खेल

दो मैच हारकर भी आईपीएल के इतिहास में दर्ज हुआ सीएसके का खास रिकार्ड

 आरसीबी को पीछे छोड़ बनी नंबर वन

 

- एकान्त प्रिय चौहान

आईपीएल 2026, सीजन 19 का सातवां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और पंजाब किंग्स के बीच 3 अप्रैल को खेला गया। इस मैच में पंजाब की टीम ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता है और उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। चेन्नई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाने में कामयाब रही। पंजाब ने इस टारगेट को 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब की ये इस सीजन की लगातार दूसरी जीत है। वहीं चेन्नई को लगातार दूसरे मुकाबले में हार मिली। 

आईपीएल के इस सीजन में सीएसके का प्रदर्शन निराशाजनक ही देखा जाएगा। लेकिन सीएसके के नाम 5 बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम करने का रिकार्ड भी दर्ज है। सबसे पहले उसने आईपीएल 2010 में मुंबई इंडियंस को हराकर पहला खिताब जीता। इसके बाद 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी हासिल की। फिर 2018 सनराइजर्स हैदराबाद को फाइनल में हराया, 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर चौथा खिताब जीता और 2023 में गुजरात टाइटंस को हराकर 5वां खिताब अपने नाम किया है। 

आईपीएल 2026 की बात करें तो इस सीजन में सीएसके ने लगातार दो मैच गंवाए हैं। इसके बाद भी आईपीएल के इतिहास में उसके नाम एक खास रिकार्ड दर्ज हो गया है। ये रिकार्ड है आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाने वाली टीम का है। सीएसके ने आईपीएल इतिहास में 36वीं बार ये कारनामा किया है, जबकि दूसरे नंबर पर काबिज आरसीबी की टीम 35 बार ये कारनामा करने में कामयाब हो सकी है। वहीं पंजाब किंग्स ने 33 बार, मुंबई इंडियंस ने 32 बार और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 30 बार सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाएं हैं।

वहीं आईपीएल 2026 की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और पंजाब किंग्स के बीच 3 अप्रैल को खेले गए सातवें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के संजू सैमसन का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा। वह 7 बॉल में 7 रन बनाकर ही आउट हुए। इस मैच में आयुष म्हात्रे, सरफराज खान और शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी की। म्हात्रे 43 बॉल में 73 रन बनाकर टीम के लिए टॉप रन स्कोरर रहे। वहीं शिवम दुबे 27 बॉल में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। सरफराज खान ने 12 गेंदों में ताबड़तोड़ अंदाज में 32 रन ठोक दिए।

टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को इस मैच में शानदार शुरुआत मिली। पहले विकेट के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरण सिंह ने 61 रन जोड़े। प्रियांश ने 11 बॉल पर 39 रन बनाए। प्रभसिमरण ने 34 बॉल में 43 रन की पारी खेली। पंजाब की तरफ से एकमात्र अर्धशतक श्रेयस अय्यर के बल्ले से आया, उन्होंने 29 बॉल पर 50 रन बनाए। चेन्नई की तरफ से मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट लिए। 

धोनी की कप्तानी में सीएसके नाम दर्ज है कई अनोखे रिकार्ड

आईपीएल में धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स के नाम कई ऐसे रिकार्ड दर्ज हैं, जो बाकी टीमों के लिए फिलहाल सपने जैसा ही है।

लगातार चार बार फाइनल में पहुंचने का रिकार्ड

आईपीएल 2010 से 2013 के चार सीजन की बात करें तो इसमें सीएसके ने 4 बार लगातार फाइनल में पहुंचने का रिकार्ड बनाया है। और इसमें भी लगातार दो बार 2010 और 2011 में जीत दर्ज की है। आज तक कोई भी टीम ऐसा नहीं कर पाई है।

सबसे ज्यादा 10 बार फाइनल में पहुंचने वाली टीम है सीएसके 

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 16 सीजनों में 10 बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रचा है। आईपीएल 2028 के फाइनल में राजस्थान रॉयल्स से हारकर सीएसके उपविजेता रही। वहीं 2010 मुंबई इंडियंस को  हराकर जीत दर्ज की। 2011 में रॉयल चैलेजर्स बैंगलोर को हराया तो 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स से हार उपविजेता बनी। इसी तरह 2013 में उपविजेता (मुंबई इंडियंस से हारी), 2015 उपविजेता (मुंबई इंडियंस से हारी), 2018 विजेता (सनराइजर्स हैदराबाद को हराया), 2019 उपविजेता (मुंबई इंडियंस से हारी), 2021 विजेता (कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया) और 2023 में गुजरात टाइटन्स को हराकर पांचवीं बार आईपीएल खिताब जीता।

सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ  में पहुंची

आईपीएल के शुरुआती आठ सीजनों में सीएसके ने हर बार प्लेऑफ में पहुंचकर इतिहास बनाया है। 2008 से 2015 तक यह टीम लगातार शीर्ष 4 में रही, जो किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए एक सपना है।

सीएसके के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर मुरली विजय के नाम 

मुरली विजय आईपीएल में सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए अपने पहले ही सीजन में 55 गेंदों में 127 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसमें भी 8 चौके और 11 छक्के शामिल थे। उन्होंने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image