मध्य प्रदेश

चित्रकूट की परिक्रमा कर रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बनाई चाय ... पत्नी के कहने पर बोले- तुम्‍हारे लिए नहीं, बहन के लिए बनाएंगे

सतना। मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पत्नी सीमा के साथ चित्रकूट की परिक्रमा की। यहां वे एक चाय की दुकान में पहुंचे। उन्होंने अदरक कूटा और फिर चाय बनाई। तभी उनकी पत्नी ने कहा, मुझे तो कभी चाय बनाकर नहीं पिलाई। इस पर सीएम बोले- ये हमारी बहन है तुम थोड़ी हो। बहन के लिए चाय बनाएंगे।

चाय पिलाने के बाद उन्होंने राधा को चाय के 100 रुपए भी दिए

 

दरअसल, मुख्यमंत्री ने राधा बाई उर्फ ममता सोनी की चाय दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने गैस चूल्हे पर चाय चढ़ाई। फिर अदरक कूटकर डाली। उनकी पत्नी सीमा ने भी सहयोग किया। इसके बाद सीएम ने वहां मौजूद लोगों को चाय छानकर पिलाई। चाय पिलाने के बाद उन्होंने राधा को चाय के 100 भी दिए।

मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से आत्मीयता के साथ की बातचीत

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय प्रवास पर गत शनिवार को शाम चित्रकूट पहुंचने के बाद दीनदयाल शोध संस्थान के रामनाथ आश्रम शाला चित्रकूट में अध्ययनरत वनवासी छात्र-छात्राओं से स्नहेपूर्ण वातावरण में आत्मीयता से बातचीत की एवं विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किये गये लोकनृत्य एवं बुन्देलखण्डी दिवारी नृत्य का मनोयोग के साथ आनंद लिया।

बच्चों के साथ लाठी भांजने की कला का प्रदर्शन भी किया

छात्रों द्वारा प्रस्तुत किये गये दिवारी नृत्य में अपनी भी सहभागिता निभाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बच्चों के साथ लाठी भांजने की कला का प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सीमा यादव भी कार्यक्रम में उपस्थित थी। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत रत्न नानाजी देशमुख के चित्र पर पुश्पांजलि अर्पित की।

दीपावली पर वोकल फॉर लोकल को प्रोत्साहन दे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर वोकल फॉर लोकल को प्रोत्साहन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर दीपावली के लिए (दीया-बाती, श्रंगार एवं अन्य) सामग्री तैयार कर बाजार में बेचने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाये।

वनवासी छात्रावास के छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्त किया

मुख्यमंत्री ने वनवासी छात्रावास के छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्त किया तथा उनसे भविष्य में क्या करोगे तथा क्या बनोगे की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने कक्षा 7वीं के चौरई निवासी सुमित सिंह से पूछा कि आपके कितने भाई-बहन है और क्या बनोगे। सुमित ने बताया कि हम डॉक्टर बनेंगे, कक्षा दूसरी की छात्रा कु. सोनाली से मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या बनोगी, तो उसने बताया कि डाक्टर बनूंगी।

Leave Your Comment

Click to reload image