मनोरंजन

Ranveer Allahbadia विवाद के बीच चर्चा में आए Kapil Sharma, थ्रोबैक वीडियो में पेरेंट्स को लेकर कही थी ऐसी बात

नई दिल्ली। रणवीर इलाहाबादिया (Ranveer Allahbadia) के विवादित बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके नाम की चर्चा खूब चल रही है। यूट्यूबर और बिजनेसमैन रणवीर ने मामले पर माफी जरूर मांग ली है, लेकिन ट्रोलिंग का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। कॉमेडियन से लेकर लेखक समेत तमाम लोग इंडियाज गॉट लेटेंट की वीडियो क्लिप को शर्मनाक बता रहे हैं। इस बीच जाने-माने कॉमेडियन कपिल शर्मा का एक वीडियो चर्चा में आ गया है।

माता-पिता के नाम पर अभद्र टिप्पणी के जरिए फूहड़पन फैलाने के लिए रणवीर को यूजर्स लताड़ लगा रहे हैं। हालांकि, कुछ लोग उनके समर्थन में भी खड़े नजर आ रहे हैं, जिनका कहना है कि इससे ज्यादा गंदगी ओटीटी पर दिखाई जाती है। खैर, कपिल शर्मा (Kapil Sharma) का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह भी मां-बाप का नाम लेते हुए मजाक करते नजर आ रहे हैं।

कपिल शर्मा का वीडियो हुआ वायरल

रणवीर इलहाबादिया के लेटेस्ट विवाद के बीच, कपिल शर्मा के एक वीडियो क्लिप ने यूजर्स को हैरान कर दिया है। बता दें कि यह मजाक 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के दिनों का है, जब एक्टर और कॉमेडियन कपिल शर्मा भारत के लोगों की दो पसंदीदा चीजों क्रिकेट और फिल्मों के बारे में बात कर रहे थे।

मां-बाप से जुड़ा मजाक करते आए नजर

वायरल वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि कपिल शर्मा ने बच्चों के बारे में मजाक किया। उन्होनें एक एपिसोड के दौरान कहा था कि 'बंदा बोर्ड के एग्जाम में पढ़ने के लिए सुबह 4 बजे कभी नहीं उठता, लेकिन क्रिकेट का मैच हो तो सुबह 4 बजे उठकर बैठ जाता है। कई क्रिकेट के इतने ज्यादा शौकीन होते हैं कि रात को 2 बजे उठ जाते हैं और मैच शुरू होना होता है 4 बजे। फिर ये मां-बाप की कबड्डी देखकर सो जाते हैं।' एपिसोड में ध्यान से देखने के बाद पता चलता है कि कपिल ने अपनी बात को मजाकिया अंदाज में बदलते हुए बताया कि 'मां-बाप लड़ रहे होते हैं कई बार।'

यूजर्स ने वीडियो पर ऐसे किया रिएक्ट

कपिल का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से ही यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ ने कपिल के मजाक को निराशाजनक बताया, तो कुछ ने उनका बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने इसे अश्लील तरीके से नहीं कहा। एक यूजर ने रिएक्शन देते हुए लिखा, 'कपिल मजेदार और समझदार हैं। कबड्डी का मतलब बच्चों के लिए माता-पिता के बीच झगड़ा हो सकता है।'

रणवीर इलाहबादिया के विवादित बयान के बीच कपिल का यह वीडियो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। फिलहाल वायरल वीडियो पर किसी सेलेब्स या खुद कपिल का रिएक्शन सामने नहीं आया है।

Leave Your Comment

Click to reload image