इश्क के रंग में रंग जाइए, क्योंकि एंड पिक्चर्स लेकर आ रहा है ‘फुल ऑन इश्क’ फिल्म फेस्टिवल
मुंबई, फरवरी, 2025: इस प्यार भरे मौसम में, एंड पिक्चर्स आपके लिए लेकर आया है ‘फुल ऑन इश्क’, एक खास फिल्मी सफर, जो 9 से 14 फरवरी तक हर दोपहर मोहब्बत का नया एहसास कराएगा। हर दिन आपको देखने को मिलेंगी ऐसी कहानियां, जो इश्क के हर रंग को महसूस कराएंगी। इस रोमांटिक सफर का बेहतरीन अंजाम होगा 14 फरवरी को दोपहर 2 बजे ‘किसको था पता’ के चैनल प्रीमियर के साथ। यह एक ऐसी फिल्म है, जो प्यार की अनजानी, जुनूनी और हैरतअंगेज़ परिभाषा को सामने लाती है। वैलेंटाइन्स डे पर इससे बेहतर फिल्म और क्या होगी।
‘किसको था पता’ एक दिल छू लेने वाली कहानी है, जिसका निर्देशन रत्ना सिन्हा ने किया है। फिल्म की कहानी रायपुर की खूबसूरत गलियों में घूमती है और इसमें मोहब्बत, जुनून और दर्द का दिलचस्प ताना-बाना बुना गया है। फिल्म में अशनूर कौर, अक्षय ओबेरॉय और आदिल खान अहम् किरदारों में हैं। यह कहानी श्रेया (अशनूर कौर) पर आधारित है, जो प्यार और जज़्बातों के मुश्किल सफर से गुजरती है। देवांश (अक्षय ओबेरॉय) का किरदार दिल टूटने की तकलीफ और उससे उबरने की जद्दोजहद दिखाता है, वहीं धैर्य (आदिल खान) एक बिंदास बाइकर है, जो प्यार को अपने ही अंदाज़ में जीता है। फिल्म मोहब्बत, तकदीर और ज़िंदगी के फैसलों की दिलचस्प दास्तान पेश करती है।
डायरेक्टर रत्ना सिन्हा कहती हैं, “किसको था पता, प्यार की अनिश्चितता में डूबती-उतरती एक गहरी कहानी है। यह जज़्बात, फैसलों और तकदीर के उस खेल के बारे में बात करती है, जो हमारे रिश्तों को आकार देते हैं। प्यार हमेशा आसान नहीं होता, और यह फिल्म उसके अनछुए पहलुओं को खूबसूरती से दिखाती है। मुझे खुशी है कि दर्शक इस कहानी को वैलेंटाइन्स डे पर एंड पिक्चर्स पर देखेंगे, क्योंकि यही वह दिन है, जब हम इस एहसास का जश्न मनाते हैं।”
अशनूर कौर कहती हैं, “श्रेया की कहानी खुद को समझने, दिल टूटने और मज़बूत बनने की है। यह किरदार हर किसी को अपनी मोहब्बत की किसी न किसी याद से जोड़ देगा, चाहे वह पहली बार दिल लगाने की खुशी हो या फिर उसे खोने का दर्द। इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक जज़्बाती सफर था, और मैं चाहती हूँ कि दर्शक इससे उसी गहराई से जुड़ें, जैसे मैंने किया। एंड पिक्चर्स हमेशा शानदार कहानियां लाता है, और ‘किसको था पता’ ऐसी ही एक फिल्म है, जो लोगों के दिलों में बस जाएगी।”
अक्षय ओबेरॉय कहते हैं, “देवांश की कहानी मोहब्बत में टूटने, खुद को समेटने और नए रास्ते तलाशने की है। वह एक ऐसा शख्स है, जिसने शिद्दत से प्यार किया, तकलीफ सही और अब खुद को फिर से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। यह किरदार निभाना मेरे लिए मुश्किल भी था और सुकून देने वाला भी। दर्शकों को उसकी तड़प, उसकी उम्मीद और उसके सफर को महसूस करने का इंतजार रहेगा। वैलेंटाइन्स डे मोहब्बत का जश्न है, और ‘किसको था पता’ बताता है कि प्यार हमेशा मुकम्मल नहीं होता, लेकिन इसका होना ही मायने रखता है। एंड पिक्चर्स ने इसे पेश करने के लिए बेहतरीन मंच दिया है।”
आदिल खान कहते हैं, “धैर्य का किरदार फिल्म में एक नई ताज़गी लेकर आता है। वह प्यार को बंधनों से परे देखता है, बिना किसी उम्मीद या शर्तों के। उसकी कहानी उम्मीद, खुशी और हर लम्हे को खुलकर जीने की सीख देती है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक उसके जोश और जज़्बे को पसंद करेंगे। एंड पिक्चर्स हमेशा दिल छू लेने वाली कहानियां पेश करता आया है, और ‘किसको था पता’ भी उन्हीं में से एक है। मैं दर्शकों को इस खूबसूरत सफर में शामिल होते हुए देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
‘किसको था पता’ के साथ, ‘फुल ऑन इश्क’ फिल्म फेस्टिवल में कुछ बेहतरीन रोमांटिक फिल्मों का मज़ेदार कलेक्शन भी शामिल है। तैयार हो जाइए उन कहानियों के लिए जो मोहब्बत की अनगिनत परिभाषाएं सामने लाएंगी, जैसे कि ‘रमैया वस्तावैया’, ‘सनम तेरी कसम’, ‘गीता गोविंदा’, ‘सत्यप्रेम की कथा’ और ‘शादी में ज़रूर आना’। हर फिल्म आपको मोहब्बत के अनोखे सफर पर ले जाएगी।
तो इस वैलेंटाइन्स वीक, एंड पिक्चर्स पर हर दोपहर मिलेगा इश्क का बेहतरीन डोज़ 9 से 14 फरवरी, 2025 तक, हमारे साथ जुड़िए और मोहब्बत के इस जादू को महसूस कीजिए।