धन-वैभव से दमकेगा श्रीमहालक्ष्मी माता का दरबार, नोटों से की जा रही सजावट
रतलाम। दीपोत्सव के लिए शहर के माणकचौक स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में सजावट का सिलसिला तेज हो गया है। बड़ी संख्या में भक्त सजावट के लिए सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, मूर्तियां, हीरे-मोती, नोट, तिजोरी आदि देने पहुंच रहे हैं। अब तक 400 से अधिक भक्त मंदिर में सजावट के लिए नगदी सहित तरह-तरह की सामग्री दे चुके हैं।
मंदिर में सजावट के लिए 28 अक्टूबर तक सामग्री ली जाएगी। वर्तमान में मंदिर में नोटों से सजावट की जा रही है। सजावट का कार्य पूर्ण होने के बाद पांच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन धनतेरस पर ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के पट खोले जाएंगे।दीपोत्सव में नोट, सोने-चांदी के आभूषण, हीरे-मोती आदि से होने वाली सजावट को लेकर मंदिर में दर्शन के लिए अनेक स्थानों से भक्त पहुंचेंगे। धनतेरस से शुरू होने वाले विशेष शृंगार के दर्शन श्रद्धालु भाईदूज तक लगातार कर सकेंगे।
इसके बाद श्रद्धालुओं को सामग्री लौटाने का सिलसिला प्रारंभ होगा। उल्लेखनीय है कि माणकचौक महालक्ष्मी मंदिर में भक्तजन अपनी इच्छा से नगदी, सोने-चांदी के जेवर, सिल्ली, हीरे-मोती आदि सामग्री शृंगार के लिए देते हैं। इस सामग्री से होने वाले विशेष शृंगार को लेकर मंदिर देशभर में प्रसिद्ध है।
पूर्व में कुछ ही लोग सामग्री देते थे, लेकिन वर्ष 2008 के बाद से सामग्री देने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे शृंगार का स्वरूप भी विस्तृत कर दिया गया है। रतलाम के अलावा बांसवाड़ा, दाहोद, पीथमपुर सहित अन्य जिलों से भी भक्त सामग्री देने रतलाम पहुंच रहे हैं। दी जाने वाली सामग्री को रजिस्टर में दर्ज कर श्रद्धालु को टोकन दिया जा रहा है। इसी टोकन से सामग्री वापस लौटाई जाएगी।