मध्य प्रदेश
विधायक एवं एसडीएम में हॉट-टॉक: SDM बोले- मुझे हटवा देना, MLA ने कहा- हटवाऊंगा नहीं कार्रवाई करवाऊंगा, वीडियो वायरल
सतना। मध्यप्रदेश के चित्रकूट के मझगवां विकासखंड में समस्या निवारण शिविर के दौरान बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार और एसडीएम जितेंद्र वर्मा के बीच जमकर हॉट-टॉक हो गई। मामले का वीडियो वायरल हो गया है।
दरअसल चित्रकूट विधायक गहरवार बातचीत के दौरान एसडीएम से पटवारी के हल्का में उपस्थित ना रहने को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। इसे लेकर एसडीएम ने आपत्ति जताई और कुछ ही देर में बातचीत हॉट-टॉक में बदल गई। विधायक ने कहा कि मुझे जो कहना है कहूंगा, बकवास मत करो। इस पर एसडीएम ने कहा कि मुझ पर कार्रवाई करवा देना। प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व महा-अभियान 3.0 की शुरुआत की गई है। इस दौरान सभी हल्का पटवारियों को क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का निदान करने कहा गया। जिन मामलों का निराकरण फील्ड पर हो सकता है उनका आवश्यक रूप से निराकरण कर समाधान किया जाए, ताकि एसडीएम व तहसील न्यायालय का बोझ कम हो। इसी सिलसिले में पटवारी को अपने-अपने हल्का में जाने के लिए निर्देश है।
विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार का आरोप है कि कोई भी पटवारी अपने मुख्यालय में नहीं जाता है। सब कुछ कागज में ही चल रहा है। विधायक ने जैसे ही अपनी बात शुरू की एसडीएम ने उन्हें आड़े हाथ ले लिया और कहा कि आप कर्मचारियों को कुछ नहीं कह सकते। कुछ देर में दोनों में बहस के बाद माहौल हंगामाई हो गया।
DAVV के एलुमनाई मीट ‘समागम 2.0’ का आयोजन: पहली बार परिवार संग शामिल होने की अनुमति, डॉ. कविता कासलीवाल ने कहा- “यह मौका है पुराने दोस्तों और सहपाठियों से मिलने का..
इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) में एलुमनाई मीट ‘समागम 2.0’ के आयोजन की तैयारिया पूरी हो गई है। यह कार्यक्रम 23 और 24 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। जिसमें विश्वविद्यालय के सभी पूर्व छात्र-छात्राएं शामिल हो सकते है। इस दो-दिवसीय आयोजन का पहला दिन भव्य उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, और डिनर के नाम रहेगा। जो UTD कैंपस के ऑडिटोरियम में होगा।
दूसरे दिन विभिन्न अध्ययनशालाओं में मनोरंजक गतिविधियों, शिक्षकों और वर्तमान छात्रों से मुलाकात और उद्योग व शिक्षा से जुड़े सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस बार खास बात यह है कि पूर्व छात्रों को अपने जीवनसाथी और बच्चों को साथ लाने की अनुमति दी गई है। पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों और परिवार के सदस्यों के लिए प्रति व्यक्ति 500 रूपए शुल्क तय किया गया है। हालांकि, पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। पूर्व छात्र DAVV की वेबसाइट पर जाकर 500 रुपए प्रति व्यक्ति का शुल्क भरकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। सत्यापन के बाद पास जारी किए जाएंगे। DAVV की अध्यक्ष डॉ. माया इंगले ने कहा कि इस बार का “समागम 2.0” पिछले आयोजन से बड़ा और बेहतर होगा। उन्होंने सभी पूर्व छात्रों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। DAVV की उपाध्यक्ष डॉ. कविता कासलीवाल ने कहा, “यह मौका है पुराने दोस्तों और सहपाठियों से मिलने का, अपनी यादों को ताजा करने का, और नई यादें बनाने का। सभी पूर्व छात्र इस आयोजन में जरूर शामिल हों।’ DAVV एलुमनाई मीट में देश-विदेश से पूर्व छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है।
फिर बदला मौसम का मिजाज, कहीं होगी बारिश तो कहीं पड़ेगी कड़ाके की ठंड, ग्वालियर-चंबल में गिरा रात का पारा
भोपाल। मध्य प्रदेश में दो दिन से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने के बाद आज से फिर मौसम का मिजाज बदल जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर चंबल में ठंड का असर देखने को मिलेगा। सर्द हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट आएगी। जिसके चलते ठंड का असर देखने को मिलेगा। वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। जिससे एक बार कड़ाके की ठंड का सिलसिला होगा।
