छत्तीसगढ़ / दुर्ग
दुर्ग और भिलाई में खाद्य विभाग का छापा, अनियमितताएं मिलने पर दो मेडिकल स्टोर्स पर होगी कार्रवाई
दुर्ग । खाद्य एवं औषधि प्रशासन दुर्ग की औषधि शाखा एवं नार्कोटिक नियंत्रण विभाग रायपुर द्वारा औषधि निरीक्षकों दुर्ग एवं नार्कोटिक नियंत्रण विभाग रायपुर की संयुक्त जांच दल ने दुर्ग एवं भिलाई शहर के विभिन्न 05 मेडिकल स्टोर्स पर नार्कोटिक एवं साईकोट्रॉपिक औषधियों के क्रय-विक्रय की विस्तृत जांच की गई।
जांच किये गए मेडिकल स्टोर्स में मेसर्स जनता मेडिकल स्टोर्स, सडक-18, कैम्प-01, भिलाई एवं मेसर्स देवांगन मेडिकल स्टोर्स, शास्त्री मार्केट, पावर हाउस, भिलाई में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकार्ड नियमानुसार नहीं पाए जाने एवं रजि. फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए जाने के कारण नियमानुसार औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली 1945 के तहत् कार्यवाही की जाएगी। सहायक औषधि नियंत्रक संजय सिंह के अनुसार अन्य मेडिकल स्टोर्स मेसर्स स्पर्श हास्पिटल फार्मेसी, रामनगर, भिलाई, मेसर्स श्याम मेडिकल्स, नंदिनी रोड, पावर हाउस, भिलाई एवं साईं कामना एजेंसी दुर्ग में संचालन नियमानुसार पाया गया। कार्यवाही में औषधि निरीक्षक विशनु प्रसाद साहू, चंद्रकला ठाकुर, जगेश्वरी साहू एवं नार्कोटिक नियंत्रण विभाग रायपुर से निरीक्षक त्रिलोक कुमार एवं उपनिरीक्षक अंकित मीणा शामिल थे।
राज्योत्सव के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपा दायित्व
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन में जिला मुख्यालय दुर्ग में 02 नवंबर 2026 तक एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन पुराना गंजमंडी गंजपारा परिसर दुर्ग में किया जा रहा है। राज्योत्सव के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कार्यक्रम संचालन समिति का गठन किया गया है।
उपयुक्त समिति में जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे, अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह एवं अपर कलेक्टर खेमलाल वर्मा शामिल है। अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह को संपूर्ण कार्यक्रम हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा अपर कलेक्टर खेमलाल वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी प्रफुल्ल कुमार गुप्ता को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। जिसके अंतर्गत कलेक्टर से अनुमोदन प्राप्त कर आमंत्रण पत्र की छपाई एवं वितरण हेतु जिला पंचायत सीईओ बी.के. दुबे, मंत्रीगण/सदस्यीय सचिव एवं गणमान्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र वितरण हेतु अनुविभागीय अधिकारी प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, तहसीलदार पवन ठाकुर और अतिरिक्त तहसीलदार डिकेश्वर साहू एव नायब तहसीलदार ढालसिंह बिसेन को दायित्व दिया गया है। इसी क्रम में प्रतिदिन कार्य स्थल की साफ सफाई, मोबाइल टायलेट की व्यवस्था, डस्टबिन व्यवस्था तथा फूड स्टॉल आबंटन का दायित्व नगर निगम दुर्ग आयुक्त लीना कोसम को, मंच, स्टॉल, बैरिकेटिंग, सोफा, कुर्सी, माइक लाइटिंग, सत्कार आदि की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता आशीष भट्टाचार्य, तांदुला जल संसाधन के कार्यपालिका अभियंता आशुतोष सारस्वत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के कार्यपालन अभियंता घनश्याम मारकण्डेय और लोक निर्माण विभाग (वि/यां) के कार्यपालन अभियंता अब्दुल वारिस को दिया गया है।
बांस बल्ली की व्यवस्था वनमंडलाधिकारी चंद्र कुमार अग्रवाल, सांस्कृतिक दलों कलाकारों का चयन, सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं मंच की समस्त व्यवस्था का दायित्व नगर निगम रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर दुर्ग अनन्या अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर और आदिवासी विकास विभाग दुर्ग के सहायक आयुक्त अविनाश श्रीवास को, कार्यस्थल पर वाहन पार्किंग पहुंच एवं निगम स्थल पर यातायात व्यवस्था का दायित्व यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल को, अतिथियों हेतु शॉल, श्रीफल एवं मोमेंटो की व्यवस्था का दायित्व क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मृत्युंजय पटेल को, स्थानीय कलाकार को रुकवाने एवं ठहरने की व्यवस्था एवं मीडिया सेंटर के स्वल्पाहार पानी की व्यवस्था का दायित्व खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त अविनाश श्रीवास, सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टाफर खल्खो को दिया गया है।
