देश-विदेश
सिर्फ माल कमाते हैं ये लोग…’, दिल्ली चुनाव को लेकर ललन सिंह ने दिया बड़ा बयान, कहा- बंद होने वाला है AAP का खाता
पटना. : केंद्रीय मंत्री और जदयू के कद्दावर नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि, दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी का खाता बंद होने वाला है. केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों का वोट लेकर उनको कष्ट में रखा है. पूर्वांचल के लोगों के रहने वाले कॉलोनी की हालत देख लीजिए कोई काम नहीं किये वो लोग सिर्फ बात बनाते हैं और माल कमाते हैं.
सीएम नीतीश को लेकर कही ये बात
नीतीश कुमार के थक जाने आरोप पर ललन सिंह ने कहा कि, तेजस्वी यादव को जो कहना है कहते रहें. नीतीश कुमार 20 साल शासन करने के बाद आज भी ज़िलों का दौरा कर रहे हैं और नीतीश काम करने वाले हैं. ये लोग बात बनाने वाले हैं.बात बनाते रहे. बता दें कि कल गणतंत्र दिवस के मौके पर सीएम नीतीश की तबीयत खराब हो गई थी, उन्हें सर्दी और बुखार की शिकायत थी. जिसकी वजह से आज की उनकी प्रगति यात्री को भी टाल दिया गया है. वहीं, विपक्ष के नेता लगातार सीएम का उम्रदराज और थका हुआ बता रहे हैं.
1 सीट पर चुनाव लड़ रही है JDU
बता दें कि एनडीए गठबंधन के तहत जदयू दिल्ली में एक सीट पर चुनाव लड़ रही है. हालांकि बाकी सीटों पर जदयू एनडीए में शामिल अपने सहयोगी दलों के लिए वोट की अपील करेगी. जदयू ने हालही में स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी. इस लिस्ट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समते 20 अन्य नेताओं का नाम भी शामिल है.
कुर्सी का चक्कर ‘बाबू भैया’, सीएम नीतीश के बड़बोले विधायक ने गणतंत्र दिवस समारोह में जमकर काटा बवाल, कार्यकर्ताओं के साथ की गाली गलौज
भागलपुर. भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के कचहरी मैदान में गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन के समय कुर्सी पर बैठने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बड़बोले विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने एक बार फिर बवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ गाली गलौज एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग भी किया।
झंडोत्तोलन कार्यक्रम में पहुंचे थे विधायक
बता दें कि नवगछिया अनुमंडल के मैदान में गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण पर जेडीयू विधायक गोपाल मंडल पहुंचे थे। विधायक के पहुंचने के बाद वो अपने बैठने के लिए कुर्सी ढूंढने लगे। लेकिन उन्हें खाली कुर्सी नहीं दिखी। जिसके बाद विधायक नाराज हो गए। नाराज जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने जिसके बाद बवाल करना शुरू कर दिया और दूसरे की कुर्सी खींचने लगे।
लोगों के साथ किया गाली गलौज
नाराज जेडीयू विधायक गोपाल मंडल को जो भी समझाने और शांत करने का कोशिश किया। विधायक ने उसके साथ गाली गलौज और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। जिसके बाद अनुमंडल कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी सुधीर कुमार, एसडीपीओ ओम प्रकाश को बीच बचाव कर के मामला शांत करना पड़ा। जिसके बाद भागलपुर जिला के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के नाराज जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने पीछे की ओर से कुर्सी और सोफा मंगवा कर मंच के बाहर बैठे और अपने परिवार के लोगों को भी बैठाया।
विधायक गोपाल मंडल का ये कोई नया मामला नहीं है। इसके पूर्व भी विधायक गोपाल मंडल कुर्सी पर बैठने को लेकर बवाल कर चुके है। इसके पूर्व वर्ष 2023 में भी गणतंत्र दिवस के मौके पर नवगछिया पुलिस लाइन में सोफे पर बैठने को लेकर पूर्व सांसद अनिल यादव के साथ झड़प कर चुके है।
अमृतसर में बाबा साहब की मूर्ति तोड़ने की कोशिश
एक तरफ जहाँ आज पूरा देश 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा था, वहीं दूसरी ओर संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को अमृतसर के हेरिटेज स्ट्रीट पर किसी शरारती व्यक्ति ने तोड़ने की कोशिश की और संविधान को आग लगा दी. इस घटना के विरोध में दलित समाज ने हालगेट के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
पत्रकारों से बात करते हुए दलित समाज के नेताओं ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक व्यक्ति ने संविधान निर्माता डॉक्टर अंबेडकर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, यह खुली बेअदबी है. इस घटना के विरोध में लोग इकट्ठा हुए और कल पंजाब बंद का आह्वान करेंगे.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रदर्शनकारियों से बातचीत के दौरान मौके पर पहुंचे एआईजी जेएस वालिया ने बताया कि डॉक्टर अंबेडकर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही दलित समाज के नेता कल अपनी बैठक करेंगे.
