देश-विदेश

महू गैंगरेप केस में पुलिस ने एक और आरोपित को किया गिरफ्तार, तीन फरार पर 10-10 हजार का इनाम

 इंदौर। इंदौर जिले के महू में प्रशिक्षु सैन्य अधिकारी को बंधक बनाकर उनकी महिला मित्र के साथ सामूहिक दुष्कर्म के सभी छह आरोपितों की पुलिस ने पहचान कर ली है। बुधवार को पकड़े गए दो आरोपितों अनिल बारोर और पवन बंसूनिया को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने पांच दिनों की रिमांड पर लिया है। तीसरे आरोपित रितेश भाभर को भी मानपुर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है।

तीनों आरोपितों पर पूर्व में भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। अब तीन अन्य फरार आरोपितों रोहित गिरवाल, संदीप सिंह वारिया और सचिन मकवाना पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मप्र में महिलाओं सुरक्षा पर सवाल उठाया।

फर्जी घटना की फैली अफवाह

घटनाक्रम को लेकर गुरुवार देर शाम अफवाह फैली कि यह असल न होकर सुनियोजित घटनाक्रम है। इंटरनेट मीडिया पर अफवाह चलती रही कि लड़कियों की आर्मी अफसरों से मुलाकात डेटिंग एप के जरिए हुई। फिर लूट और दुष्कर्म जैसा घटनाक्रम करवाकर रुपये ऐंठने की पटकथा लिखी गई। ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने स्पष्ट कर दिया कि ऐसा कुछ भी नहीं है।

दो युवतियों के साथ जामगेट गए थे

महू सैन्य क्षेत्र में यंग ऑफिसर कोर्स का प्रशिक्षण ले रहे दो सैन्य प्रशिक्षु अधिकारी उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी कौशल सिंह और प्रणीत सिंह मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को दो युवतियों के साथ जामगेट के पास बने छोटी जाम फायरिंग रेंज गए थे, जहां उनके साथ बदमाशों ने मारपीट की गई और पर्स लूट लिए।

इसके बाद बदमाशों ने एक सैन्य प्रशिक्षु अधिकारी और युवती को बंधक बना लिया और दूसरे सैन्य अधिकारी व दूसरी युवती को 10 लाख रुपये लाने भेज दिया। इसी बीच घटना स्थल पर बंधक बनाई गई युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया।

इसका जिक्र प्रारंभिक एफआईआर में है। पुलिस ने डकैती, गलत तरीके से रोकना, जबरन वसूली, सामूहिक दुष्कर्म, गालियां देने, मारपीट करना, अवैध हथियार रखने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

सीएम बोले- सख्त कार्रवाई होगी

 

जामगेट में गैंग रेप मामले पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को पकड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कटनी में कहा कि सरकार ऐसे मामलों में बहुत सख्त है। कोई भी ऐसी गलती करेगा तो बचेगा नहीं।

Leave Your Comment

Click to reload image