कार्यस्थल पर फर्स्ट एड किट एवं एंबुलेंस व्यवस्था का कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी और सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशीषन मिंज करेंगे। आवश्यकतानुसार फूल माला, गुलदस्ता इत्यादि की व्यवस्था, मंच पर कलाकारों के सम्मान हेतु शॉल, श्रीफल, मोमेंटो इत्यादि की व्यवस्था एवं महत्वपूर्ण अतिथियों तथा कलाकारों के सत्कार की व्यवस्था का दायित्व उपसंचालक कृषि संदीप कुमार भोई, खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा, उप संचालक उद्यानिकी नारायण सिंह लाउत्रे और तहसीलदार पवन ठाकुर का होगा। मंच संचालन हेतु उद्घोषकों की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, पानी टैंकर एवं पेयजल की व्यवस्था, मंच/कलाकारों/वीआईपी सेक्टर की सम्पूर्ण व्यवस्था नगर निगम आयुक्त लीना कोसम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता उत्कर्ष पांडेय करेंगे।
राज्योत्सव के संबंध में प्रेस एवं मीडिया से समन्वय कर प्रचार प्रसार की व्यवस्था का दायित्व जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक एम.एस. सोरी का होगा। जिला व्यापार एवं उद्योग के मुख्य महाप्रबंधक बी.आर. निकुंज और श्रम पदाधिकारी पायल शर्मा, अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार स्टॉल आवंटन का दायित्व संभालेंगे। अग्निशमन यंत्र एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जिला सेनानी नगर सेनानी दिनेश रावटे, कार्यक्रम स्थल पर निर्वाध विद्युत व्यवस्था एवं जनरेटर की व्यवस्था विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता आर.के. दानी करेंगे।
राज्योत्सव में विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभागीय उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा तथा इसका थीम ’सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रहेगा। विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन का दायित्व सर्व विभाग प्रमुखों को दिया गया है। संबंधित सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की गंभीरता एवं तत्परतापूर्वक संपादन सुनिश्चित करने कहा गया है।
दुर्ग में पिकअप के गुप्त चेंबर से मिले 4 करोड़ रुपये
दुर्ग । दुर्ग जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास हुई कार्रवाई में वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर से नकदी मिली। वाहन में सवार दो लोगों से रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ की जा रही है।
रात 11 बजे रोका गया पिकअप
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा के पास रात करीब 11 बजे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप (क्रमांक CG 04 QU 5996) को रोककर जांच की।
पिछले हिस्से में मिला गुप्त चेंबर
जांच के दौरान पुलिस को वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया हुआ मिला। संदेह के आधार पर सघन तलाशी लेने पर वहां एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने नकदी की कुल राशि 4 करोड़ रुपये बताई है।
दो लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, वाहन में भवेशभाई जीनाभाई डाभी चालक के रूप में और विष्णुदेव दुबे सवार थे। दोनों से बरामद रकम के वास्तविक स्वामित्व, उसके स्रोत और इसे नागपुर ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
आयकर विभाग को भी दी जाएगी सूचना
पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नकदी के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी देश का सबसे बड़ा कर सुधार : वित्त मंत्री
दुर्ग,। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) देश के आर्थिक इतिहास का सबसे बड़ा कर सुधार है। जीएसटी ने देश की जटिल अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाया है। इससे न केवल व्यापारियों और उद्यमियों को राहत मिली है, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग कर प्रशासन तथा कर संबंधी सेवाओं को और अधिक सरल, सटीक एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वित्त मंत्री श्री चौधरी शनिवार 24 अक्टूबर को दुर्ग जिले के अंजोरा स्थित पृथ्वी पैलेस में टैक्स बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव तथा जीएसटी अपीलीय अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कर विशेषज्ञ, अधिवक्ता और टैक्स प्रैक्टिशनर्स उपस्थित थे।
जीएसटी ने समाप्त की अनेक करों की जटिलता, व्यापार और उद्योग को मिला नया अवसर
