) आपको कैसे लगती हैं? यह सवाल सुनते ही रजत जवाब देते हैं कि भाई हाथ जोड़कर सभी से निवेदन है, चाहत वाली चीज को प्लीज राहत दे दो। बता दें कि चाहत के नाम के साथ उनका नाम मिलाकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने #RaHat ट्रेंड करवाया था। हालांकि, रजत ने साफ कर दिया है कि वह किसी तरह के रिश्ते में उनके साथ नहीं है। बीबी हाउस के अंदर भी उन्होंने इस बात को स्वीकार किया था कि घर के बाहर उनका किसी के साथ मजबूत रिश्ता है।
रजत दलाल ने दिग्विजय राठी के बारे में भी बताया कि उन्होंने शो के अंदर आकर अपनी इज्जत को डुबो दिया है। वह बहुत मजबूत किरदार के तौर पर शो के अंदर आया था, लेकिन बिग बॉस के अंदर कुछ खास करने में कामयाब नहीं हो पाया।