देश-विदेश

टीचर ने छड़ी फेंक कर मारी, 6 साल के बच्चे की एक आंख की रोशनी गई; एक साल बाद केस दर्ज

चिक्काबल्लापुर। कर्नाटक के एक स्कूल में छड़ी से चोट लगने के बाद छह साल के बच्चे की एक आंख की रोशनी चली गई। मामला एक साल पहले का है। मगर दो सर्जरी के बाद भी बच्चे की रोशनी नहीं लौटी। अब परिजनों की शिकायत पर आरोपित शिक्षक और 5 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कक्षा एक में पढ़ता था बच्चा

पुलिस के मुताबिक पिछले साल 6 मार्च को कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले के चिंतामणि तालुक के एक सरकारी स्कूल की यह घटना है। पीड़ित छात्र यशवंत कक्षा एक में पढ़ता था। पुलिस ने बताया कि बच्चों को संभालते समय शिक्षक ने उन पर छड़ी फेंककर मारी। मगर गलती से यह छड़ी यशवंत की दाहिनी आंख में जा लगी। चोट लगने से आंख क्षतिग्रस्त हो गई।

चोट लगने के कुछ दिन बाद बिगड़ी हालत

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में बच्चे के माता-पिता को यह अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर बन जाएगा। चोट लगने के कुछ दिन बाद बच्चे की आंख की हालत खराब होने लगी। माता-पिता बच्चे को चिंतामणि में स्थित एक नेत्र रोग विशेषज्ञ के पास लेकर पहुंचे। मगर उन्होंने हालत देखकर बच्चे को जिला अस्पताल भेज दिया।

विक्टोरिया अस्पताल में हुईं दो सर्जरी

पुलिस के अनुसार पिछले साल दिसंबर में आंखों की जांच करने के बाद बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टरों ने दो सर्जरी की गई। मगर उसके बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद लड़के के माता -पिता ने उसे बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच में डॉक्टरों को पता चला कि बच्चे की दाहिनी आंख की दृष्टि जा चुकी है।

विरोध प्रदर्शन के बाद केस हुआ दर्ज

माता-पिता और स्थानीय लोगों ने रविवार शाम को बटलहल्ली पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद अभियुक्त शिक्षक और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बच्चे के माता -पिता की शिकायत के आधार पर हमने शारीरिक प्रताड़ना और जुवेनाइल जस्टिस अधिनियम समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image