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जीएसटी लागू होने से पहले देश में 17 प्रकार के अप्रत्यक्ष कर और 23 प्रकार के उपकर प्रचलित थे। अलग-अलग कर व्यवस्थाओं के कारण व्यापारियों को अनेक प्रक्रियागत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जीएसटी ने इन करों को एकीकृत कर देश को एक साझा अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था प्रदान की है। इससे कर अनुपालन की प्रक्रियाएं सरल हुई हैं, कर प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है और कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिली है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों से व्यापारियों पर कर अनुपालन का बोझ कम करने तथा कारोबार को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। भारतीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में प्रतिस्पर्धा करने के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं। विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी कर व्यवस्था आवश्यक है तथा जीएसटी इस दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान कर रहा है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बदलेगी टैक्स प्रैक्टिस की कार्यप्रणाली
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी परिवर्तन और नवाचार का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से विभिन्न क्षेत्रों की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर रहा है। कर प्रशासन, लेखांकन, विधिक अनुसंधान, दस्तावेजों के विश्लेषण और कर अनुपालन जैसे क्षेत्रों में एआई आधारित तकनीकों का उपयोग नई संभावनाएं पैदा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्य करदाताओं और शासन के बीच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें बदलती तकनीकों और आधुनिक डिजिटल उपकरणों की जानकारी होना आवश्यक है। इस समिट में टैक्स प्रैक्टिशनर्स को एआई टूल्स के उपयोग से परिचित कराने के लिए तकनीकी सत्र आयोजित किए गए हैं। इससे कर विशेषज्ञों को अपने कार्यों में दक्षता बढ़ाने तथा करदाताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कानून की शिक्षा में जीएसटी को शामिल करने का सुझाव
कार्यक्रम के दौरान टैक्स बार काउंसिल के प्रतिनिधियों ने शिक्षा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव के समक्ष विधि शिक्षा के पाठ्यक्रम में जीएसटी कानून को शामिल करने का सुझाव रखा। प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान आर्थिक परिवेश में जीएसटी का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। विधि के विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान ही अप्रत्यक्ष कर प्रणाली और जीएसटी कानून की व्यावहारिक जानकारी मिलने से उन्हें भविष्य में बेहतर व्यावसायिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
ज्ञान और तकनीक के समन्वय से मिलेगी सफलता : संजय कुमार मिश्रा
समिट को संबोधित करते हुए जीएसटी अपीलीय अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए कर्म के साथ ज्ञान का होना आवश्यक है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि ज्ञान के साथ किया गया कर्म लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में अधिक प्रभावी होता है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के दौर में विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। कर एवं विधिक क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी इससे अछूते नहीं हैं। बदलते समय के साथ नई तकनीकों को समझना और उनका समुचित उपयोग करना आवश्यक है।
प्रदेशभर के टैक्स विशेषज्ञों ने की सहभागिता
छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026 का आयोजन टैक्स बार काउंसिल के अध्यक्ष विवेक सारस्वत एवं गोपाल कृष्ण तवनिया के नेतृत्व में किया गया। एसोसिएशन के महासचिव प्रभांक ठाकुर ने बताया कि संघ द्वारा अपने सदस्यों को कर कानूनों में होने वाले बदलावों, नवीन प्रावधानों और तकनीकी नवाचारों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर विशेषज्ञों को अपने ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता में वृद्धि करने का अवसर मिलता है। समिट में जगदलपुर, अंबिकापुर, धमतरी, राजनांदगांव, रायपुर, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और दुर्ग सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जीएसटी कानून, कर अनुपालन, आधुनिक तकनीकों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावहारिक उपयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
दुर्ग जिले में सड़क चौड़ीकरण कार्य हेतु विद्युत आपूर्ति रहेगी बंद
