देश-विदेश

जो सीखेगा वही जीतेगा : पीएम मोदी

 नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद छात्रों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के आप सभी प्रतिभाशाली युवाओं के जीवन की नई यात्रा शुरू हो रही है। आप इस समय जीवन के एक यादगार पल को जी रहे हैं। उत्साह, उमंग, सपनों और भावनाओं से सराबोर इस पल का हिस्सा बनना, आईआईटी दिल्ली के इस कैंपस में आना, आपके साथ ये अनुभव शेयर करना मेरे लिए भी बहुत खास है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कई विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल्स भी मिले हैं।

मैं इसके लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं, लेकिन इसमें 1-2 बेटियां भी होतीं तो ज्यादा अच्छा होता। आज आईआईटी दिल्ली में एआई से जुड़े कुछ नए पहल भी शुरू हुए हैं। मैं इसके लिए भी आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। पीएम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वो दिन याद करिए जब आपका आईआईटी दिल्ली में पहला दिन था और एक आज का दिन है। आप सोच रहे होंगे कि अभी कल की ही तो बात है, जब ओरिएंटेशन हुआ था और अब ये दीक्षांत समारोह का समय भी आ गया। ओरिएंटेशन से दीक्षांत समारोह की इस यात्रा से आपको भरपूर संतुष्टि भी होगी। साथ ही आप सभी में जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का उत्साह भी होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज आप सभी और सारे विद्यार्थी इस कार्यक्रम में उपस्थित हैं, लेकिन मन के किसी कोने में कुछ और चल रहा होगा। हर विद्यार्थी के मन में आने वाले कल की अपनी-अपनी तस्वीर होगी। कई छात्र अपनी पहली सैलरी का इंतजार कर रहे होंगे, कोई नए शहर में नई शुरुआत की तैयारी में होगा। कई साथी अपने नए स्टार्टअप का सपना देख रहे होंगे किसी ने अगले प्रतियोगी परीक्षाओं का लक्ष्य बनाया होगा।
हर किसी का रास्ता अलग है, हर किसी का सपना अलग है। लेकिन इन सबके बाद भी एक एहसास ऐसा है जो आप सभी के मन में एक सा होगा। एक नए अध्याय की शुरुआत को लेकर उत्साहित भी रहना चाहिए। इसीलिए मैं कहता हूं कि इस पल को पूरी तरह जीएं। भविष्य में जब आप पर ज्यादा जिम्मेदारियां होंगी, तो ये यादें आपको अतीत की ओर ले जाएंगी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। कोई नहीं कह सकता कि आज से 20-30 साल बाद क्या होगा? लेकिन यह बदलती दुनिया और टेक्नोलॉजी नए मौके लाएगी और जो सीखेगा, वही जीतेगा। जो लोग नई स्थितियों और चुनौतियों के लिए तैयार रहते हैं, वे चुनौतियों को मौकों में बदल देते हैं। यही बात आपने आईआईटी दिल्ली में सीखी है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image