मध्य प्रदेश

ठगी का तरीका: गुमशुदा को मिलाने का दावा कर परिजनों से संपर्क करते हैं जालसाज, फिर अकाउंट में ट्रांसफर करवाते हैं पैसे, न देने पर देते हैं ये धमकी

भोपाल। साइबर अपराधी अब तक पुलिस या किसी बड़ी जांच एजेंसी का अफसर बनकर लोगों से ठगी कर रहे थे। लेकिन अब शातिरों ने एक नया तरीका निकाला है, जिससे सामने वाला शख्स खुद उनके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर देता है। दरअसल, जालसाज ऐसे लोगों को फोन करते हैं, जिनके घर का सदस्य लापता हो। इसके बाद गुमशुदा का पता बताने के नाम पर अपने अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवाते हैं। 

राजधानी भोपाल से ऐसे दो मामले सामने आए हैं, जिसमें गुमशुदा के नाम पर ठगी की गई है। पहले मामले में 3 दिन पहले घर से लापता हुए युवक के भाई से पैसे ठगे गए हैं। बदमाशों ने लापता व्यक्ति के परिजन को फोन किया और गुमशुदा का पता बताने के नाम पर अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवाए। लापता युवक पिता की डांट से नाराज होकर नागपुर चला गया था। लेकिन कुछ दिनों बाद खुद वापस लौट आया। 

वहीं दूसरे मामले में 12 साल के बच्चे का पता बताने के नाम पर 5 हजार खाते में डलवाए। जालसाजों ने दावा किया कि वह जम्मू में देखा गया है। लेकिन अगले दिन वह शहर में घूमता हुए मिला।बताया जा रहा है कि बदमाश सोशल मीडिया से किसी के गुम होने की सूचना जुटाते हैं। फिर परिजनों से संपर्क कर युवक के मिलने का झांसा देते हैं। पैसे नहीं देने पर वे गुमशुदा व्यक्ति को पुलिस के हवाले करने की धमकी देते हैं। 

 

Leave Your Comment

Click to reload image