दुर्ग । दुर्ग जिले में जेल तिराहा से मिनीमाता चौक तथा महाराजा चौक से बोरसी रोड तक सड़क चौड़ीकरण के अंतर्गत विद्युत पोलों की शिफ्टिंग एवं ट्रांसफॉर्मर संबंधी कार्य किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग, विद्युत/यांत्रिकी संभाग दुर्ग के ए.ई. अब्दुल वारिस से प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त कार्यों के लिए 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। प्रभावित क्षेत्र 26 अक्टूबर को ऋषभ साउथ सिटी, रॉयल ग्रीन, रॉयल पार्क, यूटोपिया, डी-मार्ट, मनीष पेट्रोल पंप एवं आसपास के क्षेत्र। 27 अक्टूबर को महाराजा चौक, कलकत्ता स्वीट्स, मीनाक्षी नगर, केसरी नंदन हनुमान मंदिर, विश्वनाथ नगर, डल्लू ऑटो, साहू जलेबी, दुबे साहब ट्रांसफॉर्मर, पहराइवा बुटीक एवं आसपास के क्षेत्र। 28 अक्टूबर को न्यू आदर्श नगर, ज्योति ऑप्टिकल्स, जेमिनी हॉस्पिटल, कलर्स हॉस्पिटल एवं आसपास के क्षेत्र। 29 अक्टूबर को वाल्किन्स हॉस्पिटल, मालू मेडिकल, जाल तिराहा, तिरंगा भवन एवं आसपास के क्षेत्र। 30 अक्टूबर को ओल्ड बोरसी, केसरी नंदन हनुमान मंदिर, मीनाक्षी नगर एवं आसपास के क्षेत्र। 31 अक्टूबर को डोमिनोज, न्यू आदर्श नगर, आदर्श नगर, बिजोरा साहब एक्स-मेर, जुगनू डेरा के पीछे एवं आसपास के क्षेत्र शामिल है। नागरिकों से अनुरोध है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व में कर लें। प्रतिदिन कार्य पूर्ण होने पर विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
भिलाई निगम चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, हर वार्ड में समिति बनाने पर जोर
भिलाई । भिलाई नगर निगम के आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक और रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को स्मृति नगर स्थित विवेकानंद भवन में चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वार्ड में एक वार्ड समिति बनाई जाए, जिसमें सभी वर्ग के लोगों को शामिल किया जाए और उनकी सहमति से प्रत्याशी का चयन किया जाए। पूरा प्रयास हो कि हर वार्ड से एक ही नाम पर सहमति बने।
बैठक की शुरुआत वंदेमातरम से हुई। महापौर नीरज पाल ने स्वागत भाषण में कहा कि इस बार फिर भिलाई निगम में कांग्रेस का झंडा फहराना है। भिलाई की जीत का संदेश प्रदेश ही नहीं पूरे देश तक जाएगा। जिस वार्ड से एक ही प्रत्याशी का नाम आएगा, उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी फाइनल कर देगी।
भूपेश बघेल ने कहा कि यदि किसी वार्ड से दो-तीन नाम आते हैं तो पार्टी तय करेगी और उसे हर कार्यकर्ता को मानना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव आयोग ने एक ही EVM में वार्ड प्रत्याशी और महापौर दोनों का नाम रख दिया है, जिससे कन्फ्यूजन होगा। इस पर आपत्ति दर्ज होनी चाहिए और महापौर नीरज पाल को इसका कानूनी पक्ष देखने के लिए अधिकृत किया।
पर्यवेक्षक धनेंद्र साहू ने कहा कि भिलाई निगम चुनाव काफी महत्वपूर्ण है और परीक्षा की घड़ी है। हम पर्यवेक्षक नहीं, साथी और सहयोगी के रूप में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। हर वार्ड समिति में परंपरागत कट्टर कांग्रेसियों को शामिल किया जाए।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भिलाई निगम चुनाव का प्रभाव 7 विधानसभाओं पर पड़ता है। तत्काल सेक्टर, वार्ड, बूथ स्तर की बैठक की जाए। योग्य प्रत्याशी को ही टिकट मिले। पिछले चुनाव में जिन्होंने हराने का काम किया, उन्हें टिकट नहीं देना है। भले एक-दो वार्ड हार जाएं, लेकिन महापौर जिताना जरूरी है।
प्रदेश महामंत्री दीपक दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार वादाखिलाफी कर रही है। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के सुशासन का बुखार उतर चुका है, उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जीतने वाले कार्यकर्ता को ही टिकट मिले। संचालन जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने किया तथा आभार पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने व्यक्त किया।
बानबरद में पंडवानी महासम्मेलन, सीएम साय भी हुए शामिल
कलाकार दलों को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा
दुर्ग । अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। सम्मेलन में प्रदेशभर से विभिन्न लोककलाओं के कलाकार पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सम्मेलन में शामिल 70 कलाकार दलों को प्रत्येक दल के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने, बानबरद मिडिल स्कूल को हाईस्कूल में उन्नत करने और अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड बनाने की घोषणा की गई।
पंडवानी में एक कलाकार निभाता है कई पात्रों की भूमिका : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडवानी ऐसी अनूठी लोककला है, जिसमें एक ही कलाकार महाभारत के विभिन्न पात्रों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को लोककला और संस्कृति की समृद्ध धरती बताते हुए कहा कि यहां की परंपराओं को आगे बढ़ाने में कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने पंडवानी की प्रसिद्ध कलाकार पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी कला और योगदान को याद किया।