कांग्रेस नेता ने की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस पार्टी के पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि गणतंत्र दिवस के दिन बाबा साहब की मूर्ति को खंडित करने की यह घिनौनी हरकत निंदनीय है. उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस घटना के पीछे की साजिश और
शक्तियों का पर्दाफाश किया जाए.
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन सिर्फ अमृतसर बंद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती.
पंजाब पुलिस ने बनाई थानों में धमाके रोकने के लिए योजना… चारदीवारी पर लगेगी कांटेदार तार
पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में स्थित पुलिस थानों पर हमलों के बाद, पंजाब पुलिस ने “थिंक टैंक” के तहत नई रणनीति बनाई है. इसके तहत 78 थानों और चौकियों को चिन्हित किया गया है. इन सभी थानों को चारदीवारी से घेरा जाएगा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए चारदीवारी के ऊपर कांटेदार तार लगाई जाएगी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन इमारतों को असुरक्षित माना गया है, उन्हें गिरा दिया जाएगा ताकि किसी प्रकार की हानि न हो. यह कार्य चार महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, और इस महीने से ही काम शुरू हो जाएगा. नवंबर और दिसंबर 2022 में पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, और नवांशहर के थानों और चौकियों में हुए धमाकों के बाद यह कदम उठाया गया है.
डीएसपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
हमलों के बाद पुलिस ने सरकारी इमारतों और थानों की सुरक्षा में कुछ बदलाव किए हैं. सभी थानों में अस्थायी जाल और हरी चादरें लगाई गई हैं ताकि बाहर से फेंकी गई कोई भी वस्तु अंदर न जा सके. रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को विशेष जांच की जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा, वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में सक्रिय हैं. पुलिस और जनता के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है ताकि सूचनाएं तुरंत पुलिस तक पहुंच सकें. सीमावर्ती क्षेत्रों के सभी थानों के एसएचओ को आधुनिक गाड़ियां दी गई हैं.
डीजीपी और राज्यपाल ने जताई चिंता
डीजीपी गौरव यादव ने हाल ही में पंजाब का दौरा किया था. राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी कहा है कि पाकिस्तान लगातार माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है.
आतंकी देश के युवाओं का सहारा ले रहे हैं
पंजाब पुलिस का कहना है कि पिछले 9 वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस का मनोबल तोड़ने की कोशिशें हो रही हैं. हालांकि, आतंकियों को अब तक सफलता नहीं मिली है. अब वे बाहरी लोगों को भेजने के बजाय देश के ही युवाओं का सहारा ले रहे हैं.
पिछले हमले और उनकी जांच
2 जनवरी 2016 को पठानकोट एयरबेस पर हमला हुआ था, जिसमें सेना के 2 जवानों समेत 5 लोग शहीद हुए थे.
9 मई 2022 को मोहाली में पुलिस मुख्यालय पर ग्रेनेड हमला हुआ.
दिसंबर 2022 में सहराली थाने पर ग्रेनेड हमला किया गया.