प्रदेश में बीते तीन से फेंगल तूफान का असर देखने को मिल रहा था। जिसके कारण दिन और रात के तापमान में भी बढ़त दर्ज की जा रही थी। वहीं अब नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पहुंचेगा, जिसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश होने की संभावन है। जिसके कारण मध्य प्रदेश के भी कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं नर्मदापुरम इंदौर संभाग के जिलों में तेज धूप से लोगों को परेशान कर रही है।तो दूसरी ओर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ग्वालियर-चंबल संभाग के कई जिलों में सुबह से हल्की धुंध के साथ ही बर्फीली हवाओं का दौर देखने को मिला। ग्वालियर में रात का न्यूनतम तापमान सबसे कम 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जबलपुर में 12.6 डिग्री, भोपाल में 14 डिग्री, उज्जैन में 16 डिग्री और इंदौर में 16.6 डिग्री दर्ज हुआ।
उज्जैन पहुंचे सीएम डॉ मोहन: चाची के निधन पर अचानक बदला कार्यक्रम, VC के जरिए नर्मदापुरम रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा
भोपाल/उज्जैन। मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव उज्जैन पहुंचे। मुख्यमंत्री की चाची का निधन होने पर उनका कार्यक्रम बदल गया। उन्होंने उज्जैन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए नर्मदापुरम रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम संभाग के उद्योगपतियों से चर्चा की।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन की चाची अन्नपूर्णा यादव का निधन हो गया है। उन्होंने इंदौर के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। अन्नपूर्णा यादव, समाज सेवी गोविंद यादव और बबलू यादव की माताजी है। आज शुक्रवार को उज्जैन के गीता कॉलोनी में शव यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री अपनी चाची की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंच गए है।
आपको बता दें कि सीएम मोहन आज शुक्रवार को नर्मदापुरम जाने वाले थे। जहां वे नर्मदापुरम रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा और रात्रि विश्राम करते, लेकिन उनकी चाची का अचानक निधन होने जाने के चलते कार्यक्रम बदल गया और उन्होंने उज्जैन पहुंचकर नर्मदापुरम संभाग के उद्योगपतियों से चर्चा की।
स्कूल जा रही छात्रा अचानक ब्रिज से गिरी, पुलिसकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल, हादसा या आत्महत्या की कोशिश? जांच में जुटी पुलिस
देवास। मध्य प्रदेश के देवास में आज सुबह एबी रोड स्थित ब्रिज से स्कूल जा रही एक छात्रा अचानक नीचे गिर गई। मौके पर उपस्थित दो पुलिसकर्मी ने छात्रा को देवास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, पटेल नगर बावड़ियां में रहने वाली आयुषी पिता राकेश सोलंकी आज सुबह अपने स्कूल चिमनाबाई जा रही थी। इसी दौरान वह ब्रिज से नीचे गिर गई। जिसके चलते उसे चोट आई है। उपचार हेतु उसे देवास के जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि वह कक्षा नौवीं की छात्रा है और सुबह 7:30 बजे स्कूल के लिए घर से निकली थी। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह पैदल जा रही थी या किसी वाहन से जा रही थी और किन कारणों से वह नीचे गिरी।
फिलहाल छात्रा का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। और खतरे से बाहर बताई जा रही है।औद्योगिक थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी पिंटू देथलिया और विष्णु दांगी द्वारा उसे अस्पताल लाया गया। यहां पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया है। हालांकि छात्रा के ब्रिज पर से गिरने के अलग अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
स्कूल परिसर में मजार का विरोध: हिंदूवादी संगठनों ने की हटाने की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर में क्रमांक 1 शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पिछले कई सालों से कुछ स्थानों पर मजारे बनी हुई है, इसे लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता समेत कथावाचक पंडित मोहित राम पाठक यहां पहुंचे। जहां उन्होंने मजारों से चादर हटाई और कहा कि यहां पर जितनी भी मजार हैं वह हटना चाहिए, नहीं तो बड़ा आंदोलन करेंगे।