46 वर्षों से लोककला संरक्षण में जुटा ज्ञानश्रोत कला मंच
मुख्यमंत्री ने ज्ञानश्रोत कला मंच के 46 वर्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था ने छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस आयोजन को लोक कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
तीजन बाई के नाम पर लोककला अलंकरण देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रयास कर रही है। पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई की स्मृतियों को स्थायी बनाने के लिए उनके गृह ग्राम गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित करने और हाईस्कूल का नाम उनके नाम पर रखने का संकल्प है। साथ ही, इस वर्ष राज्योत्सव से उनके नाम पर लोककला अलंकरण प्रदान करने की पहल की जा रही है।
फिल्म विकास बोर्ड और फिल्म सिटी से कलाकारों को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड के गठन का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में लगभग 300 से 400 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी विकसित की जा रही है। इससे छत्तीसगढ़ी फिल्मों और फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
70 कलाकार दलों को मिलेगी 25-25 हजार रुपये की सहायता
आयोजकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल सभी 70 कलाकार दलों के लिए 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इनमें चार पंथी दल और तीन आदिवासी नृत्य दल भी शामिल हैं। इस घोषणा से कलाकार दलों को कुल 17.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान होगा।
बानबरद में स्कूल उन्नयन और सड़क निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम बानबरद के मिडिल स्कूल को हाईस्कूल में उन्नत करने तथा अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड निर्माण की घोषणा भी की। इन कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा की सुविधा और आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।
लोकगीत और नृत्य छत्तीसगढ़ की पहचान : गजेन्द्र यादव
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाने में स्थानीय कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पंडवानी, पंथी, भरथरी, ददरिया और सुवा नृत्य प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कलाकारों से इस वार्षिक महासम्मेलन की परंपरा को आगे भी जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया।
डॉ. उषा बारले ने किया स्वागत
कार्यक्रम में डॉ. उषा बारले ने स्वागत उद्बोधन दिया और कलाकारों से जुड़ी विभिन्न मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। सम्मेलन को वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भी संबोधित किया।
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला कार्यकारिणी सदस्य बने अभिषेक टंडन
दुर्ग । भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक एवं एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. मनोज ठाकरे द्वारा जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। घोषित कार्यकारिणी में अभिषेक टंडन को भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ का जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
अभिषेक टंडन वर्तमान में जिला प्रभारी, खेल एवं कला, युवा मोर्चा के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्हें एनजीओ प्रकोष्ठ की जिला कार्यकारिणी में शामिल किए जाने पर सामाजिक क्षेत्र एवं संगठन से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर समाज प्रमुखों एवं शुभचिंतकों ने अभिषेक टंडन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन की नीतियों एवं विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए सामाजिक सेवा, जनकल्याण तथा युवाओं को खेल एवं कला के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
अभिषेक टंडन ने इस जिम्मेदारी के लिए भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक एवं एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. मनोज ठाकरे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे तथा समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
15 साल से बंद रास्ता अतिक्रमण मुक्त, जल्द शुरू होगा आवागमन
रिसाली । वार्ड 13 टंकी मरोदा में मुख्य उतई मार्ग पर पिछले 15 वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद आम रास्ता अब फिर से शुरू होगा। शुक्रवार को नगर पालिक निगम रिसाली के राजस्व विभाग ने बेदखली अभियान चलाकर तीन दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान शुरुआत में विरोध हुआ, लेकिन नेवई पुलिस की मध्यस्थता के बाद दुकानें खाली कराई गईं और अतिक्रमण हटाया गया।
