मादुरो की गिरफ्तारी पर जेलेंस्की का तीखा बयान, पुतिन पर साधा इशारा
किव/नई दिल्ली - वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिका द्वारा नाटकीय गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस मामले पर बड़ा बयान देते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर परोक्ष संकेत किया है।
रूस ने अमेरिका से की मादुरो को रिहा करने की मांग
इस बीच रूस ने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की तत्काल रिहाई की मांग की है। रूसी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि निकोलस मादुरो वेनेजुएला के वैध रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति हैं और अमेरिका को उन्हें बिना शर्त रिहा करना चाहिए।
रूस ने यह भी कहा कि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच किसी भी तरह के विवाद का समाधान सैन्य या बल प्रयोग से नहीं, बल्कि कूटनीतिक बातचीत के जरिए होना चाहिए।
न्यूयॉर्क में चलेगा मादुरो पर मुकदमा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी को वेनेजुएला की राजधानी कराकास से एक संयुक्त अभियान में हिरासत में लिया गया और अमेरिका लाया गया। दोनों पर न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में ड्रग तस्करी और नार्को-आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अमेरिका ने मादुरो की हथकड़ियों में ‘पर्प वॉक’ का वीडियो भी सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जो अपनी कठोर और अमानवीय परिस्थितियों को लेकर पहले भी विवादों में रहा है।