वहीं इसे लेकर स्कूल की प्राचार्य सुनीता जैन ने कहा कि पिछले कई सालों से यह मजारे यहां पर है। लेकिन इसको लेकर कभी किसी को कोई आपत्ति नहीं हुई। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर ने भी बताया कि हमें भी इसे लेकर कुछ शिकायतें हुई है। लेकिन हमने बाद में पता किया तो यह मजारे पिछले कई सालों से यहां पर है। अगर ऐसा कुछ है तो हम इस पूरे मामले की जांच कराएंगे।
‘डिमांड ज्यादा है, खाद आधा है’, नेता प्रतिपक्ष के बाद PCC चीफ ने कृषि मंत्री से मांगा इस्तीफा, बोले- MP में कमी तो है…
भोपाल। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के बयान पर सियासत जारी है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बाद अब पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने उनसे इस्तीफा मांगा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डिमांड ज्यादा है, लेकिन खाद आधा है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खाद को लेकर हम विधानसभा में आवाज बुलंद करेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की कमी तो है। अगर खाद की कमी नहीं होती तो लाइन नहीं लगती। एमपी में डिमांड ज्यादा है और खाद आधा है। इसे लेकर हम विधानसभा के अंदर और बाहर आवाज बुलंद करेंगे।
कृषि मंत्री ने दिया था गैर जिम्मेदाराना बयान
दरअसल, कल प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना का गैर जिम्मेदाराना बयान सामने आया था। खाद की समस्या को लेकर उन्होंने कहा था कि यह मेरा विषय नहीं है। मेरा विभाग नहीं है, सहकारिता के जरिए खरीदी होती है। खाद वितरण सहकारिता करती है। प्रदेश में खाद की कहीं कमी नहीं है। जहां कमी है हमें बता दीजिए। कांग्रेस के आरोप निराधार हैं। कैबिनेट में मैं मौजूद था वहां इस प्रकार की कोई बात ही नहीं।
खरीदी केंद्रों में भीड़ पर दिया था ये तर्क
मंत्रीजी ने आगे कहा था कि जहां कमी है, कांग्रेस बताएं, वहां घर-घर खाद पहुंचा दूंगा। खाद खरीदी केंद्रों पर लग रही किसानों की भीड़ पर तर्क दिया कि लोग खाद लेने जब जाते हैं तो एक दुकान पर नहीं मिलती तो दूसरी दुकान पर चले जाते हैं। बंटने में अगर थोड़ी कठिनाई आती है और 100-50 लोग इकट्ठा हो जाते हैं तो वह उसको कहते हैं कि खाद नहीं मिल रहा।
नेता प्रतिपक्ष ने मांगा था रिजाइन
वहीं कृषि मंत्री के बयान पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हमला बोलते हुए इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि किसानों की समस्यायों का पता नहीं है, तो कृषि मंत्री इस्तीफा दें। यह प्रदेश के मंत्री का अल्पज्ञान है। किसानों के मंत्री होकर किसानों की बात करना नहीं चाहते है। हर जिले से मांग आ रही है, यदि खाद की पूर्ति हो गई तो बुलेटिन जारी करें।
मोहन सरकार का एक साल पूरा होने पर जनकल्याण पर्वः सीएम रविवार को मंत्री-कलेक्टरों के साथ करेंगे संवाद
भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ मोहन यादव सरकार का एक साल पूरा होने पर जनकल्याण पर्व के रूप में मनाया जाएगा। सीएम डॉ मोहन यादव रविवार को मंत्री-कलेक्टरों के साथ संवाद करेंगे। सीएम डॉ यादव 8 दिसम्बर को शाम छह बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी, मंत्रियों के साथ जनप्रतिनिधि भी जुड़ेंगे। इसी तरह सभी जिलों में महिला, किसान, युवा और गरीब कल्याण सहित विकास से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों के बारे में अफसरों को निर्देश देंगे।
जनकल्याण पर्व के दौरान गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को लेकर एक साल में हुए कार्यक्रमों पर फोकस करेंगे। 11 से 26 दिसम्बर तक जनकल्याण पर्व मनाया जाएगा।
स्कूल से छात्रा को पहाड़ी के पास ले गए दोस्त, फिर एक-एक कर किया गैंगरेप, अश्लील Video भी बनाया, तंग आकर पीड़ित ने दे दी जान…