एक साल से दी जा रही थी समझाइश
निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने करीब एक साल पहले अतिक्रमण कर दुकान संचालित करने वालों को स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। कई बार कार्यालय बुलाकर समझाइश भी दी गई, लेकिन चिकन कार्नर, सैलून और इलेक्ट्रिक दुकान के संचालकों ने दुकानें नहीं हटाईं। इसके बाद राजस्व विभाग के प्रभारी धर्मेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पहले दुकानों से सामान निकालने का अवसर दिया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
दर्जनभर से अधिक नोटिस का भी नहीं हुआ असर
वार्ड 13 की पार्षद विधि यादव और स्थानीय नागरिक पिछले दो वर्षों से बंद रास्ते को खुलवाने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया था। निगम प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को दर्जनभर से अधिक नोटिस जारी किए, लेकिन इसके बावजूद दुकानें संचालित होती रहीं।
अतिक्रमण हटने से बचेगा समय
मैत्री गार्डन चौक से वार्ड 13 तक नहर किनारे आम रास्ता बना हुआ है। निगम ने इस मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया है, लेकिन अतिक्रमण के कारण करीब 50 मीटर हिस्से का काम अधूरा था। अब रास्ता खाली होने से शेष सीसी रोड का निर्माण पूरा हो सकेगा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को कम दूरी तय कर मैत्री गार्डन चौक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
गदा चौक शराब भट्टी हटाने की मांग, जनहित संघर्ष समिति ने निगम कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
भिलाई । सुपेला गदा चौक स्थित शराब दुकान हटाने की मांग करते हुए जनहित संघर्ष समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी के नेतृत्व में भिलाई नगर निगम कमिश्नर सुरुची सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि शराब दुकान हटाने की प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही इसे हटाया जाएगा। इस आश्वासन पर जनहित संघर्ष समिति ने कमिश्नर का आभार व्यक्त किया।
विदित हो कि इस शराब दुकान को हटाने के लिए विगत 5 वर्षों से मदन सेन, पारस जंघेल शारदा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार आंदोलन किया जा रहा था। जिसमें मुख्यमंत्री आवास घेराव, धरना-प्रदर्शन, मशाल जुलूस जैसे कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया था।
सुपेला गदा चौक देशी शराब दुकान हटाने के लिए युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष मदन सेन के नेतृत्व में लगातार धरना दिया गया मदन सेन ने कहा कि इतने लंबे समय से शराब दुकान हटाए जाने की मांग जनता द्वारा की जा रही है जिसके परिणाम स्वरुप अंग्रेजी शराब दुकान को हटाया गया मगर अंग्रेजी शराब को देशी शराब दुकान में बेची जा रही है जिससे यहां पर और भीड़ बढ़ चुकी है जिससे आम जनमानस में आक्रोश है।
युवा शक्ति संगठन कि मांगों को अनसुनी किया जाना समझ से परे है आम जनमानस की भावनाओं का ध्यान रखते हुए शराब दुकान शीघ्र से शीघ्र हटाया जाना चाहिए विदित हो कि युवा शक्ति संगठन के निरंतर आंदोलन धरना प्रदर्शन व सभी जनप्रतिनिधियों कलेक्टर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जा चुका है जिसके परिणाम स्वरुप अंग्रेजी शराब दुकान को हटाया गया मगर देसी शराब दुकान को न हटाए जाने से आम जनमानस में आक्रोश है।
युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष मदन सेन शारदा गुप्ता पारस जंघेल ने कहा कि शराब दुकान ऐसे जगह स्थानांतरित की जाए जहां किसी भी आम लोगों को तकलीफ का सामना ना करना पड़े। संयोजक शारदा गुप्ता ने कहा कि हम सभी आंदोलन करते-करते आम जनमानस में निराशा की भावना पैदा हो चुकी है समिति से जुड़े लोगों आम जनमानस से आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है जिसे बहुत लंबे समय तक बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम 2021 से शराब दुकान हटाने के लिए निरंतर ज्ञापन आंदोलन कर रहे है पहले सुपेला शराब दुकान हटाने 4000 लोगों ने हस्ताक्षर किया था।जिसमें लोगों ने स्वयं आगे होकर पंडाल में आकर हस्ताक्षर कर शराब दुकान हटाने की मांग की थी। उन्होंने मांग की है कि जब क्षेत्र की समस्त डेरियो को इकट्ठा कर गोकुलधाम बनाया जा सकता है इसी तर्ज पर सभी शराब दुकानों को एक जगह इकट्ठा कर भट्टीपारा बनाया जाए जहां समस्त सुविधाएं पीने वालों को दी जाए जिससे हर जगह शांति व्याप्त हो सके। युवा शक्ति संगठन ने शीघ्र से शीघ्र शराब दुकान हटाने की मांग की है।
भिलाई निगम चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रारंभ
