छत्तीसगढ़ / दुर्ग

सेवा सेतु पोर्टल की नवीन सेवाओं एवं नई सुविधाओं के संबंध में ऑपरेटरों को दिया गया वर्चुअल प्रशिक्षण

 दुर्ग । कलेक्टर  अभिजीत सिंह के निर्देशनुसार जिले में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को शासकीय सेवाएँ सरल एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु पोर्टल के ऑपरेटरों के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोर्टल पर जोड़ी गई नवीन सेवाओं एवं लागू की गई नई सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान राजस्व विभाग की ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाण पत्र एवं राजपत्र संबंधी सेवाओं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सेवाओं जैसे विवाह प्रमाण पत्र / नल कनेक्शन आदि तथा तकनीकी शिक्षा विभाग की सेवाओं सहित अन्य नवीन सेवाओं की प्रक्रिया एवं संचालन के बारे में जानकारी दी गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन ई-जिला प्रबंधक एवं एवीएम टीम द्वारा किया गया। टीम ने सेवा सेतु ऑपरेटरों को नई सेवाओं के ऑनलाइन आवेदन, पोर्टल की नवीन सुविधाओं के उपयोग तथा संबंधित प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य सेवा सेतु केंद्रों के ऑपरेटरों को पोर्टल में किए गए नवीन बदलावों से अवगत कराना, उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराना है।

 

यह पहल राज्य में डिजिटल सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही डिजिटल मंच के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave Your Comment

Click to reload image