दमोह। दमोह में एक बार फिर हैवानियत करने का मामला सामने आया है। यहां आरोपियों ने एक स्कूली छात्रा से गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद इसका वीडियो बना लिया। फिर छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू किया। इन सब से परेशान छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या करली। पूरे मामले में अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में कक्षा 11वीं की छात्रा ने गुरुवार शाम अपने घर में फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पथरिया थाना में 2 स्कूली छात्रों सहित 4 लड़कों पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। जिसपर पथरिया थाना प्रभारी ने पॉक्सो सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि, उसकी नाबालिग बेटी को स्कूल के ही चार छात्र पहाड़ी के पास ले गए। जहां पर इन चारों ने मिलकर गैंगरेप किया। इसके बाद उसका वीडियो बना लिया। आरोपी बेटी को ब्लैकमेल कर रहे थे। इसलिए उसने आत्महत्या कर ली। पिता के द्वारा लगाए जा रहे आरोप की अब पुलिस जांच कर रही है। थाना टीआई सुधीर बेगी ने बताया कि, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी रवि सेन और राकेश पटेल के खिलाफ धारा 107, 70, 64, 70A बीएनएस और पॉक्सो एक्ट 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जल्द पूरी होगी केन बेतवा लिंक परियोजना! सिंचाई परियोजनाओं के लिए 9000 करोड़ का बजट जारी
भोपाल। मध्य प्रदेश में केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से चलाई जा रही सिंचाई परियोजनाओं के लिए फंड जारी हो गया है। जल्द ही बेतवा लिंक परियोजना पूरी होगी। जल संसाधन विभाग ने सिंचाई परियोजना के साथ-साथ केन बेतवा लिंक के लिए 9000 करोड़ का बजट जारी किया है।
जल संसाधन विभाग ने सिंचाई परियोजना के साथ ही केन बेतवा लिंग परियोजना के लिए 9000 करोड़ का बजट जारी किया है। इसके साथ ही एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सहित अन्य अधिकारियों को नसीहत दी गई है। सभी को तय समय के भीतर बजट की राशि खर्च करने की बात कही गई है।
केंद्र की राशि मिलने के बाद राज्य सरकार की तरफ से तय प्रतिशत के बाद ही फंड के इस्तेमाल की अनुमति होगी। योजनाओं को पूरा करने के लिए किसानों को मुआवजा और वन विभाग को भी जल संसाधन बजट की राशि से फंड दिखाई देगा। जल संसाधन विभाग में योजनाओं के रिव्यू के दौरान पाया था, सालों से कई बड़ी परियोजनाएं वन और रेवेन्यू में उलझी थी।
भाजपा संगठन की बैठक: इंदौर पहुंचीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संगठन पर्व की केंद्रीय पर्यवेक्षक डॉ सरोज पांडे, पदाधिकारी से करेंगी वन टू वन चर्चा
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज भाजपा संगठन की बैठक होगी। बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संगठन पर्व की केंद्रीय पर्यवेक्षक डॉ सरोज पांडे इंदौर पहुंचीं है। गुरुवार को होने वाली मीटिंग में संगठन चुनाव को लेकर चर्चा होगी।
इंदौर में आज बीजेपी संगठन की बैठक होगी। मीटिंग को लेकर पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संगठन पर्व की केंद्रीय पर्यवेक्षक डॉ सरोज पांडे इंदौर पहुंची हुई है। सरोज पांडे बैठक में संगठन के पदाधिकारियों से वन टू वन चर्चा करेंगी। कुछ ही देर में यह मीटिंग शुरू होगी।
कल भोपाल में हुई थी पहली बैठक
बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की जिम्मेदारी सरोज पांडे को दी है। बीजेपी ने संगठन चुनाव के लिए मध्य प्रदेश में 16 जिला पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। एक पर्यवेक्षक केा तीन जिलों का प्रभार दिया गया है। बुधवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में सभी पर्यवेक्षकों की पहली बैठक हुई। जिसमें कहा गया कि पार्टी सुचिता पर लगातार फोकस करती है, अब फिर नए सिरे से सक्रिय सदस्यों में से मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष चुना जाना है।
