अपने डेब्यू मैच में ही कूपर कोनोली ने खेली जिताऊ पारी
2026-04-01 19:30:24
अपने डेब्यू मैच में ही कूपर कोनोली ने खेली जिताऊ पारी
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का चौथा मैच 31 मार्च को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस मैच में पंजाब किंग्स की और से खेल रहे 22 साल के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली का बल्ला जमकर बोला। कोनोली ने 44 गेंद में नाबाद 72 रन की जिताऊ पारी खेली और टीम को 3 विकेट से जीत दिलाई। इस मैच में उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए। कूपर को मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द अवॉर्ड भी दिया गया। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 3 करोड़ रुपये में खरीदा था। कूपर कोनोली ने डेब्यू में ही यह साबित कर दिया है कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं और वह पंजाब किंग्स के लिए बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।
आईपीएल के चौथे मुकाबले में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत दमदार रही। गिल शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए और उन्होंने चौकों-छक्कों की मदद से टीम को तेज शुरुआत दिलाई। महज 3 ओवर में टीम का स्कोर 35 रन तक पहुंच गया। इसके बाद येनसन ने अपने पहले ही ओवर में साई सुदर्शन को आउट कर पंजाब को बड़ी सफलता दिलाई। सुदर्शन 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद गिल और जोस बटलर ने मिलकर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 46 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि, अच्छी लय में दिख रहे गिल 39 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर स्कोर को आगे बढ़ाया और टीम को 100 के पार पहुंचाया। बटलर ने 38 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 25 रन का योगदान दिया। वहीं वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन जोड़े। पारी के आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह ने 11 गेंद के ओवर में 12 रन लुटाए। इस तरह गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में 162 रन तक पहुंचने में सफल रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। पंजाब की ओर से विजयकुमार वैशाक ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
गुजरात टाइटंस के 162 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए जब पंजाब का पहला विकेट गिरा तो, कप्तान अय्यर ने कूपर को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। इस मौके को शानदार अंदाज में भुनाते हुए कोनोली ने धमाकेदार अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक टिककर टीम को जीत दिलाई। 20वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने मैच खत्म किया।
अर्शदीप ने एक ओवर में फेंकी 11 गेंदें
चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम सबसे लंबा ओवर फेंकने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। आपको बता दें कि पहली पारी में 19वें ओवर तक गुजरात का स्कोर 6 विकेट पर 150 रन था। इसके बाद अर्शदीप सिंह आए और 11 गेंदों के ओवर में 12 रन लुटा दिए। इस तरह गुजरात की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में अर्शदीप ने 11 गेंदें फेंक डालीं। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अर्शदीप को गुजरात की पारी का आखिरी ओवर डालने की जिम्मेदारी मिली थी। लेकिन उन्होंने 6 वैलिड गेंदें पूरी करने से पहले 4 वाइड और 1 नो-बॉल फेंक दी। इस तरह उनका ओवर 11 गेंदों का हो गया। इससे पहले आईपीएल में 11 गेंदों का सबसे लंबा ओवर फेंकने वालों में पहले से मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी शामिल हैं आैर अर्शदीप सिंह का नाम भी इसमें शामिल हो गया।