नाराज गुर्जर नेता विजय बैंसला बोले- टिकट काटने पर चर्चा नहीं की
भाजपा नेता और गुर्जर आरक्षण आंदोलन के अगुवा कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के बेटे विजय बैंसला इन दिनों अपनी ही पार्टी से नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम में उन्होंने गुर्जर समाज के प्रतिनिधित्व और पार्टी के फैसलों पर खुलकर अपनी राय रखी।
गुर्जर समाज के लिए प्रतिनिधित्व की मांग
विजय बैंसला ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में देवली-उनियारा से टिकट काटे जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “पार्टी ने मुझसे चर्चा नहीं की। अगर बात होती तो शायद हालात अलग होते।” बैंसला ने यह भी कहा कि सरकार में गुर्जर समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा। उन्होंने राज्य मंत्री पद मिलने पर आभार जताया लेकिन कहा कि “हमारा प्रतिनिधित्व और बढ़ना चाहिए। समाज की यही मांग है।”
सचिन पायलट के लिए समर्थन का संकेत
गुर्जर समाज के एक कार्यक्रम में विजय बैंसला और कांग्रेस नेता सचिन पायलट एक ही मंच पर नजर आए। इस दौरान पायलट के समर्थन में नारे लगाए गए, “पायलट तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं।” विजय बैंसला ने भी मंच से कहा, “हम भी साथ हैं, चिंता मत करो।” उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में कई चर्चाओं को जन्म दिया।
बीजेपी के भीतर असंतोष के संकेत
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद उपचुनाव में भी बैंसला को टिकट नहीं दिया गया था। इसकी जगह राजेंद्र गुर्जर को उम्मीदवार बनाया गया था। इस फैसले को लेकर बैंसला ने अब अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है।
गुर्जर समाज के लिए अपने संघर्ष को जारी रखने की बात करते हुए बैंसला ने यह भी कहा कि समाज के हक और प्रतिनिधित्व के लिए सुधार की जरूरत है। अब देखना होगा कि उनके इन बयानों का बीजेपी और प्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।
पुलिस मुख्यालय में बम की झूठी सूचना से मचा हड़कंप, एक आरोपी गिरफ्तार
राजधानी के पुलिस मुख्यालय और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बम होने की सूचना ने रविवार रात हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में पुलिस ने कॉल करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि यह सूचना महज अफवाह थी।
शराब के नशे में दी गई झूठी सूचना
रविवार रात पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आई, जिसमें जयपुर पुलिस मुख्यालय और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में बम होने की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। कॉलर की पहचान निरंजन के रूप में हुई, जो आदतन शराबी है। उसने नशे में यह झूठी सूचना दी थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
कॉल ट्रेस करने के बाद पुलिस ने निरंजन को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि कॉल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को शिप्रा पथ थाना क्षेत्र से पकड़ा। मेडिकल जांच में उसकी शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
झूठी सूचना से प्रशासन में हलचल
पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर मुख्यालय और अन्य स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, बम जैसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। शराबी की झूठी सूचना के कारण पुलिस और प्रशासन की भारी मशक्कत करनी पड़ी।
अफवाहों का सिलसिला जारी
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलिस कंट्रोल रूम, स्कूलों, अस्पतालों, और फ्लाइट्स में बम होने की झूठी सूचनाएं दी जा चुकी हैं। पिछले साल भी कई ऐसे मामले सामने आए, जहां अफवाहों ने प्रशासन को परेशान किया।
फ्लाइट और सीएम सुरक्षा पर भी अफवाहें
हाल ही में फ्लाइट्स और मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ी झूठी सूचनाएं भी सामने आई थीं। इन मामलों में भी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी।
राजस्थान में हरियाणा पुलिस पर हमला: आरोपी छुड़ाया, गाड़ी के ड्राइवर का अपहरण