पूरे प्रदेश से साफ चेहरों को चुनने की जिम्मेदारी पर्यवेक्षकों की ही है। जिलों में पर्यवेक्षक ही सर्वेसर्वा हैं। चर्चा-मशवरा सबसे करें, लेकिन बिना किसी प्रभाव और दबाव के नाम निकालना है, साफ और स्वच्छ छवि वाले नाम खोजना है। गौरतलब है कि 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्ष का चुनाव होना है, जबकि जिलाध्यक्ष चुनाव के लिए 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक की समयसीमा तय की गई है।
निकाली जागरूकता रैली, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने प्राकृतिक खेती पर दिया जोर
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आवाहन पर मिट्टी की गुणवत्ता बनाये रखने के प्रति जागरूकता लाने आज 5 दिसम्बर को विश्व मृदा दिवस (World Soil Day) मनाया जा रहा है। ग्वालियर की राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। कॉलेज कैंपस से शुरू हुई यह रैली शहर के अलग-अलग चौक चौराहों से होती हुई गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलेजो के साथ ही स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इसके अलावा रैली में झांकी प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसके जरिए लोगों को सॉइल टेस्टिंग के प्रति जागरूक किया गया।
बता दें कि विश्व मृदा दिवस (World Soil Day) 2024 की थीम ‘मिट्टी की देखभाल: माप, निगरानी, प्रबंधन’ रखा गया है। जो कि मिट्टी की विशेषताओं को समझने और खाद्य सुरक्षा के लिए स्थायी मृदा प्रबंधन पर सही निर्णय लेने में सटीक मृदा डेटा और सूचना के महत्व को दर्शाता है। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर अरविंद कुमार शुक्ला का कहना है कि लोग ज्यादा से ज्यादा उत्पादन के लिए मिट्टी की क्वालिटी को लगातार खराब कर रहे हैं ऐसे में लोग प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक हो मिट्टी की गुणवत्ता को बनाए रखें इसको लेकर सभी को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के सभी एग्रीकल्चर कॉलेज द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता रैली और कार्यक्रम किए गए हैं। उद्देश्य यही है कि विश्व मृदा दिवस पर लोग अपने क्षेत्र की मिट्टी को स्वस्थ रखने के प्रति जागरूक हो।
करोड़ों की लागत से बना छात्रावास 2 साल से बंद: देर रात छात्र-छात्राओं ने किया हंगामा, किराए पर रहने को मजबूर स्टूडेंट
बड़वानी। मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य बड़वानी जिले में विद्यार्थियों को पढ़ाई की सुविधा मिले इसके लिए करोड़ों रुपए की लागत से छात्रावास का निर्माण किया गया। लेकिन संसाधन के अभाव में विद्यार्थियों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने छात्रावास भवन के सामने देर रात धरना प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। छात्र-छात्राओं के हंगामा करने के बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और प्राचार्य सहित कॉलेज समिति के लोग मौके पर पहुंचे।
करोड़ों की लागत से बना भवन शोपीस
छात्रा संजना चौहान ने बताया कि, करोड़ों रुपए की लागत का भवन शोपीस बनकर रह गया है। भवन का संचालन नहीं होने के कारण मजबूरी में विद्यार्थियों को किराए के कमरों में रहना पड़ रहा है। विद्यार्थी नए भवन की शुरुआत का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन छात्रावास भवन शुरू नहीं किया जा रहा है। भवन बनकर पूरी तरह से तैयार है। उसके बाद भी भवन को शुरू नहीं किया जा रहा है।
2 साल से बंद है छात्रावास
एनएसयूआई नेता बादल गिरासे ने बताया कि, बड़वानी शहर में पीआईयू विभाग ने करोड़ों रुपए की लागत से तीन छात्रावास भवन का निर्माण किया है। इसमें से दो छात्रावास 2 साल वह एक छात्रावास 2 माह से बन कर तैयार है। लेकिन उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। इन भवनों का संचालन व रखरखाव नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व भवन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके कारण विद्यार्थियों के उपयोग होने के पहले ही भवन जर्जर होने की संभावना बनी हुई है। समय रहते इन भवनों का उपयोग नहीं किया गया तो विद्यार्थियों को सुविधा नहीं मिल पाएगी।
