देश-विदेश

हेमंत खंडेलवाल मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष घोषित

 भोपाल। मध्यप्रदेश के बैतूल से भारतीय जनता पार्टी विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष घोषित किया गया है। मध्यप्रदेश के लिए भाजपा के निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यहां प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में उनके नाम की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मंच पर उपस्थित रहे।

इसके पहले कल प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन जमा किए जाने के लिए नियत दिन पर सिर्फ श्री खंडेलवाल का ही नामांकन आने के साथ उनका इस पद पर चुना जाना तय हो गया था।

पेशे से व्यवसायी श्री खंडेलवाल वर्तमान में आदिवासी क्षेत्र बैतूल से विधायक हैं। वे इसके पहले 2007 से 2008 तक लोकसभा सांसद और 2010 से 2013 तक भाजपा बैतूल जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। लगभग 60 वर्षीय श्री खंडेलवाल 2013 में चौदहवीं विधानसभा के सदस्य चुने गए। इसके बाद 2014 से 2018 तक वे भाजपा की प्रदेश इकाई के कोषाध्यक्ष रहे। वर्ष 2023 में वे दूसरी बार विधायक चुने गए। वे श्री कुशाभाउ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।

श्री खंडेलवाल की पारिवारिक पृष्ठभूमि भाजपा की ही है। उनके पिता विजय खंडेलवाल भी लगातार चार बार बैतूल से पार्टी के सांसद रहे। श्री खंडेलवाल बैतूल से ताल्लुक रखते हैं, जो आदिवासी क्षेत्र है। इस आदिवासी क्षेत्र में भाजपा और आरएसएस के कई सेवा प्रकल्प संचालित होते हैं, जिनसे श्री खंडेलवाल जुड़े हैं।

सहज छवि वाले श्री खंडेलवाल संघ और मुख्यमंत्री डॉ यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। श्री खंडेलवाल के बारे में माना जाता है कि वे पर्दे के पीछे रह कर काम करना पसंद करते हैं। उन्हें सत्ता और संगठन के बीच समन्वय की क्षमता के चलते भी इस पद के लिए बेहद सक्षम माना जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image