देश-विदेश

पश्चिम बंगाल में 9 मई को शपथ लेंगे नये मुख्यमंत्री

नई दिल्ली। बंगाल में चुनाव नतीजे आने के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह की तारीख भी तय हो गई है। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घोषणा की है कि 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।  हालांकि, बंगाल के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा अभी तक नहीं हुई है।

बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इसे लंबे समय से पूर्वी भारत में विपक्ष का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। नए मुख्यमंत्री का शपथग्रहण 9 मई को होगा। बंगाल में 9 मई इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने एलान किया कि उसी दिन भाजपा का कोई नेता बंगाल सीएम पद की शपथ लेगा। बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद अब बंगाल में सरकार गठन की कवायद शुरू हो गई है।

नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सहित राज्य भाजपा के शीर्ष नेता मंगलवार को ही नई दिल्ली जा रहे हैं। माना जा रहा है प्रदेश नेतृत्व दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सरकार गठन को लेकर मंत्रणा करेंगे। ममता जैसी कद्दावर नेता को लगातार दो बार हराने वाले सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे हैं। बंगाल में 17वीं विधानसभा का कार्यकाल सात मई को ही खत्म हो रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image