इन 5 कीवी प्लेयर्स के सामने पाकिस्तान ने किया सरेंडर, Will Young और Tom Latham के अलावा ये खिलाड़ी भी रहे मैच के हीरो
नई दिल्ली। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ओपनिंग मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 60 रन से रौंद दिया। कराची के नेश्नल स्टेडियम में हुए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए। जवाब में मोहम्मद रिजवान की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम 47.2 ओवर में 260 रन पर सिमट गई गई। टॉम लाथम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा 4 अन्य प्लेयर भी मैच के हीरो रहे।
विल यंग
विल यंग और टॉम लाथम के बीच बीच चौथे विकेट के लिए 118 रनों की पार्टनरशिप हुई। नसीम शाह ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने विल यंग को फहीम अहमद के हाथों कैच आउट कराया। यंग ने 94.69 की स्ट्राइक रेट से 113 गेंदों पर 107 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 12 चौकों के साथ ही 1 शानदार छक्का भी लगाया।
टॉम लाथम
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लाथम ने भी मुकाबले में शतक लगाया। वह 118 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 113.46 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 104 गेंदें खेलीं। लाथम ने मुकाबले में 10 चौके और 3 छक्के भी लगाए। इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ग्लेन फिलिप्स
न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने आतिशी पारी खेली और टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। आखिरी ओवर में ग्लेन फिलिप्स की पारी समाप्त हुई। उन्होंने 39 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्के की बदौलत 61 रन जड़ दिए। फिलिप्स ने 156.41 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। हारिस रऊफ ने उनका विकेट चटकाया।
विलियम ओ रुड़की
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज विलियम ओ रुड़की ने बेहतरीन गेंदबाजी की। इस दौरान वह किफायती भी रहे। उन्होंने 9 ओवर में 5.20 की इकोनॉमी से 47 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। विलियम ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेाबज साउद शकील, कप्तान मोहम्मद रिजवान और खुशदिल शाह को पवेलियन की राह दिखाई।
मिचेल सेंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने भी मुकाबले में गेंद से अहम योगदान दिया। उन्होंने इस दौरान थोड़े ज्यादा रन खर्च कर दिए। सेंटनर ने 10 ओवर गेंदबाजी की और 66 रन खर्च कर 3 सफलताएं प्राप्त कीं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 6.60 की रही। सेंटनर ने बाबर आजम, तैयब ताहिर और हारिस रऊफ को अपने जाल में फंसाया।