देवास में कालीसिंध के पुल पर हुआ गड्ढा, बड़े वाहन डायवर्ट करने से बरझाई घाट, कांटाफोड़ में जाम
देवास। इंदौर-बैतूल हाईवे पर चापड़ा क्षेत्र के मोखापिपलिया में कालीसिंध नदी के अंग्रेजों के जमाने के पुल पर गड्ढा हो जाने से शुक्रवार रात भारी वाहनों का रुट डायवर्ट कर दिया गया। चापड़ा से बागली, पुंजापुरा, कांटाफोड़ होकर वाहनों के निकलने का सिलसिला चल चल रहा था।
इसी दौरान शनिवार अल सुबह बागली पुंजापुरा के बीच बरझाई घाट पर सीमेंट से भरा एक ट्राला ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर एक अन्य वाहन से टकरा गया। इसके कारण रास्ते में जाम लग गया। कुछ ही देर में एक के बाद एक सैकड़ो वाहनों की कतार लग गई।
वाहन चालक सहित यात्री भी परेशान होते रहे। 4 से 5 घंटे के बाद यहां पर यातायात व्यवस्थित हो पाया। वहीं वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ने के कारण कांटाफोड़ क्षेत्र में भी जाम लग गया था।
उधर रात में ही मोखापिपल्या में पुल पर हुए गड्ढे का सुधार कार्य किया गया। इसके बाद सुबह से वाहनों का आवागमन सुचारू हो पाया हालांकि रात में भी पुल के एक हिस्से से छोटे वाहन निकलते रहे थे। उधर पुल पर गड्ढा होने और रोड डायवर्ट होने को लेकर शनिवार सुबह से लोग इंदौर जाने के लिए पहले अपने जान पहचान वालों और रिश्तेदारों से आवागमन की स्थिति का पता करते रहे।
खातेगांव, कन्नौद, नेमावर क्षेत्र के लोगों ने चापड़ा और बागली क्षेत्र के लोगों से मोबाइल फोन पर संपर्क किया जब आवागमन सुचारू होने की जानकारी मिली तब यह लोग इंदौर के लिए रवाना हुए।