ऑनलाइन धोखाधड़ी और अवैध यूएसडी लेन-देन जैसे मामलों में कार्रवाई के लिए राजस्थान के कुचामन पहुंची हरियाणा पुलिस टीम पर हमला हुआ। आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर न केवल गिरफ्तार युवक को छुड़ा लिया, बल्कि गाड़ी के ड्राइवर का अपहरण भी कर लिया।
हरियाणा पुलिस ने कुचामनसिटी के राणासर इलाके से एक युवक को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस उसे लेकर रवाना हुई, तो युवक के 8-10 साथियों ने बोलेरो गाड़ी का पीछा किया। काला भाटी की ढाणी में स्थित किलका पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद आरोपियों ने हरियाणा पुलिस टीम पर हमला कर मारपीट की। उन्होंने न केवल गिरफ्तार युवक को छुड़ा लिया, बल्कि पुलिस गाड़ी के ड्राइवर को भी अपने साथ ले गए। घटना के दौरान पुलिस टीम को हल्की चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई। एडिशनल एसपी नेमीचंद खारिया, सीओ अरविंद विश्नोई और सीआई सतपाल चौधरी की अगुवाई में नाकाबंदी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे इलाके में संदिग्धों की तलाश कर रही है।
उत्तराखंड में आज लागू होगा UCC : सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे नियमावली और पोर्टल का लोकार्पण
देहरादून। उत्तराखंड वासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। ढाई साल की तैयारियों के बाद आज देवभूमि में यूसीसी यानि समान नागरिक संहिता लागू होने जा रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्य सेवक सदन में आज UCC की नियमावली और पोर्टल का लोकार्पण करेंगे। जिसके लिए शासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है। गृह सचिव ने इस संबंध में शनिवार को एक पत्र भी जारी किया था। आज यूसीसी लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन जाएगा।
समान नागरिक संहिता अधिनियम, 2024 के तहत विवाह समारोह उसी परंपरागत तरीके से संपन्न किए जा सकेंगे। जैसे अब तक होते आए है। चाहे वह “सप्तपदी”, “निकाह”, “आशीर्वाद”, “होली यूनियन” या आनंद विवाह अधिनियम, 1909 के तहत “आनंद कारज” हो या फिर विशेष विवाह अधिनियम, 1954 अथवा आर्य विवाह मान्यकरण अधिनियम, 1937 के अनुसार विवाह किया जा रहा हो-अधिनियम सभी धार्मिक व प्रथागत रीति-रिवाज़ों का सम्मान करता है। अधिनियम अनुसार यह ज़रूरी है कि विवाह के लिए अधिनियम में उल्लिखित बुनियादी शर्तें (उम्र, मानसिक क्षमता और जीवित जीवनसाथी का न होना आदि) पूरी की जाएं। इससे राज्य के लोगों की सांस्कृतिक विविधता और धार्मिक आज़ादी सुरक्षित रहती है, जबकि विवाह के मूलभूत कानूनी मानकों का भी पालन सुनिश्चित होता है।
इस संहिता की एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक विशेषता यह है कि यदि कोई विवाह अमान्य या रद्द करने योग्य घोषित भी कर दिया जाए, तब भी उससे जन्म लेने वाले बच्चे को वैध (Legitimate) माना जाता है। यह प्रावधान बच्चों के कानूनी अधिकारों की रक्षा करता है और परिवार कल्याण के प्रति अधिनियम की संवेदनशीलता को दर्शाता है। विविध विवाह समारोहों को सम्मान देते हुए, अमान्य व रद्द करने योग्य विवाह के स्पष्ट प्रावधानों के माध्यम से, तथा बच्चों को वैधता प्रदान करके, उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता अधिनियम, 2024 राज्य के सभी नागरिकों के लिए सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और कानूनी स्पष्टता, दोनों सुनिश्चित करने का काम करता है।
कॉमन सिविल कोड देवत्व पर प्रहार, CM धामी पर भड़के हरीश रावत, बोले- लव जिहाद के लिए लोगों को लाइसेंस दे दिया
देहरादून। उत्तराखंड में लगभग ढाई साल की तैयारियों के बाद आज यूसीसी यानि समान नागरिक संहिता लागू होने जा रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्य सेवक सदन में आज UCC की नियमावली और पोर्टल का लोकार्पण करेंगे। जिसके लिए शासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है। गृह सचिव ने इस संबंध में शनिवार को एक पत्र भी जारी किया था। आज यूसीसी लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन जाएगा।
हरीश रावत ने बीजेपी पर बोला हमला
