कॉमेडी ही नहीं, फिल्मों से भी दिल जीत चुके हैं ये पॉपुलर कॉमेडियन; देखें मूवीज की लिस्ट
नई दिल्ली। स्टेज पर खड़े होकर लोगों को हंसाना इतना आसान काम भी नहीं है, लेकिन कुछ स्टैंडअप कॉमेडियंस इस काम को बखूबी करना जानते हैं। इनका नाम कॉमेडी शब्द सुनते ही दिमाग में आ जाता है। खास बात है कि पॉपुलैरिटी के मामलों में ये कॉमेडियन बॉलीवुड सेलेब्स को भी टक्कर देते हैं। आज बात उन मशहूर कॉमेडियन की करते हैं, जिन्होंने फिल्मों में भी काम किया है।
हर्ष गुजराल करेंगे बॉलीवुड में डेब्यू
हाल ही में अर्जुन कपूर स्टारर फिल्म मेरे हसबैंड की बीवी (Mere Husband Ki Biwi) का ट्रेलर सामने आया था। इसमें दर्शक हर्ष गुजराल (Harsh Gujral) को देखकर सरप्राइज हो गए। ट्रेलर में ही उनका मजाकिया अंदाज देखने को मिला। बता दें कि इसके जरिए स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले हैं। ये फिल्म 21 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसमें रकुल प्रीत सिंह और भूमि पेडनेकर भी लीड रोल में नजर आएंगी।
लाइव शो और यूट्यूब वीडियो के जरिए लोगों को हंसाने का काम करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी (Anubhav Singh Bassi) किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म तू झूठी मैं मक्कार में काम किया है। इसमें उनके डबास के किरदार ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। साल 2023 में आई इस मूवी के लिए बस्सी के काम की सराहना भी काफी हुई है।
वरुण ग्रोवर
पॉलिटिकल स्टायर जोक्स करने के लिए वरुण ग्रोवर (Varun Grover) जाने जाते हैं। इसके अलाव, उनकी इंटेलिजेंट राइटिंग की भी सराहना होती है। बता दें कि उन्होंने गैंग ऑफ वासेपुर के लिए गीत लिखे थे। वहीं, मसान फिल्म में भी उन्होंने लेखक के तौर पर काम किया है। साल 2022 में आई नेटफ्लिक्स की फिल्म 'कला' में वरुण ने दमदार किरदार निभाया है। उन्हें मजरूह के रोल में देखा गया जो छोटा है, लेकिन असरदार जरूर है।
सुनील पाल
कॉमेडियन का जिक्र करते समय सुनील पाल का नाम जरूर लिया जाता है। उन्होंने लोगों को हंसाने के साथ ही, फिल्मों में भी काम किया है। सुनील की मशहूर मूवीज की लिस्ट में फिर हेरा फेरी, अपना सपना मनी मनी, बॉम्बे टू गोवा और क्रेजी 4 का नाम शामिल है।
वीर दास
कॉमेडी से ज्यादा वीर दास कंट्रोवर्सी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। वह एक जाने-माने कॉमेडियन हैं और कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने डेली बेली, बदमाश कंपनी, गो गोवा गौन, मस्तीजादे और लव आज कल जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया है।