विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का होगा अद्यतन, पात्र युवा मतदाता अवश्य कराएं पंजीयन
रायपुर । भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में पात्र एवं युवा मतदाताओं, विशेषकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन श्रीमती ऋषा ठाकुर ने बताया कि अधिकारी मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण 02 नवंबर 2026 तक किया जाना है।गरियाबंद, जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 54-राजिम के 298 तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 55-बिन्द्रानवागढ़ के 308 मतदान केन्द्रों में निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।
दावे एवं आपत्तियां संबंधित मतदान केन्द्रों में कार्यालयीन समय के दौरान उपस्थित अभिहित अधिकारी के पास जमा किए जा सकते हैं। इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं अभिहित अधिकारियों द्वारा विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष पूर्ण हो रही है तथा जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे संबंधित मतदान केन्द्र में आवेदन प्रस्तुत करें अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन प्रपत्र-6 भरें और अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। पुनरीक्षण अवधि के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांच लें। नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भरें। वहीं, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में जानकारी संबंधित अभिहित अधिकारी को दें तथा नियमानुसार प्रपत्र-7 के माध्यम से विलोपन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिकों का पंजीयन तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से जिले में अद्यतन, स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी।