परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को मोदी कैबिनेट की मंजूरी
नई दिल्ली । संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने का प्रावधान है। सरकार का उद्देश्य परिसीमन के साथ महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार की नजर संसद में विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन जुटाने पर है। संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। लोकसभा में विधेयक की पिछली कोशिश अप्रैल में सफल नहीं हो पाई थी। उस समय 528 सदस्यों के मतदान में 298 ने पक्ष और 230 ने विरोध में वोट दिया था। जरूरी 352 वोट नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था।
विपक्षी दलों की अलग-अलग राय
प्रस्ताव को लेकर विपक्षी दलों के रुख में मतभेद दिखाई दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, जबकि डीएमके ने तमिलनाडु की मौजूदा लोकसभा सीट हिस्सेदारी सुरक्षित रखने जैसी शर्तों के साथ समर्थन की संभावना जताई है। बीआरएस ने भी कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। वहीं, कांग्रेस ने सरकार की इस पहल को संविधान पर हमला करार दिया है।
दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती
पिछले सात महीनों में बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच सरकार इस बार विधेयक को पारित कराने के लिए विपक्षी दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। सरकार को उम्मीद है कि कुछ क्षेत्रीय दलों के साथ सहमति बनाकर संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल किया जा सकेगा।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव इस सत्र के प्रमुख मुद्दों में शामिल रह सकते हैं।