छत्तीसगढ़ / कोरबा
500 में सिलेंडर तो दिया नहीं और शराब से कमाई बढ़ा रही सरकार
कोरबा । लोकसभा क्षेत्र की लगातार दूसरी बार निर्वाचित सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने सोमवार को छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा सदन में प्रस्तुत किए गए बजट 2025 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में युवा, बेरोजगार, किसानों और आमजनों के लिए क्या कुछ है? सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
बढ़ती महंगाई से घर चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई को कम करने बजट में किसी प्रकार का कोई प्रावधान नहीं है। मोदी की गारंटी को लेकर सत्ता में आई भाजपा की सरकार ने महिलाओं को 500 रुपए में सिलेंडर देने की बात कही थी।
सरकार को डेढ़ साल होने जा रही है लेकिन भाजपा के लोग बताएं ंकि किस महिला को 500 रुपए में सिलेंडर दिए हैं। सांसद ने कहा कि शराब बंदी का ढोंग रचने वाली भाजपा सरकार शराब में नई-नई स्कीम लाकर अपना खजाना भरने का काम कर रही है।
सांसद ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिलाओं के उत्थान के लिए बजट में भी कुछ नहीं दिखता है। कोरबा में महिला थाना और नशामुक्ति केंद्र खोले जाने का सांसद ने स्वागत किया है।
कोरबा और सक्ती जिले में हाथियों का उत्पात
कोरबा । वनमंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज में घूम रहे 6 हाथियों ने तीन किसानों के धान की फसल को चौपट कर दिया। इस रेंज में दो हाथी धरमजयगढ़ वनमंडल से पहुंचे हैं, जो गितकुवारी के आसपास घूम रहे हैं। 6 हाथियों का झुंड चिकनीपाली के जंगल में है।
यहां अब हाथियों की संख्या 14 हो गई है। करतला रेंज से हाथी सक्ती जिले से फिर वापस आ गए हैं। यह गांव दोनों जिले की सीमा में है। कुदमुरा क्षेत्र में किसान धान की फसल लेते हैं।
ग्रामीणों को रात के समय रखवाली करने से मना किया गया है। इसकी वजह से ही फसल को चौपट कर रहे हैं। वनमंडल कटघोरा में 50 हाथी घूम रहे हैं। हाथियों का झुंड केंदई रेंज के चोटिया डंपिंग क्षेत्र में ही है।
प्रतीक्षा सूची से होगी मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदां पर भर्ती
कोरबा। स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु स्टाफ नर्स के 25, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट 2, रेडियोग्राफर के 01, ड्रेसर के 01 वे चतुर्थ वर्ग के 25 पदों पर भर्ती की जानी है। उक्त पदों की तत्कालीन पूर्ति हेतु कलेक्टर द्वारा जिला खनिज न्यास मद से भरे जाने हेतु स्वीकृति प्रदान किया गया है।
कलेक्टर के निर्देशन में स्टाफ नर्स, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, रेडियोग्राफर व ड्रेसर के पद की पूर्ति कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कोरबा के द्वारा जिला खनिज न्यास मद से उक्त पदों पर पूर्व विज्ञापित पदों के प्रतीक्षा सूची से की जाएगी तथा चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती विशेष पिछड़ी जनजाति के अभ्यार्थियों से की जाएगी। उल्लेखनीय है कि स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय कोरबा में विभिन्न रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवेदन मंगाए गए थे।
पाली महोत्सव का शुभारंभ आज ,उद्योग मंत्री होंगे शामिल
कोरबा । जिला प्रशासन द्वारा पाली महोत्सव 2025 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। महाशिवरात्रि के अवसर पर 26 फरवरी को महोत्सव का शुभारंभ शाम 7 बजे से पाली महोत्सव मैदान ग्राम पंचायत केराझरिया में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य श्रम व उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल होंगे।
इस दौरान महोत्सव की अध्यक्षता सांसद कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत, विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर श्री फूलसिंह राठिया, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत अध्यक्ष नगर पंचायत पाली श्री अजय जायसवाल एवं सरपंच केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा शामिल होंगे।