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड में UCC लागू होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कद बढ़ा है लेकिन बीजेपी ने उत्तराखंड को एक “टेस्टिंग लैब” बना दिया है। भाजपा से आरएसएस पूछ रहा था कि कॉमन सिविल कोड कब आएगा। इसके लिए धामी और उत्तराखंड को यूज किया गया है। यूसीसी से सिर्फ धामी को फायदा होगा, यहां की जनता को इससे नुकसान होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि जो लोग लव जिहाद के लिए लड़ने की बात करते है। उन्होंने लव जिहाद के लोगों को लाइसेंस दे दिया।
कॉमन सिविल कोड देवत्व पर प्रहार
हरीश रावत ने कहा कि अभी तक के कानून में जो हमारे यहां अपराधी था। उसे कॉमन सिविल कोड के जरिए भाजपा ने प्रोटेक्शन दे दिया। कुल मिलाकर कॉमन सिविल कोड ने हमारे देवत्व पर प्रहार कर दिया। रावत ने यह भी आरोप लगाया कि जैसे शिकार के लिए बकरी बांध दी जाती है। वैसे ही उत्तराखंड को पेश किया जा रहा है। धामी का कद जरुर बढ़ेगा लेकिन यहां के लोगों को कई प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ेगा।
सावणी में लगी भीषण आग : एक महिला जिंदा जली, 9 मकान जलकर राख
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 9 मकान जलकर राख हो गए। वहीं इस घटना में एक महिला की मौत हो गई और 22 से 25 परिवार बुरी तरह प्रभावित हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग को काबू किया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
एक महिला जिंदा जली
यह पूरा मामला जिले के मोरी ब्लॉक के सावणी गांव का है। जहां, रात के तकरीबन 11 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया और 9 मकान जलकर राख हो गए। मौके पर कोहराम मच गया और जान बचाने के लिए लोग इधर- उधर भागने लगे। इसी दौरान 75 साल की वृद्ध महिला ब्रह्म देवी आग की चपेट में आ गई और उसकी जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र उत्तरकाशी को रात के तकरीबन 10.40 बजे घटना की जानकारी मिली। पुलिस, फायर विभाग की टीम एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरु किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू करने में तीन घंटे से ज्यादा का समय लगा।
सीएम धामी ने जताया दुख
सीएम धामी ने कहा कि जनपद उत्तरकाशी के सावणी गांव में आग लगने से कई घरों के इसकी चपेट में आने का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस संबंध मैं निरंतर जिलाधिकारी से संपर्क में हूं। एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस, वन विभाग की टीम सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। इस मुश्किल समय में हम ग्रामवासियों के साथ खड़े हैं, प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का प्रयागराज दौरा आज, संगम में लगाएंगे आस्था की डुबकी, साधु-संतों से करेंगे मुलाकात
प्रयागराज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। जहां वो महाकुंभ का भ्रमण करेंगे और मेला स्थल में मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेंगे। इस दौरान अमित शाहर त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ भी अमित शाह के साथ संगम नोज और बड़े हनुमान जी मंदिर और अक्षयवट का दर्शन करेंगे। दोनों नेता जूना अखाड़ा भी जाएंगे और मानव उत्थान सेवा समिति के शिविर का उद्घाटन करेंगे, जो उत्तराखंड के मंत्री सतपाल महाराज द्वारा लगाया गया है। साथ ही अमित शाह श्रृंगेरी और पुरी के शंकराचार्यों से भी मिलेंगे। सीएम योगी शाम 6.45 बजे प्रयागराज से लखनऊ रवाना होंगे।
साधुओं के साथ करेंगे भोजन
केंद्रीय गृह मंत्री के महाकुंभ दौरे को लेकर प्रशासन ने सारी तैयारियां कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। जिलाधिकारी और अन्य अफसरों ने तैयारियों की समीक्षा भी कर ली है। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि संगम में स्नान करने के बाद शाह संगम नगरी के कुछ संतों से भी मुलाकात करेंगे। महाकुंभ में स्नान करने के बाद गृहमंत्री अमित शाह प्रयागराज के संगम नगरी में पहुंचे कुछ संतों से मुलाकात करेंगे। जिनमें शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती महाराज, गोविंद गिरी महाराज और शरणानंद जी महराज के साथ अखाड़ें कई साधु-संत शामिल है। केंद्रीय मंत्री जगन्नाथ ट्रस्ट शिविर में संतों के साथ जलपान ग्रहण करेंगे और उसके बाद शाम 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि महाकुंभ में 26 जनवरी के दिन 1.74 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। अब तक 13.21 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। 23 जनवरी तक 9.73 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई थी। 10 लाख से ज्यादा लोग महाकुंभ में कल्पवास कर रहे हैं। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, अखिलेश यादव, रवि किशन, सीएम योगी और उनका पूरा मंत्रिमंडल संगम में स्नान कर चुके हैं।
