मध्य प्रदेश

पुष्य नक्षत्र पर इंदौर में बिक गया 150 करोड़ से ज्यादा का सोना-चांदी, बाजारों में छाई रौनक

 इंदौर। दीपावली पूर्व बने गुरु-पुष्य के महामुहूर्त ने शहर के बाजारों में स्वर्णिम चमक बिखेर दी। सुबह से आधी रात तक ज्वेलरी शोरूमों और गहनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। सोना-चांदी के दाम बढ़ने का कोई असर उल्लास और परंपरा की खरीद पर नहीं देखा गया। शहर में सोना-चांदी में डेढ़ सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री का अनुमान है।

व्यापारियों की मानें तो कारोबार में बीते वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दरअसल सोना-चांदी के उछले दामों से लोगों की धारणा स्पष्ट भी हो गई कि कीमती धातुएं अच्छा रिटर्न देती हैं, लिहाजा वे खर्च नहीं निवेश के लिए खरीद कर रहे हैं। गुरुवार को इंदौर के बाजार में 24 कैरेट सोने के दामों में करीब 400 रुपये प्रति दस ग्राम की कमी रही।

ज्वेलरी शोरूम के बाहर तक भीड़ लगी रही

 

हालांकि जेवराती सोना (22 कैरेट) के दाम स्थिर बने रहे। बीते दिनों से लगातार दामों में वृद्धि देख रहे ग्राहकों का उत्साह इस बात से भी बढ़ गया कि दाम में वृद्धि नहीं हुई। खरीदी का उत्साह इसी से नजर आ रहा था कि एमजी रोड, यशवंत निवास रोड, 56 दुकान, एबी रोड के ज्वेलरी शोरूम के बाहर तक भारी भीड़ रही।

सराफा और शहर के अलग-अलग हिस्सों की ज्वेलरी दुकानों पर भी रात 12 बजे तक अच्छी ग्राहकी देखी गई। आनंद ज्वेलर्स के गौरव आनंद ने कहा इस बार भी गहनों की बिक्री भरपूर देखने को मिली है।

Leave Your Comment

Click to reload image