छत्तीसगढ़ / नारायणपुर
एसडीएम ने संभाला नपा नारायणपुर में प्रशासक का पदभार
नारायणपुर। नगरपालिका नारायणपुर की निर्वाचित परिषद का कार्यकाल 5 जनवरी को समाप्त हो गया है। राज्य सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार निर्वाचित परिषद का कार्यकाल समाप्त होते ही वहां प्रशासक पदभार ग्रहण कर लेंगे, जिसके तहत नारायणपुर नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने से 6 जनवरी को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भारतीय प्रशासनीक सेवा वासु जैन ने नगरपालिका नारायणपुर में प्रशासक के तौर पर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की गुहार, शीघ्र निराकरण करने का दिलाया भरोसा
नारायणपुर। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवो से पहुंचे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने मुलाकात कर उनकी मांगो एवं समस्याओं और शिकायत संबंधी आवेदनों का निराकरण कराने संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जनदर्शन में पंकज यादव आमबगीचा नयापारा द्वारा जिले के बेनूर एवं छोटेडोंगर में पोस्ट मार्डम सुविधा प्रदान करने के संबंध में, बसंती रानी धर निवासी बखरूपारा द्वारा गैस सिलेण्डर प्रदान करने, रैनू राम पोटाई ग्राम ईरकभट्टी द्वारा बोर खन्न हेतु आवेदन, समस्त महाविद्यालय की छात्राएं वीरांगना रमोतिन माड़िया कॉलेज नारायणपुर द्वारा हॉस्टल मांग हेतु आवेदन, बलदेव राम मरकाम सेवा निवृत प्रधान अध्यापक ग्राम धौड़ाई द्वारा 7वीं वेतनमान का एरियर्स राशि का अंतिम किस्त रुपये 22950 एवं एफबीपी राशि 18247 दिलवाने, श्रीमती रीना कर्मकार डी.एन.के. कॉलोनी नारायणपुर द्वारा अपनी निजी भूमि विक्रय की अनुमति के संबंध में, समस्त ग्रामवासी ग्राम नेतानार द्वारा वन पट्टा प्रदान करने हेतु आवेदन, सोहन उसेण्डी निवासी बिंजली द्वारा श्रीमती चैतीबाई पति जैतराम एवं रैनीबाई पति एस.आर. दुग्गा लोगों के द्वारा मेरे पिताजी का फर्जी हस्ताक्षर कर कुटरचित तरीके से कुटरचना कर हमारी भूमि का रजिस्ट्री कराने की संबंध में कार्यवाही करने, सरपंच एवं अन्य 04 ग्राम करलखा द्वारा ग्राम करलखा में निवासी स्व. बालसाय पिता स्व. शिवलाल जाति ठेठवार भूमि स्वामी खसरा नम्बर 192 रकबा 0.615 हेक्टेयर भूमिका जांच करने के संबंध में, श्रीमती सुकबती ओझा ग्राम ब्रेहबेड़ा द्वारा भूमि विक्रय करने हेतु, अर्जुन एवं अन्य 05 ग्राम कोहकामेटा कोडे़नार द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति अबुझमाड़िया परिवार को स्वीकृत आवास अधूरा तत्काल पूरा करवाने, समस्त ग्रामवासी ग्राम बड़गांव द्वारा अतिथि शिक्षक मांग, समस्त ग्रामवासी ग्राम गुमियाबेड़ा द्वारा ओरछा के ग्राम पंचायत नेडनार के ग्रामवासियों को खेती बाड़ी का पट्टा दिये जाने, प्रतिमा गुप्ता ईएमआरएस एकलव्य स्कूल छेरीबेड़ा द्वारा स्पोकन इंग्लिश शिक्षिका को शिक्षण सत्र 2024-25 में पेमेंट नहीं हुआ है पेमेंट भुगतान हेतु ओवदन, राजूराम पोटाई एवं अन्य 03 निवासी खैराभाट द्वारा सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संविदा के पद पर सेवा वृद्धि किये जाने के संबंध में, अध्यक्ष और सचिव एवं अन्य 03 ग्राम निवासी खैराभाट द्वारा पर्यटन स्थल शांत सरोवर बिंजली बांध में दो गोताखोर सुरक्षा गार्ड देने व नियुक्ति करने एवं 600 मीटर में बिजली पोल लगाकर विद्युत कनेक्शन देने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस प्रकार जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने गंभीरतापूर्वक सभी आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने के लिए ग्रामीणों को भरोसा दिलाया।
नारायणपुर मुठभेड़: 2 महिला नक्सली समेत 5 नक्सलियों के शव बरामद
नारायणपुर । नाराणपुर-दंतेवाड़ा के अबूझमाड़ में हुये मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने पांच वर्दीधारी नक्सलियों के शव को बरामद कर लिया है। मृत माओवादियों में दो महिला नक्सलियों का भी शव शामिल है। मारे गये नक्सलियों में डीकेएसजेडसी पीएलजीए प्लाटून नंबर 32 के सीनियर कैडर शामिल है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, नक्सल विरोधी अभियान में चार जिला दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर और कोंडागांव की डीआरजी के साथ एसटीएफ की संयुक्त पार्टी दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में रवाना हुई थी। 4 जनवरी को जवानों को जंगल में आते देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी आत्मरक्षा के लिए जवाबी फायरिंग की।
