इंडियन रोड कांग्रेस सेमिनार का केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया शुभारंभ, सड़क व सेतु निर्माण की तकनीकों पर दो दिन होगा मंथन
भोपाल। सड़क और पुल निर्माण के क्षेत्र में उभरती नवीनतम प्रवृत्तियों और तकनीकों पर भोपाल में दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। रवींद्र भवन के हंसध्वनि सभागार में शनिवार को केंद्रीय केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस सेमिनार का शुभारंभ किया। यहां एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें सड़क और पुल निर्माण में लगने वाली नई मशीनरी समेत अन्य सामग्री का प्रदर्शित की गई हैं। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) और मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहयोग से किया जा रहा है। सेमिनार के उद्घाटन सत्र में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।
निर्माण लागत कम करने की जरूरत - गडकरी
सेमिनार में उद्घाटन सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में कहा कि डीपीआर बनाने वाले घर में बैठकर गूगल से डीपीआर बना देते हैं। कहीं जाते नहीं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि इन्हें तो पद्मश्री और पद्मभूषण देना चाहिए। मध्य प्रदेश में भी ऐसे लोगों का ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि निर्माण लागत कम करने की जरूरत है। ईंधन के रूप में बायोफ्यूल, एथेनॉल उपयोग करें।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी - सीएम मोहन
इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा बड़ा तालाब राजा भोज के काल की नवीन तकनीक का एक बेहतर उदाहरण है। हमने जितनी प्रगति की उससे अधिक प्रगति की संभावना बनी हुई है। यहां दो दिन तक चलने वाले मंथन से विकास कार्यों के बड़े रास्ते खुलेंगे। पहले से बने मार्ग को तो बेहतर करना ही है इसके अलावा अन्य तरीके से भी नए मार्गों के निर्माण में सरकार पीछे नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने भोपाल आने के पहले भोपाल-कानपुर हाईवे की सौगात मध्य प्रदेश को दी है। इस सेमिनार से मध्यप्रदेश के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी और यह आयोजन राज्य की निर्माण परियोजनाओं को और सफल बनाने में सहायक होगा।