देश-विदेश

संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना राहुल गांधी की आदत, सीईसी पर आरोप राजनीति से प्रेरित: अर्जुन राम मेघवाल

 बीकानेर ।  केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर लग रहे आरोपों को लेकर कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जोरदार पलटवार किया है।
बीकानेर में पत्रकारों से बात करते हुए मेघवाल ने कहा, "सीईसी ने सब कुछ पूरी तरह साफ कर दिया है। यह सब राजनीतिक कारणों से हो रहा है, वे हमारे मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी की आदत बन गई है कि वे भारत की अच्छी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करें जो अच्छा काम कर रही हैं। इसके अलावा, न तो उनका कोई और मकसद है और न ही कोई असली मुद्दा।" उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण को लेकर जो सवाल उठाए हैं, विपक्ष उनका जवाब नहीं दे रहा है। मेघवाल ने कहा, "सीईसी ने पूछा था कि क्या जो वोटर अब जीवित नहीं हैं, यानी जिनका निधन हो चुका है, उन्हें वोटर लिस्ट में बने रहना चाहिए, लेकिन वे इसका जवाब नहीं देते। क्या जो लोग कहीं और चले गए हैं, उन्हें लिस्ट में बने रहना चाहिए? वे इसका भी जवाब नहीं देते। आरोप लगाना, झूठ बोलना और भाग जाना, यही उनकी फितरत बन गई है।"
दरअसल, विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और चुनाव में धांधली के आरोप लगा रहा है, जबकि चुनाव आयोग ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के तहत मृत और स्थानांतरित वोटरों के नाम हटाने की बात कही है।
इसके अलावा संगठनात्मक विषय पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "हमारे संभाग के प्रभारी नियुक्त हो गए हैं। वो पहले संगठन की बैठक लेंगे। जो धरातल पर मजबूत उम्मीदवार होंगे, उन्हें चयन करने की प्रक्रिया बनाएंगे। हमारा संगठन मजबूत है। संभाग में जो हमारे प्रभारी हैं, उनसे भी नाम आएंगे। समितियों के प्रभारियों से भी नाम आएंगे, जिसके बाद बैठकर मंथन करेंगे।"

Leave Your Comment

Click to reload image