देश-विदेश

Assembly Chunav Results 2024: कब आएंगे जम्मू-कश्मीर, हरियाणा चुनाव के नतीजे, जानिए रूझान से रिजल्ट तक हर अपडेट

 नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब सभी को इंतजार नतीजों का है। दोनों ही राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम 8 अक्टूबर को आएंगे। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में दर्ज वोटों की काउंटिंग की जाएगी। यह चुनाव जम्मू और कश्मीर में आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद पहली बार हो रहे हैं, ऐसे में इनका विशेष महत्व है।

8 अक्टूबर को आएंगे विधानसभा चुनाव के नतीजे

जम्मू-कश्मीर में चुनाव तीन चरणों में हुए और एक अक्टूबर को आखिरी चरण की वोटिंग हुई थी। वहीं हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर 5 अक्टूबर को मतदान हुआ। वोटिंग के तुरंत बाद अलग-अलग एजेंसी के एग्जिट पोल भी सामने आए हैं। जिसमें ये अनुमान लगाया गया कि आखिर दोनों राज्यों में किस पार्टी की सरकार बनने के आसार हैं। हालांकि, एग्जिट पोल तो सिर्फ अनुमान हैं, फाइनल नतीजों के लिए 8 अक्टूबर तक रुकना होगा।

यहां जानिए जम्मू-कश्मीर, हरियाणा चुनाव की हर अपडेट

दोनों ही राज्यों में 8 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती होगी। इसका इस्तेमाल दिव्यांग, सुरक्षा बल और कुछ सरकारी अधिकारियों सहित आवश्यक सेवाओं में शामिल लोगों जैसे चुनिंदा समूह ही कर सकते हैं। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में दर्ज वोटों की गिनती की जाएगी। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर दोनों ही जगहों पर किसकी सरकार बनेगी ये दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा। एनबीटी ऑनलाइन पर आपको चुनाव नतीजों के पल-पल की अपडेट मिल सकेगी।

हरियाणा, जम्मू-कश्मीर में वोटिंग से रिजल्ट तक हर अपडेट

हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान हुआ था। वहीं, जम्मू-कश्मीर विधानसभा की 90 सीटों के लिए तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को मतदान हुआ था। जम्मू-कश्मीर में यह विधानसभा चुनाव काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद यह पहला चुनाव है। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद तत्कालीन राज्य को जम्मू और कश्मीर और लद्दाख दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया गया था।

जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटने के बाद पहला चुनाव

जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा, जबकि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। हरियाणा में मुख्य मुकाबला बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ-साथ इंडियन नेशनल लोक दल-बहुजन समाज पार्टी (INLD-BSP) और जननायक जनता पार्टी (JJP)-आजाद समाज पार्टी (ASP) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन के बीच था।

Leave Your Comment

Click to reload image