पीआईयू विभाग की ईई आरती यादव ने बताया कि, ट्रेचिंग ग्राउंड के पास व ऑफीसर कॉलोनी के पास संयुक्त बालक और बालिका छात्रावास का निर्माण किया गया है। जिसकी लागत करीब 9 करोड़ 95 लाख रुपए है। यह भवन तीन मंजिला है। जिसमें 150-150 सीट के आधार पर निर्माण किया गया है। इन दोनों भवनों को बनाकर विभाग को करीब दो साल पहले ही दे दिया है। भवनों में संसाधन नहीं होने के कारण उसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी के प्राचार्य यह कन्या महाविद्यालय का छात्रावास भवन है। इसको शुरू करने के प्रयास हम लोगों के द्वारा किए जा रहे हैं। छात्राएं दो-तीन बार हमसे मिल भी चुकी है। और हमने इन्हें आश्वासन भी दिया है कि हम प्रयास कर रहे हैं। जल्द से जल्द भवन को चालू करवाया जाएगा। स्टाफ की कमी है कर्मचारियों पर्याप्त उपलब्ध हो जाए। संचालन के लिए अतिरिक्त व्यय मिल जाए। परिसर की अच्छे से साफ सफाई हो जाए क्योंकि भवन के पास ट्रेचिंग ग्राउंड है। नालियों का गंदा पानी भी यहां जमा हो रहा है। इसके कारण भी हम यहां संचालन नहीं कर पा रहे हैं।
दमोह में बोलेरो पलटने से 1 की मौत, रायसेन में ओवरलोड ट्रक दुकानों पर पलटा, तीन घायल
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह और रायसेन से सड़क हादसे की दो घटना सामने आई। इन दोनों ही हादसे में एक की मौत तो तीन घायल बताई न रहे हैं। दमोह में जहां अनियंत्रित होकर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हुई तो वहीं रायसेन में ओवरलोड ट्रक पलटकर दुकानों पर गिर गया। जिससे दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ।
दमोह में सड़क हादसे में एक की मौत
दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बोलेरो सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने एक युवक अरवेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल महेंद्र सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है।
दोनों युवक जायसवाल शराब कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
रायसेन में ओवरलोड ट्रक पलटकर दुकानों पर गिरा
इधर रायसेन जिले में बीती रात करीब 3 बजे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक नगर के महामाया चौक पर दो दुकानों पर जा गिरा, जिससे दोनों दुकान अग्रवाल वस्त्रालय और नाज बूट हाउस को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। साथ ही एक चाय की दुकान भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों को ट्रक से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि ओवरलोड ट्रक बैरसिया से धान लेकर पिपरिया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
छुट्टी के लिए छात्र को मार डाला: टीचर ने स्टूडेंट की मौत बताकर लिया अवकाश, पिता बोले- मेरा बेटा जिंदा है…कलेक्टर ने किया सस्पेंड
मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया हैं। जहां एक शिक्षक ने अपनी छुट्टी के लिए छात्र को ही मार डाला। स्टूडेंट को मृत बताकर टीचर ने छुट्टी ले ली। वहीं छात्र के पिता ने बताया कि मेरा बेटा जिंदा है। कलेक्टर ने इस पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए टीचर को सस्पेंड कर दिया है।
यह पूरा मामला मऊगंज जिले के नईगढ़ी के सरकारी स्कूल का है। जहां पदस्थ शिक्षक हीरालाल पटेल ने तीसरी के छात्र को मरा बताकर छुट्टी ले ली। उन्होंने स्कूल के रजिस्टर में लिखा कि छात्र के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा हूं। जब यह बात छात्र के पिता सूरज कोरी को पता चली तो उनके भी होश उड़ गए। उन्होंने थाने पहुंचकर कहा कि मेरा बेटा जिंदा है। साथ ही स्टूडेंट के पिता ने टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
सूरज कोरी ने बताया कि दूसरे टीचर ने पूछा तब पता चला। छात्र के पिता ने बताया कि मेरा बेटा चिगिर टोला स्कूल में पढ़ता है। जहां पर शिक्षक हीरालाल ने मेरे बेटे को मृत घोषित कर दिया। साथ ही रजिस्टर में लिख दिया कि ये खत्म हो गया है। मैं उसके दाह संस्कार में जा रहा हूं। जबकि मेरा बेटा जीवित है। शिक्षक ने ये जानकारी मास्टर ग्रुप में डाल दी।