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण प्रारंभ हो गया है। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है, अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सुधार कराने हेतु आवेदन करें।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। अतः सभी नागरिकों से आग्रह है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि आगामी निकाय चुनाव में कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, शिफ्टिंग या विलोपन हेतु बूथ लेवल ऑफिसर (बी एल ओ) या अधिकृत अधिकारियों से संपर्क करें।
गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा साहिब में श्रद्धापूर्वक मनाया गया प्रकाश पर्व
भिलाई । गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा साहिब, कोहका में बाबा बुढ़ा साहिब का प्रकाश पर्व मनाया गया। इस पावन अवसर पर शब्द-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें संगत ने गुरु चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरबाणी की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सिख पंचायत, भिलाई-दुर्ग की ओर से जसवीर सिंह चहल, पलविंदर सिंह रंधावा, गुरुनाम सिंह, बलदेव सिंह और हरपाल सिंह उपस्थित रहे। सिख युथ सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू तथा कोषाध्यक्ष श्री मलकीत सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
गुरुद्वारा प्रधान बीबी कुलवंत कौर ने आए हुए व्यक्तियों को सिरोपाओ भेंट कर सम्मानित किया। सभी ने माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और सिख धर्म की महान परंपराओं, सेवा, सिमरन और मानवता के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया। अंत में गुरु साहिब से सभी पर मेहर बनाए रखने और समस्त संगत को सुख, शांति एवं चढ़दी कला की अरदास की गई।
दुर्ग में 27 अक्टूबर को होगी जिला स्तरीय परामर्श दात्री समिति की 195वीं बैठक
दुर्ग । जिले में वित्तीय एवं बैंकिंग सेवाओं की समीक्षा के लिए आगामी मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को शाम 5.00 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्श दात्री समिति की 195वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा की जाएगी।
अग्रणी बैंक प्रबंधक संजय गर्ग द्वारा जारी निर्देशानुसार, सभी बैंकों के जिला बैंक समन्वयकों की इस बैठक में उपस्थिति अनिवार्य की गई है। पिछली बैठकों में कुछ समन्वयकों की गैर-मौजूदगी पर कलेक्टर एवं भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई थी तथा अनुपस्थित अधिकारियों के नियंत्रक कार्यालयों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए थे।
सेवा सेतु पोर्टल की नवीन सेवाओं एवं नई सुविधाओं के संबंध में ऑपरेटरों को दिया गया वर्चुअल प्रशिक्षण
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशनुसार जिले में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को शासकीय सेवाएँ सरल एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु पोर्टल के ऑपरेटरों के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोर्टल पर जोड़ी गई नवीन सेवाओं एवं लागू की गई नई सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान राजस्व विभाग की ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाण पत्र एवं राजपत्र संबंधी सेवाओं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सेवाओं जैसे विवाह प्रमाण पत्र / नल कनेक्शन आदि तथा तकनीकी शिक्षा विभाग की सेवाओं सहित अन्य नवीन सेवाओं की प्रक्रिया एवं संचालन के बारे में जानकारी दी गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन ई-जिला प्रबंधक एवं एवीएम टीम द्वारा किया गया। टीम ने सेवा सेतु ऑपरेटरों को नई सेवाओं के ऑनलाइन आवेदन, पोर्टल की नवीन सुविधाओं के उपयोग तथा संबंधित प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य सेवा सेतु केंद्रों के ऑपरेटरों को पोर्टल में किए गए नवीन बदलावों से अवगत कराना, उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराना है।
यह पहल राज्य में डिजिटल सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही डिजिटल मंच के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन, राजनैतिक दलों को दी गई जानकारी