महाकुंभ से लौट रहे थे श्रद्धालु, तभी हुआ कुछ ऐसा कि चल गई 4 लोगों का जान, जानें पूरा मामला
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। सभी लोग महाकुंभ से स्नान करके वापस लौट रह थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और ट्रक से भिड़ गई। मौके पर चीख पुकार मच गई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई
यह पूरी घटना फतेहाबाद क्षेत्र के एक्सप्रेसवे 31 किमी पर हुई। महाकुंभ से लौट रही एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई गई और दूसरी लाइन में जाकर ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चार लोगों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया। दिल्ली निवासी ओम प्रकाश आर्या अपनी पत्नी पूर्णिमा सिंह और 12 वर्षीय बेटी अहाना और 4 वर्षीय बेटे विनायक के साथ महाकुंभ गए थे। वहां से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। ओम प्रकाश आर्या सुभाष पार्क गली नंबर तीन उत्तम नगर दिल्ली में रहता था। मृतकों के परिजनों को घटना के संबंध में सूचना दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अमृतसर में बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने का प्रयास, मायावती ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, बोली- कार्रवाई करें नहीं तो
लखनऊ। पंजाब के अमृतसर के हेरिटेज स्ट्रीट में गणतंत्र दिवस पर संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने की कोशिश की गई। जिसको लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने पंजाब के आप सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि आम जनता को इनके दोहरे चरित्र को समझने की जरुरत है। बसपा सुप्रीमो ने दिल्ली की जनता को आम आदमी पार्टी के साथ-साथ कांग्रेस और भाजपा का चेहरा पहचानने और अम्बेडकरवादी पार्टी बीएसपी को वोट देने की बात कही।
आसमाजिक तत्वों पर कार्रवाई करे
मायावती ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डा.भीमराव अम्बेडकर की पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मन्दिर के पास हेरिटेज स्ट्रीट में स्थापित प्रतिमा खण्डित करने व वहां संविधान की किताब के नजदीक आग लगाने का प्रयास शर्मनाक है। सरकारी लापरवाही से हुई ऐसी घटना की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है। पंजाब में आप पार्टी की सरकार इस दुखद व अप्रिय घटना को अति-गंभीरता से लेकर ऐसे आसमाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी दुखद व तनाव पैदा करने वाली घटनाओं की पुनरावृति ना हो सके।
अम्बेडकर का अनादर सरकार के लिए शर्मिंदगी
मायावती ने आगे लिखा, ऐसे समय में जब पूरा देश कल बाबा साहेब का संविधान लागू होने के ऐतिहासिक दिन पर 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा था, संविधान निर्माता भारतरत्न डा. अम्बेडकर की प्रतिमा का यह अनादर करना खासकर आप पार्टी व उसकी सरकार के लिए बहुत शर्मिन्दगी की बात है। साथ ही, बाबा साहेब डा अम्बेडकर का हर प्रकार का अनादर-अपमान तथा भारतरत्न नहीं देकर उनका तिरस्कार करना तथा उनके अनुयाइयों की हमेशा उपेक्षा करने वाली कांग्रेस पार्टी द्वारा उनकी जन्मस्थली मध्यप्रदेश के महू में संविधान दिवस रैली करना विशुद्ध राजनीतिक छल व छलावा तथा चुनावी स्वार्थ है।
जनता सोच समझकर वोट दें
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि ऐसे समय में जब अभी दिल्ली में विधानसभा का आमचुनाव चल रहा है। दिल्ली के मतदाताओं को खासकर आप, कांग्रेस व भाजपा के भी दोगले चाल, चरित्र व चेहरे से सावधानी बरतते हुए केवल अपनी अम्बेडकरवादी पार्टी बीएसपी को ही वोट देकर इसे मजबूत बनाएं, यही इनके हित में है।
‘AAP मतलब अवैध आमदनी वाली पार्टी’, केंद्रीय मंत्री अमित शाह का केजरीवाल पर करारा प्रहार, कहा- 5 फरवरी आप-दा को विदाई देने नरेलावासी संकल्पित
