मध्य प्रदेश

सिवनी में मवेशी तस्करी से जुड़ा कथित ऑडियो हुआ वायरल, कान्हीवाड़ा टीआई को किया लाइन अटैच

 सिवनी। सिवनी जिले कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी ओमेश्वर ठाकरे और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मयूर दुबे के बीच मोबाइल फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में भाजयुमो के नेता गो-तस्करों का सहारा लेकर लेकर हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को फंसाने की साजिश रच रहे हैं।

साथ ही थाना प्रभारी से अंडरग्राउंड मदद मांग रहे हैं। ऑडियो में थाना प्रभारी भी पूरी मदद करने की हामी भर रहे हैं। यह ऑडियो एसपी सुनील मेहता के पास पहुंचने पर उन्होंने थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है। एसपी ने बताया कि ऑडियो की प्रमाणिकता जांचने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे ऑडियो में भाजयुमो नेता सिवनी के गणेश चौक निवासी मयूर दुबे और कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी रहे ओमेश्वर ठाकरे दुश्मनों व हिंदुत्व की आड़ में गलत काम करने वालों को फंसाने के लिए षणयंत्र रच रहे हैं। इसके लिए भाजयुमो नेता थाना प्रभारी से बाहर प्रदेशों गोतस्करों की मांग कर रहे हैं।

घसीटकर पीटने की बात कर रहे थे

 

ऑडियो में इस काम के लिए भाजयुमो नेता खर्चा करने की भी बात कर रहे हैं। ऑडियो में हो रही बातचीत में गो तस्करों को चार-पांच मोबाइल नंबरों पर पैसे डालने और वॉट्सएप मैसेज करने की बातें सुनाई दे रही हैं। इसके अलावा जिन्हें फंसाया जाएगा उन्हें घसीटकर पीटने की बात भी ऑडियो में सुनाई दे रही है।

पार्टी और संघ के पदाधिकारियों को दी रिपोर्ट

 

एक अन्य ऑडियो में थाना प्रभारी भाजयुमो नेता से यह कहते सुने गए हैं कि उन्होंने विश्व हिंदू परिषद और सहयोगी संगठनों के शीर्ष नेताओं को सिवनी के कुछ लोगों, खासकर माधव दुबे और दीपक यादव की कथित गलत गतिविधियों की जानकारी दी है। थाना प्रभारी यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने इसकी पूरी रिपोर्ट पार्टी व संघ के पदाधिकारियों को दी है।

 

हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि सोशल मीडिया में वायरल हो रही दो ऑडियो क्लिप में कितनी सत्यता है। फिलहाल एसपी का कहना है कि ऑडियो क्लिप की जांच कराई जा रही है। जांच प्रभावित ना हो इसके लिए थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image