फायरिंग खत्म होने के बाद सर्च ऑपरेशन किया गया। इस दौरान दो महिला नक्सली सहित पांच वर्दीधारी नक्सलियों के शव को बरामद किया गया। मृत नक्सलियों में डीकेएसजेडसी पीएलजीए प्लाटून नंबर 32 के सीनियर कैडर शामिल है, जिनकी शिनाख्त की जा रही है।
सुरक्षाबलों ने मौके से एके 47, एसएलआर जैसे आटोमैटिक हथियार बरामद किया गया है। साथ ही अभी भी सर्च अभियान जारी है। मुठभेड़ की पूरी जानकारी अभियान पूरा होने के बाद पुलिस द्वारा दी जाएगी।
डीआरजी का प्रधान आरक्षक शहीद
नारायणपुर । दक्षिण अबूझमाड़ इलाके में एक बार फिर से नक्सली और जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें चार नक्सली को ढेर कर दिया है।
साथ ही एक जवान भी शहीद हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, घटन अबूझमाड़ जंगल की है।
बताया जा रहा है कि अबूझमाड़ जंगलों में कल देर रात से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। जिसमें 4 जिलों की पुलिस जॉइंट ऑपरेशन कर रही है। बताया गया कि, दोनों तरफ से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है।
जिसमें जवानों ने चार नक्सलियों को ढेर कर दिया है। साथ ही एक जवान भी इस मुठभेड़ में शहीद हो गए हैं। जवानों ने एक ak-47 एसएलआर और 315 बोर की बंदूक बरामद की है।
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर आए हुए थे। इस दौरान मंत्री शाह ने 7 राज्यों के अफसरों के साथ बैठक की। जिसमें नक्सलियों के खात्म का रणनीति बनाई। जिसके बाद अब नक्सली बौखला गए हैं। वहीं दूसरी ओर कई नक्सली लाल आतंक को छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं।
नारायणपुर में मुठभेड़: 4 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद...
नारायणपुर । अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार को नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर व कोंडागांव जिले की डीआरजी के सााथ एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापामारी की। इस दौरान टीम व नक्सलियों के बीच गोलीबारी भी हुई। दोनों से चली गोलीबारी में संयुक्त टीम ने 4 वर्दीधारी नक्सलियों को ढेर कर दिया। चिंताजनक खबर ये कि मुठभेड़ और गाेलीबारी के दौरान डीआरजी का एक जवान शहीद हो गया।
जवान की शहादत पर सीएम साय ने शोक व्यक्त किया है। अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा: 'नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 4 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में डीआरजी के जवान, प्रधान आरक्षक सन्नू कारम के शहीद होने की भी दुःखद खबर प्राप्त हुई है। उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबल के जवान बहुत ही मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं और उसके खात्मे तक यह लड़ाई जारी रहेगी। ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।'
कब हुई मुठभेड़
नक्सल विरोधी सर्च अभियान में 3 जनवरी को नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, कोंडागांव जिले की डीआरजी के साथ एसटीएफ की संयुक्त पार्टी अबूझमाड़ क्षेत्र में रवाना हुई थी। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच 4 जनवरी की शाम से मुठभेड़ चल रही थी। इस बीच दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही थी। सर्च आपरेशन के दौरान सर्चिंग टीम को भारी सफलता मिली है।
4 नक्सली मारे गए, डीआरजी का एक जवान शहीद
सूचना के अनुसार अब तक चार वर्दीधारी नक्सलियों के शव सर्चिंग टीम ने बरामद कर लिया। चार नक्सलियों को सर्चिंग टीम ने मार गिराया है। नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराने के साथ ही भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार भी जब्त किया है। जब्त हथियार में AK 47, SLR जैसे आटोमैटिक गन व हथियार शामिल है। सर्चिंग टीम और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ से दुखद सूचना भी सामने आई है।मुठभेड़ में दंतेवाड़ा DRG के जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए हैं। मुठभेड़ एवं सर्चिंग अभियान अब भी जारी है।
कलेक्टर ने किया इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन वेयरहाउस का निरीक्षण
नारायणपुर । कलेक्टर बिपिन मांझी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन वेयरहाउस मासिक निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण करते हुए वोटिंग मशीन की रखरखाव संबंधी जानकारी ली तथा उपस्थित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, निर्वाचन सुपरवाइजर जिवेन्द्र ठाकुर, सहायक प्रोग्रामर हेमंत देवांगन उपस्थित थे।
अधिवक्ता संघ नारायणपुर ने किया नव पदस्थ अपर सत्र न्यायाधीश एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट का सम्मान
