धनुष की फिल्म ने किया इंप्रेस या निराश? थिएटर्स जाने से पहले पढ़ लें लोगों की राय
नई दिल्ली। साउथ सिनेमा में एक्टिंग और निर्देशन की जिम्मेदारी को बखूबी से निभाने के लिए धनुष जाने जाते हैं। निलावुक्कू एनमेल एन्नाडी कोबम फिल्म (Nilavukku Enmel Ennadi Kobam) के जरिए उन्होंने बतौर डायरेक्टर वापसी की है। सिनेमाघरों में उनकी फिल्म रिलीज हो चुकी है और ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फैंस के बीच इसे लेकर क्रेज देखने को मिला। आइए फिर जान लेते हैं कि धनुष की मच अवेटेड फिल्म (Neek Twitter Review) लोगों की उम्मीदों पर खरी उतर पाई है या नहीं।
रिलेशनशिप, ब्रेकअप और रिबाउंड को धनुष की नीक में शानदार ढंग से दिखाया गया है। जेन जी को फिल्म की कहानी ज्यादा प्रभावित कर सकती है, क्योंकि इस जेनरेशन के युवा फिल्म के साथ ज्यादा गहराई से जुड़ पाएंगे। फिल्म को शुरुआती प्रतिक्रियाओं में तारीफ मिल रही है।
धनुष की फिल्म को कैसी मिल रही है प्रतिक्रिया?
धनुष की निर्देशित फिल्म को देखने के बाद लोगों ने अपनी राय देनी भी शुरू कर दी है। एक यूजर ने लिखा, 'यह एक क्रेजी और मनोरंजन करने वाली फिल्म है।' एक अन्य यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'यह एक रोम-कॉम फिल्म है, जिसकी कहानी सिंपल और रिलेटेबल है। धनुष ने हल्की-फुल्की स्टोरीटेलिंग रखी है और मैथ्यू थॉमस अपने वन-लाइनर्स की बदौलत लोगों के फेवरेट बन गए हैं।'
कुछ दर्शकों का फिल्म का क्लाइमैक्स भी अच्छा लगा है। एक यूजर ने फिल्म के बारे में लिखा, 'नीक को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इस लव ड्रामा फिल्म को देखकर काफी अच्छा लगा।' इसके अलावा ज्यादातर लोगों का कहना है कि पहला हाफ क्लासी और फ्री-फ्लोइंग है। धनुष ने एक लाइट रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म बनाई है, जिसमें एक सामान्य लड़के और हाई-क्लास लड़की की लव स्टोरी दिखाई गई है।
कीर्ति सुरेश ने की फिल्म की तारीफ
धनुष की फिल्म देखने के बाद एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, शानदार और कुछ नया दिखाने वाली फिल्म है। धनुष आपने हमेशा की तरह इस बार भी कुछ नया बनाया है। बाकी सभी एक्टर्स को स्क्रीन पर देखकर भी बहुत अच्छा लग रहा है।
फिल्म की स्टार कास्ट
धनुष, कस्तूरी राजा और विजयलक्ष्मी कस्तूरी की निर्मित फिल्म नीक में कई पॉपुलर कलाकारों ने काम किया है। इसमें पाविश, मैथ्यू थॉमस, अनिखा सुरेंद्रन, प्रिया प्रकाश वारियर, वेंकटेश मेनन, रबिया खातून और राम्या रंगनाथन को लीड रोल की भूमिकाओं में देखा गया।