देश-विदेश

वैश्विक अर्थव्यवस्था के सामने महंगाई, बढ़ते कर्ज और एआई निवेश से जुड़े जोखिम

 न्यूयॉर्क । इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने कहा है कि दुनिया की अर्थव्यवस्था के सामने लगातार बनी हुई महंगाई, कर्ज चुकाने की बढ़ती लागत और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में हो रहे निवेश से जुड़े जोखिम मौजूद हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था ने अब तक जितनी मजबूती दिखाई है, वह कई लोगों की उम्मीद से बेहतर रही है। 

रविवार को न्यूयॉर्क सिटी में कतर इकोनॉमिक फोरम के एक विशेष कार्यक्रम में बातचीत के दौरान जॉर्जीवा ने कहा क‍ि महंगाई लगातार बनी हुई है। हमें इसके जल्द काबू में आने की उम्मीद नहीं है। इसका मतलब है कि कई केंद्रीय बैंकों को अपनी नीतियां और सख्त करनी होंगी। जॉर्जीवा ने कहा कि कीमतों को स्थिर रखने की कोशिशों की वजह से कर्ज चुकाना भी ज्यादा महंगा और मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकारें यह अच्छी तरह समझती हैं कि उन्हें अपने खर्च और बजट घाटे को काबू में रखने की जरूरत है, लेकिन इस दिशा में अभी पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

 
 
 

इसके अलावा जॉर्जीवा ने एआई में हो रहे निवेश से जुड़े संभावित आर्थिक खतरों की ओर भी ध्यान दिलाया। खासतौर पर उन्होंने ज्यादा उधार लेकर निवेश करने और एक-दूसरे से जुड़ी कंपनियों के बीच घूम-फिरकर होने वाली फाइनेंसिंग पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह ऐसी चीज है, जिस पर हमें ध्यान देने की जरूरत है।

 

 

एआई से जुड़ी बहुत ज्यादा उम्मीदों को लेकर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा क‍ि अगर एआई उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता, क्योंकि इससे हमारी उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं, और अगर वे उम्मीदें पूरी नहीं होतीं, तो इससे पैदा हुई निराशा पूरी व्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका बन सकती है।

Leave Your Comment

Click to reload image