शुभारंभ समारोह 26 फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम में शाम 6ः30 बजे से श्री सुनील सोनी प्रस्तुति देंगे। रात्रि 08 बजे से मैथिली ठाकुर अपनी सुरों की छठा बिखेरेंगी। साथ ही छाऊ नृत्य मयूरभेज एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा अपना कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। अगले दिन 27 फरवरी 2025 को शाम 06ः30 बजे से छत्तीसगढ़ी गायक श्री दिलीप षड़ंगी अपनी प्रस्तुति देंगे। रात्रि 08 बजे बॉलीवुड सिंगर शान अपने मशहूर गीतों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही कत्थक नृत्य एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। पाली महोत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा 26 फरवरी को साइकिल रेस व 27 फरवरी को वीडियोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।
समापन समारोह 27 फरवरी को -
पाली महोत्सव 2025 का समापन समारोह 27 फरवरी 2025 को शाम 7 बजे मुख्य अतिथि उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के आतिथ्य में किया जाएगा। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर श्री फूलसिंह राठिया, महापौर नगर निगम श्रीमती संजू देवी राजपूत, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली श्री अजय जायसवाल, सरपंच ग्राम पंचायत केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा के विशिष्ट आतिथ्य में किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्यों के तृतीय चरण के चुनाव परिणाम घोषित
कोरबा । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के अंतर्गत कोरबा जिले में तृतीय चरण का मतदान 23 फरवरी को संपन्न हुआ। इस चरण में जनपद पंचायत कटघोरा में 2 एवं जनपद पंचायत पाली में 3 जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के लिए ग्रामीण मतदाताओं ने बैलेट के माध्यम से मतदान किया।
मंगलवार को जिला पंचायत के सभागार में रिटर्निंग अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग ने सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया और उन्हें सम्यक निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए।
घोषित परिणामों के अनुसार, जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 5 से श्रीमती सुषमा रवि रजक, क्षेत्र क्रमांक 6 से विनोद कुमार यादव, क्षेत्र क्रमांक 7 से श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, क्षेत्र क्रमांक 8 से श्रीमती माया रूपेश कंवर तथा क्षेत्र क्रमांक 9 से कौशल नेटी विजयी घोषित हुए। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, उपसंचालक पंचायत जूली तिर्की, निर्वाचन में संलग्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चोरों ने सूने घर में जेवरात नहीं मिलने पर लगाई आग
कोरबा । एसईसीएल कॉलोनी के एक सूने मकान में शनिवार रात चोर घुसे, जो कीमती सामान नहीं मिलने पर आग लगा भाग गए। कुसमुंडा थाना अंतर्गत एसईसीएल कॉलोनी आर्दश नगर के मकान एम-1194 में दिनेश कुमार निवासरत हैं।
वह इन दिनों वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने सपरिवार गए हैं। मकान सूना देख चोरों ने धावा बोला। दरवाजे का ताला तोड़ अंदर घुसे चोरों ने कीमती सामान नहीं मिलने पर वहां आग लगा दी। रविवार सुबह जब कॉलोनी के लोग बाहर निकले तो दिनेश के मकान का दरवाजा खुला और अंदर से धुआं निकलता देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद एसईसीएल के फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।
कलेक्टर-एसपी ने किया पाली महोत्सव आयोजन स्थल का निरीक्षण
मंच निर्माण, बेरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, पार्किंग व्यवस्था आदि को लेकर दिए निर्देश
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने शनिवार को पाली के केराझरिया में 26 और 27 फरवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय पाली महोत्सव के आयोजन की तैयारियों के संबंध में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था हेतु की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पार्किंग, वीआईपी बैठक व्यवस्था, विभागीय स्टॉल सहित अन्य व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम के आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए मंच में आवश्यक व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने यहाँ पेयजल व्यवस्था, शौचालय, कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था और प्रवेश पास के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने 26 फरवरी को आयोजित होने वाली साइकिल रेस प्रतियोगिता की तैयारी के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने आपात स्थिति की तैयारी हेतु एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन की व्यवस्था के संबंध में भी निर्देशित किया। एसपी तिवारी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर मनोज कुमार, एसडीएम श्रीमती सीमा पात्रे, एडिशनल एसपी, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कटघोरा-पाली जनपद में मतदान 23 फरवरी को
कलेक्टर-एसपी ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
कोरबा । त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के अंतर्गत तृतीय व अंतिम चरण में 23 फरवरी को कोरबा जिले के कटघोरा और पाली जनपद में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होकर शाम तीन बजे तक होगा। कल होने वाले मतदान हेतु आज पाली और कटघोरा क्षेत्र से मतदान दल एसडीएम सीमा पात्रे और रोहित सिंह के दिशा निर्देशन में निर्धारित मतदान केंद्रों के लिये रवाना हुए। उन्हें मतपेटी के साथ मतदान संबंधी अन्य सामग्री प्रदान की गई। मतदान दलों को पुलिस सुरक्षा के साथ बसों में रवाना किया गया।
कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कटघोरा और पाली के मतदान केंद्रों में निरीक्षण किया। उन्होंने सामग्री वितरण स्थल पर आवश्यक व्यवस्था देखी और मतदान दलों को गंभीरता से निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार पारदर्शी तरीके से मतदान कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मतदान दलों की समस्याओं को दूर करने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर मनोज कुमार, जनपद सीईओ भूपेन्द्र सोनवानी, रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित थे।
कटघोरा एसडीएम रोहित सिंह ने बताया कि कटघोरा जनपद अंतर्गत कुल 162 मतदान केंद्रों में मतदान होना है। जिसमें 711 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक बूथ में पीठासीन अधिकारी सहित मतदान दल में चार अन्य कर्मचारी होंगे। जिसमें से एक स्थानीय कर्मचारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में होगी। ब्लॉक में कुल मतदाताओं की संख्या 83,082 है। जनपद में पंच के 764 पद है। जिसमें 347 वार्डों में निर्विरोध और 417 वार्ड में चुनाव होना है। इसी प्रकार सरपंच के 52 पदों में से 03 में निर्विरोध 49 में चुनाव, जनपद सदस्य के 17 पदों के लिए और जिला पंचायत के दो सदस्यों के लिए निर्वाचन होना है। पाली एसडीएम सीमा पात्रे ने बताया कि पाली जनपद में कुल 281 मतदान केंद्र है। जिसमें रिजर्व मिलाकर कुल 1124 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। पाली में मतदाताओं की कुल संख्या 1 लाख 50 हजार 840 है। यहां सरपंच के लिए 92 पद है। जिसमें से 02 पदों पर निर्विरोध सरपंच चुन लिया गया है। 90 पदों पर निर्वाचन हेतु मतदान होगी। इसी तरह पंच के लिए 1408 वार्ड है, जिसमें से 688 में निर्विरोध चयन कर लिया गया है। दो पद रिक्त है। 718 में पंच के लिए चुनाव होगा। जनपद सदस्य के 24 पद है। जिसमें सभी में चुनाव होगा। यहां जिला पंचायत सदस्य के तीन पदों के लिए मतदान होगा।
ई-केवाईसी से छूटे हुए राशनकार्डधारी 31 मार्च 2025 तक करा सकते है अपना केवाईसी पूर्ण
विभागीय टोल फ्री नंबर 1967 या 1800-233-3663 में कॉल कर दे सकते है जानकारी
कोरबा । एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजनांतर्गत जिले के सभी राशनकार्डधारी सदस्यों के ई-केवाईसी 31 मार्च 2025 तक पूर्ण कराने हेतु शासन द्वारा निर्देश जारी किए गए है। जिले के 11.93 लाख राशनकार्ड हितग्राहियों अंतर्गत 10.21 लाख हितग्राहियों के ई-केवाईसी पूर्ण किया गया है एवं 1.71 लाख हितग्राही ई-केवाईसी हेतु शेष है। खाद्य अधिकारी ने ई-केवाईसी हेतु शेष सभी राशनकार्ड हितग्राहियों से जिले/राज्य के किसी भी शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन कार्ड एवं आधार कार्ड के साथ उपस्थित होकर ई-पॉश मशीन में बायोमेट्रिक के माध्यम से ई-केवाईसी की कार्यवाही पूर्ण कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि ऐसे हितग्राही जो राज्य से बाहर अस्थायी रूप से निवासरत है वे भी संबंधित राज्य के किसी भी उचित मूल्य की दुकान में जाकर ई-केवाईसी पूर्ण करा सकते है। साथ ही जिन राशनकार्डधारी मुखिया की मृत्यु हो गई है तथा राशन कार्ड में आश्रित सदस्य उपलब्ध है वे मुखिया संशोधन हेतु तथा आश्रित सदस्य की मृत्यु हेतु आवेदन एवं अन्यत्र निवास होने पर सदस्य का नाम विलोपित करने हेतु संबंधित नगरीय निकाय कार्यालय/जनपद पंचायत कार्यालय/ग्राम पंचायत सचिव के पास आवेदन सह दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते है। राशनकार्डधारी सदस्य जिनका आधार कार्ड नहीं बना है वे संबंधित आधार सेंटर में जाकर अपना आधार कार्ड बनवा सकते है।
जिले में ई-केवाईसी की कार्यवाही में किसी प्रकार की समस्या होने पर विभागीय टोल फ्री नंबर 1967 या 1800-233-3663 में कॉल कर अपना राशन कार्ड नंबर एवं मोबाइल नंबर दर्ज कराकर जानकारी दर्ज करा सकते है। साथ ही कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) कोरबा, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, नगरीय निकाय कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक, सहायक खाद्य अधिकारी के समक्ष भी आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। भविष्य में खाद्यान्न सामग्री का सुचारू रूप से उठाव करने हेतु जिले के समस्त राशनकार्डधारी हितग्राही 31 मार्च 2025 तक शासकीय उचित मूल्य दुकान में जाकर ई-केवाईसी की कार्यवाही पूर्ण कराने की अपील की गई है।
एकलव्य विद्यालय, 2 मार्च को चयन परीक्षा
विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट में जाकर प्रवेश पत्र कर सकते है डाउनलोड
कोरबा । जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु 02 मार्च 2025 दिन रविवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक प्रवेश चयन परीक्षा आयोजित किया जाएगा। जिले में 2158 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 2061 पात्र व 97 अपात्र पाए गए।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के लिए पात्र विद्यार्थी एकलव्य विद्यालय के वेबसाईट https://eklavya.cg.nic.in/Admit-Card-Login पर जाकर अपने आवेदन क्रमांक एवं अपने पिता के मोबाइल नंबर की सहायता से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते है। साथ ही आवेदन के लिए अपात्र पाए गए विद्यार्थी अपने आवेदन क्रमांक एवं अपने पिता के मोबाइल नंबर की सहायता से अपना आवेदन निरस्त होने का कारण देख सकते है। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र संबंधित ब्लॉक के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला/लाफा पाली/रामपुर पोड़ीउपरोड़ा एवं प्रयास आवासीय विद्यालय डिंगापुर कोरबा से प्राप्त कर सकते है।
जिला पंचायत कोरबा चुनाव के प्रथम चरण के परिणाम घोषित
रिटर्निंग अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने विजयी प्रत्याशियों को सम्यक निर्वाचन प्रमाण पत्र किए प्रदाय
कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत जिला पंचायत कोरबा के 12 निर्वाचन क्षेत्रों में से प्रथम चरण में 1 से 4 तक के निर्वाचन क्षेत्रों में 17 फरवरी को मतदान संपन्न हुआ। ग्रामीण मतदाताओं ने पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के चयन के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आज, गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी एवं सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग ने प्रथम चरण के चुनाव परिणाम घोषित किए। मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात उन्होंने सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया। घोषित परिणामों के अनुसार निर्वाचन क्षेत्र 01 से श्रीमती रेणुका राठिया निर्वाचित हुईं।निर्वाचन क्षेत्र 02 से अनंत सुष्मिता कमलेश विजयी रहीं। निर्वाचन क्षेत्र 03 से श्रीमती सावित्री अजय कंवर को सफलता मिली। निर्वाचन क्षेत्र 04 से रज्जाक अली निर्वाचित हुए।
रिटर्निंग अधिकारी श्री नाग ने सभी विजयी प्रत्याशियों को सम्यक निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, उप संचालक जूली तिर्की सहित अन्य अधिकारी एवं निर्वाचन से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।
आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सको को पंजीयन नवीनीकरण कराने निर्देश
कोरबा । छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सक जिनका पंजीयन स्थानीय परिषद में 24 जुलाई 2002 से 31 दिसंबर 2019 के मध्य हुआ है। शासन के निर्देशानुसार उन्हें छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक, यूनानी तथा प्राकृतिक व्यवसायी अधिनियम 1970 की धारा 21, परिषद की संपन्न 17 वीं एवं 20 वीं बैठक में लिए गए निर्णयों तथा भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग विनियम 2023 (आचार एवं पंजीयन) की धारा 7 के परिपालन में अपने पंजीयन का नवीनीकरण कराया जाना आवश्यक है। पंजीयन नवीनीकरण हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथी 31 जनवरी 2025 तक निर्धारित थी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आरबीएसके (चिरायु) तथा आयुर्वेद तथा यूनानी चिकित्सकों के द्वारा उक्त अवधि में अपने पंजीयन का नवीनीकरण हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है जो कि उपरोक्त वर्णित अधिनियम एवं विनियम का उल्लंघन है।
सीएमएचओ ने बताया कि रजिस्ट्रार, छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सा परिषद रायपुर ने ऐसे आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सक जिन्होंने अंतिम तिथी 31 जनवरी 2025 तक नवीनीकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत नहीं किया है उनका पंजीयन छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक, यूनानी तथा प्राकृतिक चिकित्सा व्यवसायी अधिनियम, 1970 की धारा 21 (1) के तहत निरस्त करने के निर्देश दिए है। उन्होंने आर.बी.एस.के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम में पदस्थ आयुर्वेद तथा यूनानी चिकित्सकों तथा जिले में प्रैक्टिस कर रहे आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सक को अपने पंजीयन के नवीनीकरण शीघ्र कराने हेतु निर्देशित किया है। अन्यथा वे किसी भी प्रकार के शासकीय संविदा एवं निजी चिकित्सा व्यवसाय के लिए विधिक मान्यता नहीं रखेंगे।
पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में मतदाताओं ने उत्साह से किया मतदान
वयोवृद्ध सहित दिव्यांग, युवा, महिला पुरूष सभी मतदाताओं ने निर्वाचन में निभाई अपनी सहभागिता
कोरबा । कोरबा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान के तहत आज पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में सुचारू रूप से निर्वाचन सम्पन्न हुआ। जंनपद अंतर्गत मतदान केन्द्रों में सुबह से ही मतदान के लिए लोगो की भीड़ बनी रही। क्षेत्र के महिला ,पुरूष, युवा, दिव्यांग सहित बुजुर्ग मतदाताओं ने अपने मताधिकार के प्रति सजगता दिखाते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में स्वस्फूर्त आगे आकर मतदान किया। युवा मतदाताओं में मतदान के लिए भारी उत्साह नजर आया। महिला मतदाताओं ने भी बढ़ चढ़ कर उमंग से अपना अमूल्य वोट देकर लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाई ।
वयोवृद्ध एवं दिव्यांग मतदाता बने युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत, वोट देकर अच्छे नागरिक होने का दिया परिचयः-
त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव के दूसरे चरण में उचित पंचायत पदाधिकारियों के निर्वाचन हेतु सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारे दिखाई दी। लोग मतदान के लिए पंक्तियों में खड़े होकर अपने बारी का इंतजार करते रहे। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के चेहरे में मतदान के लिए उत्साह नजर आया। मतदान केन्द्रों में लाईन में कतारबद्ध खडें होकर सभी मतदाताओ ने प्रसन्नता पूर्वक मतदान किया।
नन्हें बच्चे को गोद में लेकर हीरामति ने किया मतदानः-
मड़ई मतदान केन्द्र में अपने नन्हें बच्चे को गोद में लेकर मतदान के लिए आई महिला मतदाता श्रीमती हीरामति तिग्गा ने मतदान कर सभी को प्रेरित किया। इसी प्रकार महिला मतदाता श्रीमती सावित्री, भगवती सहित अन्य मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर उत्साहपूर्वक मतदान किया। उन्होंने लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भागीदारी निभटर हुए आमजनों से शत प्रतिशत मतदान करने का आग्रह किया।
बुजुर्ग मतदाता श्री धीरसाय एवं सहसराम ने मतदान कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने में निभाई भूमिका :-
दिव्यांग गनपत राम ने वोट देकर आमजनों से शत प्रतिशत मतदान का किया आग्रहः-
आम मतदाताओं के साथ ही वयोवृद्ध, बुजुर्ग, दिव्यांग मतदाताओं में भी निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में अपनी जिम्मेदारी निभाने की उत्सुकता नजर आई। केन्द्रों में बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं ने अपनी सहभागिता निभाते हुए प्रसन्नता पूर्वक मतदान किया एवं अच्छे नागरिक होने का परिचय दिया। कोनकोना पंचायत के दिव्यांग मतदाता श्री गनपतराम व्हीलचेयर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया एवं आमजनों से शत प्रतिशत मतदान करने का आग्रह किया।
इसी प्रकार एतमानगर पंचायत के रहने वाले बुजुर्ग मतदाता श्री धीरसाय एवं सहसराम ने भी मतदान कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने में अपनी अहम भूमिका निभाते हुए युवाओं को वोट डालने के लिए प्रोत्साहित किया। बुजुर्गों की अपने निर्वाचन कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने की जागरूकता सभी मतदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
वृद्धा श्याम बाई, व सुकवारा बाई ने केन्द्र पहुँच कर किया मतदान, सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में दिया अपना योगदानः-
युवा मतदाताओं के जैसे ही बुजुर्ग मतदाताओं में अपने कर्तव्य निर्वहन के लिए जागरूकता नजर आया। उन्होंने भी बढ़ चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के मतदान केन्द्र कोनकोना में पंचायत क्षेत्र की रहने वाली वृद्धा श्याम बाई एवं मतदान केन्द्र एतमानगर में गांव की वयोवृद्धा सुकवारा बाई अपने घर वालो के साथ मतदान करने पहुंची। उन्होंने अपने पसंदीदा प्रत्याशी को अपना वोट देकर अपने दायित्व का निर्वहन किया। बुजुर्गा का अपने अधिकारों के प्रति सजगता अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक है।
कोरबा में भाजपा की महापौर प्रत्याशी संजू देवी 52 हजार मतों से जीतीं, 67 वार्ड में 52 पार्षद भी जीते
कोरबा। कोरबा नगर निगम में 52 हज़ार मतों से भाजपा की महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत विजयी हुई है। वहीं 67 सीट में भाजपा के 52 पार्षद जीतने में सफल रहें। सात काग्रेस और इतने ही निर्दलीय प्रत्याशी पार्षद चुने गए हैं।
सुबह जब मतगणना शुरू हुई तो भाजपा ने ऐतिहासिक बढ़त बनाना शुरू कर दिया था। पहले चरण में 10 हज़ार मतों से भाजपा आगे थीं. दूसरे चरण में 22 हजार वोट से भाजपा ने लीड ली। इस तरह से भाजपा ने ऐतिहासिक 52 हज़ार मतों का विशाल अंतर से जीत हासिल की।
भाजपा सरकार के विकास कार्यों से वोट मिले
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि एक साल में सभी विकास कार्यों को गति दी गई। 400 करोड़ के कार्य शुरू हुए। यही वजह है की वार्डों में भाजपा की महापौर ओर पार्षद प्रत्याशी को एकतरफा वोट मिले।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
मतगणना स्थल पर त्रि-स्तरीय पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई। प्रत्येक घेरे में पुलिस के सुरक्षा जवानों की तैनाती रही। निर्वाचन की ओर से जारी पास दिखाने पर मतगणना हाल में केवल रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर, मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, निर्वाचन अभिकर्ता तथा गणना अभिकर्ता को जाने अनुमति थी।
अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
कोरबा। शहर में चौपाटी को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन कर रहे ठेले-खोमचे वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ठेलों पर जेसीबी चला दी, जिससे हंगामा मच गया।
नगर निगम ने ओपन थिएटर ग्राउंड के पास गढ़केलवा इलाके में एक व्यवस्थित चौपाटी तैयार की थी, जहां ठेले-खोमचे वालों को बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गई थीं।
इसके बावजूद कई व्यापारियों ने वहां जाने से इनकार कर दिया और खुले मैदान में ही ठेले लगाने लगे। इस पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए कि यदि चौपाटी का संचालन करना है तो निर्धारित स्थान पर ही किया जाए, अन्यथा अवैध ठेले हटा दिए जाएंगे। आदेश के पालन में अधिकांश ठेले व्यवस्थित चौपाटी में चले गए, लेकिन कुछ ठेलेवाले पुराने स्थान पर ही डटे रहे।
जब इन नियमों का पालन नहीं हुआ, तो नगर निगम ने जेसीबी बुलाकर ठेलों और गुमटियों को हटा दिया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का आरोप था कि नई जगह ग्राहक नहीं आ रहे, जिससे उनके व्यवसाय को नुकसान हो रहा है। उन्होंने निगम की कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी। नगर निगम का कहना है कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना
आवश्यक है। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि ओपन थिएटर ग्राउंड में अब कोई भी ठेला नहीं लगाने दिया जाएगा और यदि किसी ने दोबारा वहां ठेला लगाया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस विवाद के चलते व्यापारियों और प्रशासन के बीच तनाव बना हुआ है। जहां व्यापारी अपने हक की लड़ाई लड़ने की बात कर रहे हैं, वहीं प्रशासन शहर को व्यवस्थित रखने के अपने फैसले पर अडिग है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद का कोई समाधान निकलता है या टकराव और बढ़ता है।
लकवाग्रस्त होने के बावजूद अशोक केरकेट्टा ने डाला वोट
कोरबा । लोकतंत्र में भागीदारी की मिसाल कायम करते हुए रिस्दी निवासी 50 वर्षीय अशोक केरकेट्टा ने लकवाग्रस्त होने पर भी नगरीय निकाय आम निर्वाचन में मतदान किया। छह महीने पहले लकवे का शिकार हुए अशोक के शरीर का बायां हिस्सा प्रभावित हो गया था, जिससे उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती है।इसके बावजूद, लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने के लिए उन्होंने हिम्मत दिखाई और लाठी के सहारे न्यू ऐरा पब्लिक स्कूल के मतदान केंद्र पहुंचे।
वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, “मतदान करना हमारा अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी है। अगर मैं इतनी मुश्किलों के बाद भी वोट डाल सकता हूं, तो हर नागरिक को जरूर मतदान करना चाहिए।“ उनकी इस भावना ने अन्य मतदाताओं को भी प्रेरित किया। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनके जज़्बे की सराहना की। अशोक केरकेट्टा का यह कदम लोकतंत्र की मजबूती और जागरूकता का प्रतीक बन गया है।
पहली बार वोट डालकर उत्साहित हुईं आंचल
युवाओं से की मतदान की अपील
कोरबा । छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तहत कोरबा जिले में लोकतंत्र का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मोतीसागर पारा निवासी 19 वर्षीय आंचल रोहिदास के लिए यह चुनाव खास रहा, क्योंकि उन्होंने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
ईवीएम मशीन से अपने पसंदीदा प्रत्याशी के लिए वोट डालने के बाद आंचल के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। पहली बार शहर की सरकार चुनने के इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर मैं बहुत खुश हूं।“
आंचल ने युवाओं से अपील की कि वे भी मतदान के प्रति जागरूक हों और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा, “युवा देश का भविष्य हैं, और उन्हें अपने अधिकार का उपयोग करते हुए मतदान अवश्य करना चाहिए।“ कोरबा में मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मतदान संपन्न कराने की पूरी व्यवस्था की गई थी।