नारायणपुर । नारायणपुर न्यायालय में पदस्थ हरेंद्र सिंह नाग अपर सत्र न्यायाधीश नारायणपुर का जेपी देवांगन अधिवक्ता के द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मान किया गया। कुमारी प्रतिभा मरकाम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नारायणपुर का क्षमा साहू अधिवक्ता के द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मान किया गया, अधिवक्ता संघ नारायणपुर के सचिव जितेंद्र कुमार शुक्ला के द्वारा शिव प्रकाश त्रिपाठी प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड नारायणपुर का पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मान किया गया। न्यायाधीशगण एवं अधिवक्तागणों के मध्य बार एवं बेंच के मध्य एक दूसरे के सहयोग करते हुए सुचारु रूप से मिलकर न्यायिक कार्य किए जाने के संबंध में बातचीत व चर्चा की गई। इस सम्मान समारोह के दौरान अधिवक्ता जे.पी देवांगन, अधिवक्ता जे.एस. राठौर, अधिवक्ता जितेंद्र कुमार शुक्ला, अधिवक्ता विक्रम राठौर, अधिवक्ता अविनाश देवांगन, अधिवक्ता चंद्र प्रकाश कश्यप, अधिवक्ता दीपक दास, अधिवक्ता क्षमा साहू, अधिवक्ता दीपिका भंडारी, न्यायालय अधिकारीगण में एडीपीओ चंद्रशेखर राव एवं न्यायालय कर्मचारी गण उपस्थित थे।
कलेक्टर को दी गई भावभीनी विदाई
नारायणपुर। राज्य सरकार द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश के तहत नारायणपुर जिले के कलेक्टर बिपिन मांझी को सचिव, लोक आयोग के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। समारोह के दौरान कलेक्टर श्री मांझी के कार्यकाल में जिले में हुए विकास कार्यों और उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की गई। उनकी कार्यशैली और नीतिगत निर्णयों को जिले के विकास में मील का पत्थर बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिले ने न केवल प्रशासनिक दक्षता में सुधार किया बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास के कई नए आयाम भी स्थापित किए। कलेक्टर श्री मांझी के नेतृत्व में आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ। महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और रोजगार सृजन के लिए कई योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की गईं।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्टर श्री मांझी को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि कलेक्टर श्री मांझी के साथ काम करना प्रेरणादायक अनुभव रहा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने उनके कुशल नेतृत्व और सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, अभिषेक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, श्री गौतम पाटिल, अभयजीत सिंह मांडवी, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. रोजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रविकांत ध्रुवे, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग वैशाली मरड़वाड़ डीपीएम श्री राजीव बघेल सहित जिले के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
मृतक के परिजनों के लिए चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नारायणपुर । राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर बिपिन मांझी के निर्देशन में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादूर पंचभाई द्वारा पीड़ित परिवार के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत दी गई है।
मृतक लखमूराम पोटाई, पिता मोड्डाराम, निवासी ग्राम कुढ़ारगांव की मृत्यु 14 सितम्बर 2023 कसे सर्पदंश के कारण, मृतिका यशोदा, पति भुनेश्वर निवासी ग्राम बोरण्ड की मृत्यु 26 अगस्त 2018 को तालाब के पानी में डुबने और मृतक रमेश कुमार बघेल, पिता पुनउराम निवासी ग्राम बाकुलवाही की मृत्यु 16 अगस्त 2022 को नाले में मछली पकड़ते समय पानी में डुबने के कारण हुई थी।
मृतक लखमुराम के निकटतम वारिस पुत्र दासूराम पोटाई, यशोदा के निकटतम वारिस पुत्र सगनू चुरेन्द्र तथा रमेश कुमार के निकटतम वारिस पिता पुनउराम बघेल हेतु 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। उक्त स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान तहसीलदार नारायणपुर को राशि बैंक ड्राफ्ट या चेक के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर कराने निर्देशित किया गया हैं।
जवानों ने 15 आईईडी बरामद कर किया डिफ्यूज