दिल्ली की चुनावी (Delhi Assembly Elections 2025) रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने करारा प्रहार किया हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ वोट के लिए झूठ बोला है। शाह ने कहा कि 8 फरवरी को केजरीवाल का कुशासन खत्म हो जाएगा, जब भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आएगी। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री ने AAP पार्टी का मतलब भी बताया है।
रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली की नरेला विधानसभा सीट पर एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा हैं। उन्होंने पूर्वांचलियों का अपमान और ‘आप’ के शासन में राजधानी में कुशासन का आरोप लगाया है। लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि केजरीवाल ने छल और झूठ की राजनीति की। आप-दा को 5 फरवरी को विदाई देने के लिए नरेला वासी संकल्पित हैं। आम आदमी पार्टी का कुशासन 8 फरवरी को खत्म हो जाएगा। बीजेपी की डंबल इंजन सरकार अपने सभी वादों को पूरा करेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि AAP का मतलब- अवैध आमदनी वाली पार्टी है।
शाह बोले- गुमराह कर रहे केजरीवाल
गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के शासन बीते 10 सालों में बदतर हुआ है। वहीं एक जनसभा में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया है कि दिल्ली में गरीबों के लिए कोई मौजूदा कल्याणकारी योजना बंद नहीं की जाएगी। मैं फिर से कह रहा हूं कि बीजेपी गरीबों के कल्याण के लिए बनाई गई किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी। अरविंद केजरीवाल झूठ फैला रहे हैं, वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
AAP पर भ्रष्टाचार का आरोप
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया हैं। शाह ने कहा कि केजरीवाल के कार्यकाल में डीटीसी बस, स्मार्ट क्लासरूम, सीसीटीवी जैसे कई घोटाले हुए। अस्पताल और स्कूल खोलने, यमुना नदी की सफाई के लिए जनता का पैसा घोटालों में बर्बाद हो गया। AAP सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में दिल्ली की जनता को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया।
5 फरवरी को वोटिंग
आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार प्रसार अभियान तेज कर दिया हैं। सियासी पार्टियों के बीज जुबानी जंग तेज हो गई है, आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा। वहीं 8 फरवरी को रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
AAP का घोषणा पत्र आज: अरविंद केजरीवाल जारी करेंगे मेनिफेस्टो, दिल्लीवासियों के लिए कर सकते हैं ये बड़े ऐलान
दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Elections 2025) के लिए आम आमदी पार्टी आज अपना घोषणा पत्र (AAP Manifesto) जारी करेगी। AAP के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) दोपहर 12 बजे मेनिफेस्टो जारी करेंगे। जिसमें वे दिल्लीवासियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कर सकते है। केजरीवाल मेनिफेस्टो में पार्टी का विजन और योजनाओं को जनता के सामने रखेंगे।
आज सोमवार को आम आदमी पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल दोपहर 12 बजे मेनिफेस्टो जारी करेंगे। जिसमें दिल्लीवासियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य रोजगार समेत कई बुनियादी सेवाओं को लेकर अहम घोषणाएं की जा सकती हैं। AAP दिल्ली के मतदाताओं को साधने के लिए मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, मुफ्त बिजली-पानी, बुजुर्गों को फ्री में तीर्थ यात्रा, सभी महिलाओं को 2100 हर महीने की सम्मान राशि समेत कई बड़े ऐलान कर सकती हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी संकल्प पत्र का तीन भाग जारी कर चुकी हैं। जिसमें बीजेपी ने कई बड़े वादे किए हैं। वहीं भाजपा के इस संकल्प पत्र को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने खोखला बताया था। इलेक्शन से पहले राजनीतिक दल वोटर्स को साधने और अपने पाले में लाने के लिए कई बड़े बड़े वादे कर रहे हैं। अब देखना होगा कि दिल्ली के मतदाता किस पार्टी पर भरोसा जताते है। गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। वहीं 8 फरवरी को रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर में फहराया तिरंगा, राज्यपाल लेंगे मुख्य समारोह में सलामी
गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर सर्किट हाउस में तिरंगा फहराकर उत्सव की शुरुआत की। इस बार झीलों की नगरी उदयपुर 10 साल के अंतराल के बाद प्रदेश स्तरीय भव्य समारोह की मेजबानी कर रही है। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम महाराणा भूपाल स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ध्वजारोहण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।
गणतंत्र दिवस हर भारतीय के लिए गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू हुआ था, जिसने भारत को एक लोकतांत्रिक गणराज्य का दर्जा दिया। इस साल, भारत की 142.86 करोड़ आबादी 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मना रही है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो मुख्य अतिथि के रूप में इस ऐतिहासिक अवसर पर शिरकत करेंगे।
देशभर में गणतंत्र दिवस पर भव्य परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लाइव समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी नई दिल्ली में सुबह 9 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाल किले पर तिरंगा फहराकर परेड की शुरुआत करेंगी। इस परेड में भारत की उपलब्धियां और सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित की जाएगी।
परेड में इंडोनेशिया के 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दस्ते की भागीदारी इस साल का मुख्य आकर्षण होगी। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो, गणतंत्र दिवस में भाग लेने वाले अपने देश के चौथे राष्ट्रपति हैं। गौरतलब है कि 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि थे।
उदयपुर में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन, ड्रोन शो और सैन्य प्रदर्शनी ने…
उदयपुर ने 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न बेहद खास अंदाज में मनाया। राज्य स्तरीय दो दिवसीय समारोह की शुरुआत शनिवार को फतहसागर की पाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई। स्कूली बच्चों की प्रस्तुति, भव्य ड्रोन शो, सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी और फूलों की प्रदर्शनी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्कॉलर्स एरिना स्कूल के बच्चों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत सेंट एंथोनी स्कूल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत ईश वंदना से हुई। इसके बाद केंद्रीय जेल के बंदियों के बैण्ड ग्रुप ने “भोर सुहानी…” और “केसरिया बालम पधारो” जैसे गीतों पर शानदार प्रदर्शन किया।
ड्रोन शो बना मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम में मोतीमगरी से आयोजित ड्रोन शो खास आकर्षण का केंद्र रहा। सैकड़ों रंग-बिरंगी रोशनियों से आसमान में देशभक्ति और राष्ट्रीयता के अद्भुत दृश्य उकेरे गए। इनमें “वेलकम उदयपुर,” “महाराणा प्रताप,” “विजय स्तंभ,” “महात्मा गांधी,” “सरदार वल्लभभाई पटेल,” और “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी” की आकृतियां शामिल थीं। तिरंगे के साथ गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित लोग भारत माता और महाराणा प्रताप के जयकारों के साथ जोश और गर्व से भर गए।
रॉक वुडर्स हाई स्कूल ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सीडलिंग मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने देशभक्ति नृत्य नाटिका के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत किया।
सैन्य प्रदर्शनी ने भरा जोश
फतहसागर की पाल पर सेना द्वारा लगाई गई सैन्य प्रदर्शनी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। भीष्म टैंक, 130 एमएम आर्टिलरी गन और AK-47 जैसे हथियारों का प्रदर्शन किया गया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
फ्लावर शो और आतिशबाजी
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में फतहसागर पर 25 से 31 जनवरी तक फूलों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। नेहरू पार्क से की गई भव्य आतिशबाजी ने शाम को और खूबसूरत बना दिया।
उदयपुर का यह गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम था, जिसने सभी उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया।