कांकेर जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 प्रतिभा को मिलेगा मंच, कलेक्टर ने दिए निर्देश
रायपुर । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज कांकेर जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के आयोजन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा भाग ले सकें और उनकी प्रतिभा जन-जन तक पहुंचे। जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रभावी व्यक्तियों और सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिला खेल अधिकारी द्वारा बताया गया कि युवा उत्सव में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर निर्धारित की गई है। जिला स्तरीय आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को होगा, इसमें 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभागी के रूप में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में भाग ले सकेगा और सभी प्रतिभागियों का ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीयन अनिवार्य होगा। विजेताओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय युवा उत्सव (01 से 07 दिसंबर बिलासपुर) में हिस्सा लेंगे। वहां से चयनित प्रतिभागी 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम सहित जिला स्तर के अधिकारीगण, नगरीय निकाय तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।