नारायणपुर । जिले के कच्चापाल-टोके के बीच पहाड़ी से 15 आईईडी बरामद किया। सुरक्षा मानको का पालन करते हुए बरामदशुदा आईईडी को नष्ट किया गया। दो दिन पहले इसी जगह पर ब्लास्ट में दो डीआरजी जवान घायल हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नवीन कैंप कच्चापाल से डीआरजी, बीएसएफ 135 वीं वाहिनी की संयुक्त टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर ग्राम तोक-मुसेर गए थे। कच्चापाल- तोके क्षेत्र में एरिया सर्चिंग के दौरान तोके पहाड़ी में सुरक्षाबलों ने 15 आईईडी बरामद किया। नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जाल बिछा रखा था। बीडीएस की टीम ने सावधानी से आईईडी को डिफ्यूज किया। बताया जा रहा है कि, 15 आईईडी लगभग 5-5 किलो की थी। इलाके से विस्फोटक के अवशेष, बिजली तार और अन्य सामान बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि, दो दिन पहले इसी जगह पर डीआरजी के दो जवान घायल हो गए थे। जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से ग्रामीणों और जानवरों को भी खतरा हो सकता था। बड़ी ही सावधानी से जवानों ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
रतन दुबे हत्या मामले में CPI के 3 कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल
नारायणपुर । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छत्तीसगढ़ भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में सीपीआई (माओवादी) के तीन और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। तीनों की पहचान सैनुराम कोर्राम, लालूराम कोर्राम और एक सशस्त्र कार्यकर्ता के रूप में की गई है।
इन तीनों पर आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष दायर पूरक आरोपपत्र में आईपीसी अधिनियम और यूए(पी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। आरोपपत्र में शामिल तीनों आरोपी रतन दुबे की हत्या की आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल पाए गए। सैनुराम कोर्राम और लालूराम कोर्राम को 27 जून 2024 को गिरफ्तार किया गया।
साप्ताहिक बाजार में हुई थी भाजपा नेता की हत्या
रतन दुबे को 4 नवंबर 2023 को कौशलनार गांव में भीड़ भरे साप्ताहिक बाजार में चुनाव प्रचार के दौरान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) के सदस्यों ने कुल्हाड़ियों से काटकर मार डाला। लक्षित हत्या का उद्देश्य स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बाधित करना और स्थानीय लोगों में आतंक फैलाना था।
मामले में जांच जारी
एनआईए की जांच में सीपीआई (माओवादी) के तहत काम करने वाले पूर्वी बस्तर संभाग के बयानार एरिया कमेटी और बारसूर एरिया कमेटी के सदस्यों की भूमिका और संलिप्तता स्थापित हुई थी। एनआईए ने स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने के बाद 23 फरवरी 2024 को आरसी-08/2024/एनआईए/आरपीआर मामला दर्ज किया था। 5 जून को एनआईए ने एक आरोपी धन सिंह कोर्राम के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रकृति परीक्षण कराकर स्वास्थ्य एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें : बिपिन मांझी
नारायणपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 29 अक्टूबर 2024 को नवमें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर देशव्यापी देश का प्रकृति प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल एप्लीकेशन के द्वारा आयुर्वेद चिकित्सक आयुर्वेदिक सिद्धांत अनुसार प्रकृति वात, पित्त, कफ का परीक्षण करेंगे। यह अभियान संविधान दिवस 26 नवंबर 2024 से आरंभ होकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती 25 दिसंबर 2024 तक संपन्न होना है।
इसी तारतम्य में आज कलेक्टर बिपिन मांझी का प्रकृति परीक्षण, अभियान के जिला समन्वयक डॉ लालचंद साहू एवं जिला सह समन्वयक डॉ बीना खोबरागड़े द्वारा प्रकृति परीक्षण किया गया। कलेक्टर बिपिन माझी ने कहा कि प्रकृति परीक्षण अभियान से सभी जुड़कर अपनी प्रकृति जाने और सही जीवन शैली अपना कर स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने नगर वासियों से अपील की कि प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा जरूर बने। इससे नागरिकों को स्वयं का डिजिटल प्रकृति कार्ड प्राप्त होगा।
शरीर में वात, पित्त, कफ की पहचान के लिए आयुष मंत्रालय ने प्रकृति परीक्षण एप तैयार किया है। इस एप की मदद से लोगों से स्वास्थ्य की जानकारी मांगी जाती है और फिर उन्हें उनकी प्रकृति बताई जाती है। 26 नवंबर से शुरू इस प्रकृति परीक्षण अभियान के तहत राज्य के 15 लाख नागरिकों के आयुर्वेदिय सिद्धांत अनुसार प्रकृति वात, पित्त व कफ का परीक्षण मोबाइल एप्लीकेशन के द्वारा किया जाएगा। क्योंकि इन तीनों प्रकृतियों की अधिकता या कमी के कारण शरीर में बीमारी आती है। प्रकृति की जानकारी होने पर व्यक्ति अपने खान-पान और दिनचर्या में सुधार कर लें, तो उन्हें अस्पताल तक पहुंचने की नौबत ही नहीं आएगी। प्रकृति परीक्षण एप को किसी भी एंड्रायड फोन पर डाउनलोड किया जा सकता है और आयुर्वेद चिकित्सक द्वारा अपना प्रकृति परीक्षण कराया जा सकता है।
कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्र गढ़बेंगाल का औचक निरीक्षण
नारायणपुर । राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर जिले में धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर बिपिन मांझी गढ़बेंगाल के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान बेचने आए कृषकों से चर्चा करते हुए धान खरीदी केंद्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों से सोसायटी में बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन काटने की प्रक्रिया और किसानों को दी जानी वाली भुगतान की जानकारी ली।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 14 नवंबर से प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर मांझी ने धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जिले में धान खरीदी का जायजा ले रहे हैं। आज उन्होंने धान खरीदी केंद्र गढ़बेंगाल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केन्द्रों में टोकन पंजी, बारदाना पंजी, बारदाना गोदाम, धान बोरे की स्टेकिंग, ड्रेनेज और पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थायें दुरूस्त रखने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए कृषकों से चर्चा करते हुए धान खरीदी हेतु की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लिया। गढ़बेंगाल धान खरीदी केन्द्र में 873 किसान पंजीकृत हैं, उनमें से 396 किसानों ने अब तक धान की बिक्री किये हैं। अब तक किसानों से 18,226 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसमें से खरीदी केन्द्र से 4,480 क्विंटल धान का उठाव किया गया है।
कलेक्टर ने जिले के बाहर के मिलर्साें को भी धान उठाव करने के लिए संपर्क करने के निर्देश दिये। धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर को कृषकों ने बताया कि उन्हें धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है। बड़ी ही आसानी से उन्हें टोकन प्रदाय किए जा रहे हैं और धान के तौल में भी कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है। वे जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी के लिए किए गए इंतजामों से संतुष्ट हैं।
कुंदला के जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त हुए 117 आवेदन
नारायणपुर । जिले के सम्माननीय नागरिकों के शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण एवं चहुमुंखी कल्याण एवं विकास के लिए कार्य करना प्रशासन का ध्येय है। राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुक्रम में लोक शिकायतों के त्वरित निराकरण, विकास कार्यों के आवश्यकतानुसार स्वीकृत करने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन साधारण को पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के ग्राम पंचायत एवं हाट बाजारों के दिनों में शिविर लगाकर प्राप्त आवेदनों को निराकरण किया जा रहा है।
जिला स्तरीय शिविरों में जिला स्तर के अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहने निर्देशित किया गया है। जिला स्तरीय जनसमस्या शिविर का आयोजन 19 दिसम्बर को कुंदला में किया गया। उक्त शिविर में ग्राम पंचायत कुंदला के ग्रामीणों द्वारा भारी मात्रा में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लिया गया। उपस्थित ग्रामीणों को शासन के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सभी विभाग के अधिकारियों के द्वारा दी गई।
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 62, कृषि विभाग के 22, उद्यान विभाग के 15, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 01, क्रेडा विभाग के 10, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 03, राजस्व के 02 महिला एवं बाल विकास विभाग के 03, विद्युत विभाग के 03, आदिम जाति कल्याण के 01, स्वास्थ्य विभाग के 02 आवेदन एवं अधूरा पीवीटीजी आवास पूर्ण करने हेतु 4 लोगों के हस्ताक्षर युक्त 1 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार शिविर में मांग एवं समस्या के 117 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के द्वारा शिविर में स्वास्थ्य जांच कर ग्रामीणों को शिविर स्थल पर दवाईयां वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित हितग्राही माताओं एवं बच्चों का सर्वांगीण विकास के लिए संचालित की जा रही योजनाओं का जानकारी दी गई। शिविर में शिक्षा, स्वास्थय, खाद्य विभाग, पशुधन विकास, पशुधन आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत अक्षय उर्जा, उद्यानिकी और कृषि विभाग के अधिकारियांे को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्रामीणों को जानकारी देकर लाभान्वित किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य प्रताप मंडावी, अबुझमाड़िया समाज के अध्यक्ष रामजी ध्रुव, कच्चापाल के सरपंच मंगडूराम नुरेटी, कुंदला सरपंच सेवे कुमेटी, कोहकामेटा सरपंच सावित्री नुरेटी, धारावाही सरपंच लच्छुराम तथा जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के दो जवान घायल