छात्र के पिता ने बताया कि एक अन्य शिक्षक मुझे मिला तो उसने पूछा तुम्हारा बच्चा कैसे खत्म हो गया। मैंने कहा नहीं मेरा बच्चा जिंदा है। दूसरे टीचर ने बताया कि हमें सूचना आई है कि तुम्हारे बेटे की मौत हो गई है। मैंने कहा वह सूचना मेरे पास मोबाइल पर भेजे। इसके बाद मैंने प्रिंट निकलवाया और शिकायत करने थाने पहुंचा। इधर, यह जानकारी कलेक्टर तक भी पहुंची, जिसके बाद आरोपी टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है।
हत्या या आत्महत्या ? नेपानगर में लापता युवक का मिला शव, इधर अशोकनगर में नग्न अवस्था में मिली लाश, खाक छान रही खाकी
अशोकनगर। मध्य प्रदेश के नेपानगर में भातखेड़ा-बदनापुर मार्ग पर पेड़ से लटका हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इधर अशोकनगर में संदिग्ध परिस्थिति में युवक का शव मिला। दोनों ही मामले की सूचना पर मौके पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पेड़ से लटका मिला युवक का शव
नेपानगर में भातखेड़ा-बदनापुर मार्ग पर सड़क किनारे एक पेड़ से लटका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को शव मिलने की सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक की पहचान नेपानगर तहसील के ग्राम अंबाड़ा निवासी युवक के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह कल रात से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
छुट्टी के लिए छात्र को मार डाला: टीचर ने स्टूडेंट की मौत बताकर लिया अवकाश, पिता बोले- मेरा बेटा जिंदा है…कलेक्टर ने किया सस्पेंड
संदिग्ध हालत में मिला युवक का खून से लथपथ शव मिला
इधर अशोकनगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मंदसौर मिल परिसर में एक युवक का निर्वस्त्र और खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव के पास पत्थर भी पाया गया। जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया बताया जा रहा है। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। जानकारी मिलते ही एसडीओपी और कोतवाली टीआई मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में पता चला कि युवक की मौत सिर पर हमला होने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है की मृतक कौन है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
चुनाव हारने के बाद भी मंत्री बनाए रखने की तैयारी: निगम मंडल में एडजस्ट किए जाएंगे रामनिवास रावत, कैबिनेट मंत्री का दर्जा देगी सरकार
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में विजयपुर से बीजेपी प्रत्याशी रहे वन मंत्री रामनिवास रावत को हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद रामनिवास रावत ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन अब तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। इस बीच खबर है कि चुनाव हारने के बाद भी रामनिवास रावत को मंत्री बनाया जा सकता है। उन्हें निगम मंडल में एडजस्ट करने की तैयारी है। सरकार रावत को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे सकती है।
एमपी के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने वन मंत्री रामनिवास रावत को प्रत्याशी बनाया था। लेकिन इलेक्शन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद रावत ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि अब तक उनके इस्तीफे को मंजूर नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि चुनाव हारने के बाद भी वन मंत्री रामनिवास रावत को मंत्री बनाए रखने की तैयारी है। रावत को निगम मंडल में एडजस्ट किया जाएगा। सरकार रामनिवास को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देगी। रावत ने कल ही सीएम डॉ मोहन यादव से मुलाकात की थी।
आपको बता दें कि एमपी की दो विधानसभा सीट बुधनी और विजयपुर में 20 नवंबर को उपचुनाव हुए थे। 23 नवंबर को रिजल्ट जारी किया गया था। बुधनी में बीजेपी के रमाकांत भार्गव ने जीत दर्ज की तो वहीं विजयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने कब्जा जमाया। कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने बीजेपी प्रत्याशी व वन मंत्री रामनिवास रावत को 7364 वोटों से हराया था। मुकेश मल्होत्रा को 100469 और रामनिवास रावत को 93105 वोट मिले थे।