बंगाल में नहीं थम रही हिंसा: 3 की मौत, 15 पुलिसकर्मी घायल, 150 से ज्यादा अरेस्ट, BSF जवानों की तैनाती
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में वक्फ (संशोधन) कानून के खिलाफ जारी हिंसक प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना, हुगली और मालदा जिलों में हिंसक प्रदर्शन जारी है। मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान में शनिवार को एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। वक्फ (संशोधन) कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन से कथित रूप से जुड़ी हिंसक झड़पों में अब तक बाप-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बता दें कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को ऐलान कर दिया कि राज्य में वक्फ (संशोधन) एक्ट लागू नहीं किया जाएगा।
बंगाल में वक्फ कानून के विरोध में जारी हिंसक प्रदर्शन में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हिंसक भीड़ ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई दुकानों और घरों को लूटा और तोड़फोड़ की है। विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने 1600 केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनाती कर दी है।
हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की और कहा कि-यह सब देखकर आंख नहीं मूंद सकते। कोर्ट के आदेश पर हिंसाग्रस्त इलाकों में 1600 पैरामिलिट्री के जवानों की तैनाती की जाएगी। पहले से ही मुर्शिदाबाद में बीएसएफ के 300 जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई बीएसएफ की पांच अतिरिक्त कंपनियों ने मोर्चा संभाल लिया है।