नारायणपुर । नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के दो जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है। नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कच्चापाल में दो दिन पहले ही नया कैंप खोला गया है। डीआरजी जवान यहां पर सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में लगे हुए हैं। इसी दौरान वे नक्सलियों के बिछाए गए आईईडी की चपेट में आ गए। ब्लास्ट में दो जवान घासीराम मांझी और जनक पटेल घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल फोर्स एरिया में सर्चिंग कर रही है।
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में मनाया गया सुशासन पखवाड़ा
नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्था में 17 दिसम्बर को वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता एवं 19 दिसम्बर को संगोष्ठी का कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना, महतारी वंदन जैसी योजनाओं के माध्यम से सबका साथ सबका विकास पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अविनाश कुमार जैन द्वारा की गई। प्राचार्य द्वारा मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना की जानकारी साझा करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर राज्य की विकास योजनाओं के बारे में भी चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती के. सुमित्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संस्था के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राऐं उपस्थित थे।
नारायणपुर नगरपालिका परिषद के 5 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित
नारायणपुर । छतीसगढ़ में नगर पालिका के वार्डों का आरक्षण आगामी चुनावों के लिए निर्धारित किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगरपालिका परिषद नारायणपुर के वार्डों का आरक्षण की प्रक्रिया विहित अधिकारी तथा कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बिपिन मांझी द्वारा जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नगर पालिका परिषद हेतु आगामी निर्वाचन के लिए बैठक आयोजित किया गया।
इस दौरान नारायणपुर नगरपालिका के सभी 15 वार्डों को आरक्षण तय किया गया है, जिसमें वार्ड क्रमांक 01 नयापारा में अनुसूचित जनजाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 02 डीएनके में अनारक्षित (महिला), वार्ड क्रमांक 03 तहसील पारा में अनारक्षित (महिला), वार्ड क्रमांक 04 बंगलापारा में अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड क्रमांक 05 सिंगोड़ीतराई में अनुसूचित जनजाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 06 बाजारपारा में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 07 बखरूपारा में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 08 महावीर मंदिर में अनारक्षित (महिला), वार्ड क्रमांक 09 जगदीश मंदिर में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 10 मुरियापारा में अनुसूचित जाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 11 आश्रम में अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड क्रमांक 12 माड़िनदेवी में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 13 कुम्हारपारा में अनुसूचित जनजाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 14 साकड़ीबेड़ा में अनुसूचित जनजाति (मुक्त) और वार्ड क्रमांक 15 डुमरतराई में अनुसूचित जनजाति (मुक्त) आरक्षण निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाड़, बृजमोहन देवांगन, गौतम एस गोलछा, नरेन्द्र मेश्राम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, अभिषेक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, गौतम पाटिल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी आषिश कोर्राम सहित वार्डों के पार्षद, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और आमजन उपस्थित थे।