दुर्ग । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय निकाय निर्वाचन-2026 अंतर्गत मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को निकायों में किया गया है, जहां आगामी निर्वाचन होना है। इसके साथ ही दावे तथा आपत्ति प्राप्त करने के कार्य शुरू है। दावे आपत्ति 30 अक्टूबर के अपरान्ह 3.00 बजे तक प्राप्त किये जाएंगे। दावे आपत्तियों का निपटारा 03 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। दावे आपत्ति निराकरण के पश्चात् निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवम्बर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2026 हेतु नियुक्त रजिस्ट्रीकरण/सहायक /अतिरिक्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जानकारी दी गई। नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली एवं नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा तथा नगर पालिका परिषद जामुल अंतर्गत 170 वार्डों में 744 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। उक्त नगरीय निकायों में 507704 मतदाता है। राजनीतिक दलों को प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर की तिथि में मतदाताओं की संख्या और एसआईआर 21 फरवरी 2026 के अनुसार मतदाताओं की संख्या तथा 01 अक्टूबर 2026 की तिथि में पूरक मतदाताओं की संख्या से भी अवगत कराया गया। विशेष पुनरीक्षण एसआईआर पश्चात् 21 फरवरी 2026 की स्थिति में नगरीय निकाय में मतदाताओं की संख्या भी जानकारी दी गई।
इसी प्रकार प्रपत्र प्रारूप क, प्रारूप-ग-1, प्रारूप-ख एवं प्रारूप ग के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बैठक में राजनीतिक दलों से भी सुझाव लिये गये तथा उनके शंकाओं का समाधान किया गया। बैठक समाप्ति पश्चात राजनीतिक दलों को निर्वाचक नामावली प्रारंभिक प्रकाशन की कापियां प्रदान की गई। बैठक में एडीएम विरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सिल्ली थामस, सभी एसडीएम एवं राजनीतिक दलों के जिला पदाधिकारी सम्मिलित हुए।
भिलाई-3 चरोदा निगम में लाटरी पद्वत्ति से एएचपी आवास आबंटन
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा कार्यालय सभागार में 22 अक्टूबर को प्रधानमंत्री आवास योजना एएचपी आवास आबंटन में लाटरी प्रक्रिया से आवास आबंटित किया गया।
बता दे कि निगम क्षेत्र में बने विठ्टलपुरम आवास 58 नग में से फिलहाल 46 लोगो को आवास प्रदान करने की प्रक्रिया पूर्ण की गयी है। शेष बचे रिक्त आवास भी शासन द्वारा निर्धारित की गयी गाईडलाइन का पालन करते हुये आबंटन पूर्ण किया जायेगा। इस दौरान महापौर निर्मल कोसरे , सभापति कृष्णा चंद्राकर, कमिश्नर डी.एस.राजपुत ,एमआईसी सदस्य मोहन साहू, ईश्वर साहू पार्षद शारदा लावेष मदनकर प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी आलोक पसीने, उपअभियंता मुकेष रात्रे सहित अन्य उपस्थित रहे।
सुदेश सुंदरानी बने भिलाई-चरोदा निगम के आयुक्त
भिलाई । भिलाई-चरोदा नगर निगम को नया आयुक्त मिल गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 22 अक्टूबर को जारी आदेश में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुदेश कुमार सुंदरानी को भिलाई-चरोदा नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया है। वे फिलहाल नगरीय प्रशासन एवं विकास के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में संयुक्त संचालक के पद पर पदस्थ थे। उन्हें आगामी आदेश तक प्रतिनियुक्ति पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त दशरथ सिंह भारद्वाज का बीते दिनों तबादला कर दिया गया था। उनके स्थानांतरण के बाद से निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति को लेकर प्रतीक्षा थी। शासन के ताजा आदेश से अब निगम के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी सुदेश सुंदरानी संभालेंगे।
अरुण साहू को रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी
शासन ने इसी आदेश में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ‘क’ वर्ग अरुण कुमार साहू की भी नई पदस्थापना की है। वे नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर में उप संचालक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, रायपुर में संयुक्त संचालक बनाया गया है।
आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों की पदस्थापना प्रशासनिक दृष्टि से समान सामर्थ्य, सेवा एवं निबंधनों के अधीन अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रतिनियुक्ति पर की गई है। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार अवर सचिव अजय तिर्की के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
निगम के लंबित कामकाज पर रहेगी नजर
भिलाई-चरोदा नगर निगम में आयुक्त की नई नियुक्ति के बाद अब प्रशासनिक कामकाज को गति देने की चुनौती रहेगी। निगम में कर्मचारियों के वेतन भुगतान सहित विभिन्न प्रशासनिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे पहले से चर्चा में रहे हैं। ऐसे में नए आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद इन मामलों में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।