छत्तीसगढ़ / रायपुर
छत्तीसगढ़ के विकास और औद्योगिक नीतियों पर सीएम साय की केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से महत्वपूर्ण बैठक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 3:45 बजे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल से वाणिज्य भवन, दिल्ली में मुलाकात करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ की विकास योजनाओं, नई औद्योगिक नीति और राज्य में व्यापार एवं निवेश के अवसरों पर गहन चर्चा की संभावना है। मुख्यमंत्री साय, राज्य की नयी इंडस्ट्रियल पॉलिसी पर केंद्रीय मंत्री से सुझाव लेंगे और औद्योगिक कॉरिडोर की संभावनाओं पर भी विस्तार से बातचीत करेंगे।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ में औद्योगिक ढांचे को मजबूती देने के लिए निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री साय, केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल को रायपुर आने का आमंत्रण भी दे सकते हैं, जिससे वे राज्य की औद्योगिक परियोजनाओं का निरीक्षण कर सकें और स्थानीय उद्योगों के साथ संवाद कर सकें। इसके अलावा, राज्य में नई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के निर्माण और उससे संबंधित परियोजनाओं को गति देने पर भी विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह दिल्ली दौरा काफी महत्वपूर्ण है। कल उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की, जिसमें राज्य की विकास योजनाओं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रही शांति एवं विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई थी। इस मुलाकात के बाद आज की बैठक में भी राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य में आर्थिक विकास को बढ़ावा देना, औद्योगिक नीतियों में सुधार लाना और केंद्र सरकार के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ को निवेश का आदर्श गंतव्य बनाना है। इस दिशा में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से यह बैठक, राज्य के औद्योगिक और व्यापारिक भविष्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
भू-माफिया को बेची मंदिर की जमीन, राजस्व मंत्री ने दिए कार्रवाई के आदेश
सात दिनों में कलेक्टर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश
रायपुर। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने राजधानी के चंगोराभांठा स्थित मंदिर को दान में दी गई भूमि को कूटरचना कर भू-माफिया को बेचने के मामले में एक सप्ताह के भीतर जांच कर कलेक्टर रायपुर को प्रविवेदन प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं
राजस्व मंत्री के समक्ष डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड क्र. 68 के चंगोराभांठा महादेव तालाब पर स्थित सीरवेश्वर नाथ महादेव मंदिर व उसकी 4.40 एकड़ जमीन भूमाफिया को नियम विरूद्ध बेचने और अवैध प्लाटिंग से संबंधित प्रकरण पर कार्रवाई के लिए क्षेत्र के निवासियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया है। यह भूमि पटवारी हल्का नं. 105 खसरा नं. 84 तहसील जिला-रायपुर में स्थित है। यह भूमि रिंगरोड पर श्याम पेट्रोल पंप के पीछे व अभिनंदन पैलेस के बाजू की है।
उक्त भूमि पर भू-माफिया अवैध रूप से प्लाटिंग कर बेचने की शिकायत 07 जून 2022 को कलेक्टर रायपुर व नगर निगम आयुक्त से की गई थी। क्षेत्र के निवासियों ने जनहित में उक्त भूमि की अवैध प्लाटिंग पर रोक, रजिस्ट्री पर रोक तथा कूटरचना कर नामांतरण करवाने वालों पर अपराध दर्ज करने एवं 4.40 एकड़ भूमि व तालाब पर आने-जाने के बंधक रास्ते को मुक्त करवाने के आवेदन पर नगर निगम ने उक्त अवैध प्लाटिंग पर 16 जून 2022 को बुलडोजर चलाया था।
साहू समाज के 137 लोगों पर गंभीर धाराएं
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने लोहारीडीह के रघुनाथ साहू हत्याकांड में पुलिस के दर्ज एफआइआर में 167 लोगों के नाम की सूची जारी की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों के समक्ष सूची जारी की, जिसमें साहू समाज के 137, यादव समाज के 20, आदिवासी समाज के आठ, मानिकपुरी और पटेल समाज के एक-एक लोग हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि लोहारीडीह में पूरे गांव को संगीन धाराओं में फंसाकर जेल में डाला गया है। भाजपा सरकार 167 लोगों को फांसी की सजा दिलाना चाह रही है, एफआइआर से स्पष्ट हो रहा है। 167 लोगों के खिलाफ ऐसी-ऐसी धाराएं लगाई गई हैं, जिसमें सभी को फांसी की सजा, दोहरी उम्रकैद समेत अलग-अलग धाराओं मेें वर्षों तक जेल में बंद रखने की सजा हो सकती है। सरकार ने अपनी विफलता का बदला पूरे गांव से लिया है।
पुलिस ने सिर्फ एक व्यक्ति विनोद साहू के बयान के आधार पर 167 लोगाें को जेल में डाल दिया है। पूरे गांव का बयान लेना था, उसके बाद कार्रवाई होनी थी। गांव के जो लोग बाहर हैं, उन पर भी गिरफ्तार की तलवार लटक रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि लोहारीडीह मामले में आइपीएस विकास कुमार को क्यों निलंबित किया गया, क्या विवेचना सही नहीं किया गया था।
दुर्गा पूजा से छठ तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कंफर्म सीट की टेंशन खत्म
रायपुर। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने रेलवे ने इस वर्ष 6556 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला लिया है। ये स्पेशल ट्रेने एक अक्टूबर से 30 नवंबर के पटरी पर दौड़ेगी।
रेलवे मंडल के अधिकारी के मुताबिक हर साल त्योहारों के अवसर पर रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है। इस वर्ष इन स्पेशल ट्रेनों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की गई है। दरअसल दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्वों के दौरान लाखों की संख्या में यात्री ट्रेनों में सफर करते हैं। यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखकर उन्हें सुगम व आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने रेलवे ने इस वर्ष भी विशेष ट्रेनों का संचालन करने की तैयारी की है।
त्योहारों में रेलवे चलाएगा 6556 स्पेशल ट्रेनें
दो महीने की अवधि के दौरान ये स्पेशल ट्रेनें 6556 फेरे लगाएंगी और बड़ी तादाद में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का काम करेंगी पिछले वर्ष भी भारतीय रेल द्वारा बड़ी संख्या में त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया था और इन ट्रेनों ने कुल 4,429 फेरे लगाए थे, जिनके माध्यम से लाखों की संख्या में यात्रियों को आरामदायक यात्रा की सुविधा मिली थी।
जाहिर है कि हर साल दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर देश भर से बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत अन्य राज्यों की ओर आवाजाही करते हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए ये त्योहार न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि परिवारों से मिलने का भी एक अहम अवसर होते हैं।
हर साल त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ की वजह से अधिकांश ट्रेनों में दो-तीन महीने पहले से ही टिकट वेटिंग लिस्ट में चली जाती है। इसी को देखते हुए इस वर्ष भी त्योहारों के अवसर पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन रेलवे कर रहा है।
नवरात्री के दौरान डोंगरगढ़-रायपुर के बीच चलेगी मेमू, देखें टाइम टेबल
रायपुर। माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में नवरात्रि पर्व (3 से 12 अक्टूबर तक) मेला में जाने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डोंगरगढ़ और रायपुर के बीच एक मेमू पैसेजर स्पेशल ट्रेन की सुविधा प्रदान की गयी है।
डोंगरगढ़ से यह गाड़ी 8 एवं 9 अक्टूबर को तथा रायपुर से 7 व 8 अक्टूबर को चलाने की घोषणा की गयी। अब यह गाड़ी 8 से 13 अक्टूबर तक चलेगी।
यहां देखें टाइम टेबल...
ईडी का दावा, महादेव सट्टे की कमाई से बनती रहीं है फिल्में
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप (बुक) के मामले में एक अर्से बाद नया राजफाश किया है। ईडी ने एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और बॉलीवुड कलाकारों के बीच के संबंधों की जानकारी मुंबई कोर्ट में दायर अभियोजन शिकायत में की है।
इसमें ईडी ने कहा है कि सट्टेबाजी से हुई करोड़ों की कमाई का बड़ा हिस्सा फिल्म प्रोडेक्शन में लगाया गया। यह पैसा मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडेक्शन कंपनी के जरिए निवेश किया गया है। जांच में यह भी उजागर हुआ है कि फर्म के डायरेक्टर वसीम कुरैशी के दुबई स्थित इवेंट मैनेजमेंट फर्म मुस्कान एंटरटेनमेंट भी संचालित करता है।
इसी फर्म ने फरवरी 2023 में यूएई के रास अल खैमाह में हुई सौरभ चंद्राकर की शादी में बॉलीवुड कलाकारों की स्टार नाइट शो की व्यवस्था की थी। अदालत में दायर अभियोजन शिकायत (पीसी) के अनुसार वसीम कुरैशी और सौरभ चंद्राकर के भाई गीतेश चंद्राकर ने कई फिल्मे बनाने की बात स्वीकार किया है। इसके आधार पर ईडी ने वसीम कुरैशी उनकी फिल्मों में काम करने वाले बॉलीवुड कलाकार से पूछताछ के संकेत दिए है।
ईडी की जांच में साफ हुआ है कि वसीम कुरैशी और उनके सीईओ करण रमानी के साथ मुस्कान के लाभार्थी हैं। कुरैशी,सौरभ चंद्राकर के भाई गीतेश चंद्राकर से जुड़े हैं और साथ में कई फिल्मों का निर्माण किया था। इनमें साल 2022 की फिल्म ''''देहाती डिस्को'''' का नाम शामिल है।
मुंबई के ओशिवारा स्थित कुरैशी प्रोडक्शन अक्षय कुमार अभिनीत मराठी ऐतिहासिक फिल्म''''वेदत मराठे वीर दौड़ले सात'''' के निर्माण में भी शामिल रहा है,जिसका निर्देशन महेश मांजरेकर ने किया था। गीतेश चंद्राकर वर्तमान में फेयरप्ले और रेड्डी अन्ना बेटिंग पैनल में संचालन की कमान संभाल रहे हैं।
सौरभ की शादी में कलाकारों को कुरैशी ने बुलवाया
ईडी ने अपने पीसी में बताया है कि मुस्कान इंटरटेंटमेंट ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शादी में मशहूर हस्तियों की उपस्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके लिए कलाकारों को करोड़ों रुपये की भारी अग्रिम राशि का भुगतान किया गया था। साथ ही फर्म ने रसद, वीजा हासिल करने, निजी उड़ानों को किराए पर लेने और सितारों के लिए शानदार आवास की व्यवस्था भी कराई थी।
इस शादी में बाल टाइगर श्राफ, नेहा कक्कड़ और सनी लियोन जैसी मशहूर हस्तियो समेत नुसरत भरूचा, उलकीत सम्राट, कृष्णा अभिषेक, अली असगर, विशाल ददलानी, आतिफ़ असलम, राहत फ़तेह अली ख़ान, एली अवराम, भाग्यश्री, कीर्ति खरबंदा, भारती सिंह और सुनील ग्रोवर जैसी हस्तियों ने भी महादेव एप का समर्थन कर शादी के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
जनजातियों का ज्ञान और परंपराएं दूसरे समाजों के लिए भी अनुकरणीय : विधायक टेकाम
जनजातियों के गौरवशाली अतीत पर रविशंकर विश्वविद्यालय में हुई कार्यशाला
रायपुर। जनजातियों के गौरवशाली इतिहास, सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जनजातीय महानायकों के बलिदान को आमजनों को बताने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभाग्रह में संपन्न हुई।
इस कार्यशाला में पूर्व आईएएस अधिकारी और वर्तमान केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने जनजातियों के ज्ञान और परंपराओं को दूसरे समाजों के लिए भी अनुकरणीय बताया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनतीय समाज में सहभागिता, प्रकृति प्रेम के साथ आत्म स्वाभिमान से जीने की कला को दूसरे समाज के लोंगो को भी सीखना चाहिए। टेकाम ने इस दौरान जनजातीय समाज को भारत के संविधान को मिली सहूलियतों और संरक्षण के साथ विकास के लिए किए गए प्रावधानों को भी लोंगो को बताया। इस दौरान वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती भी मनाई गई और रानी दुर्गावती के अपने गोंडवाना प्रदेश की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए बलिदान हो जाने के वृत्तंात पर भी प्रकाश डाला गया है। कार्यशाला में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के दो सौ से अधिक छात्र-छात्राओं एवं नागरिक शामिल हुए।
कार्यशाला में जनजातीय समाज के महानायकों के बलिदान को भी इंगित किया गया। वक्ता वैभव सुरंगे ने भारत में जनजातीय समाज और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर विस्तृत जानकारी दी। भारत के प्रथम शहीद तिलका मांझी, वीर नारायण सिंह,गेंदसिंह, गुण्डाधुर आदि से लेकर विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय समाजों द्वारा ब्रिटिश शासन के विरूद्ध हुए संघर्ष को विस्तार से बताया है। कार्यशाला में पं रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ला ने जनजातीय समाज की परंपराओं, उनके रीतिरिवाजों और संस्कृति पर अपने नजरिए से रिसर्च किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने जनजातीय समाज पर होने वाले शोधों से आधुनिक विकास के क्रम का ज्ञान होने की भी बात कही।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय अस्मिता और गौरवशाली अतीत को वैश्विक पहचान देने के लिए 15 नवंबर को भगवान बिरसामुंडा की 150वीं जयंती पर सभी जिलों में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा की है। इसी तारतम्य में विश्वविद्यालय के संबद्ध सभी महाविद्यालयों में जनजातीय सभ्यता, संस्कृति, इतिहास, अस्मिता और जनजातीय महानायकों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में वनवासी विकास समिति के प्रांत अध्यक्ष उमेश कच्छप, कुलसचिव डॉ शैलेन्द्र कुमार पटेल, और समन्वयक डॉ बंसो नुरूटी भी मौजूद रहे।
अरुण साव ने आवास मेला में हितग्राहियों को सौंपी नवनिर्मित आवास की चाबी
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र भी वितरित किए
रायपुर।उप मुख्यमंत्री तथा बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव आज प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बेमेतरा के टाउन-हॉल में आयोजित आवास मेला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आवास मेला में 12 लाभार्थियों को उनके नवनिर्मित आवासों की चाबी सौंपी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किया। खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल तथा विधायक दीपेश साहू और और ईश्वर साहू भी आवास मेला में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आवास मेला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य हर गरीब को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बेमेतरा जिले में बीते सितम्बर माह में करीब 15 हजार नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री हर गरीब का पक्का मकान का सपना पूरा कर रहे हैं। हमारी सरकार बनते ही हमने अगले दिन 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी। इनमें से आठ लाख मकानों के लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बेमेतरा जिले में 32 हजार आवास पूर्ण हो गए हैं। नए स्वीकृत आवासों के लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
श्री साव ने कहा कि हर किसी का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो, जिसमें वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सुकून भरा जीवन बिता सके। आर्थिक कठिनाइयों और सीमित आमदनी के कारण गरीब परिवारों को यह केवल सपना ही लगता था। प्रधानमंत्री आवास योजना अब गरीबों के इस सपने को हकीकत में बदल रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना से राज्य के लाखों परिवारों का जीवन स्तर ऊंचा उठ रहा है। बेमेतरा जिला पंचायत की अध्यक्ष सुनीता साहू और जिला पंचायत सदस्य प्रज्ञा निर्वाणी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और आवास योजना के लाभार्थी बड़ी संख्या में आवास मेला में शामिल हुए।
राष्ट्रीय जैविक स्ट्रैस प्रबंधन संस्थान ने 13वां स्थापना दिवस मनाया
रायपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के रायपुर स्थित राष्ट्रीय जैविक स्ट्रैस प्रबंधन संस्थान ने अपना 13वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ गिरीश चंदेल, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने अपने व्याख्यान भविष्य की कृषि पर बोलते हुए बाजार की जरूरत के मुताबिक कृषि अनुसंधान की आवश्यकता एवं उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने पर बल दिया।
डॉ गिरीश चंदेल ने कहा कि हरित क्रांति के समय में फसलों की उपज बढ़ाने पर जोर दिया गया, परंतु अब फसलों में गुणवत्ता एवं पोषण पर अनुसंधान किया जा रहा है और इसी का परिणाम है कि जैव संवर्धित किस्मों का विकास हुआ है। उन्होंने धान की फसल में जिंक एवं प्रोटीन से संपन्न विश्वविद्यालय की विकसित किस्मों के बारे में बताया। डॉ चंदेल ने कृषि में एआई के उपयोग एवं इलेक्ट्रॉनिक डाटा अधिकृत करने के के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ आरआरबी सिंह कुलपति, कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग ने संस्थान में किये जा रहे अनुसंधानों की प्रशंसा की एवं भविष्य में संस्थान के साथ मिलकर नई परियोजनाओं पर कार्य करने का सुझाव दिया। डॉ सिंह ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक शिक्षा एवं अनुसंधान का लाभ लेने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान हैदराबाद के निदेशक डॉ रवि कुमार माथुर ने स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए भविष्य में विभिन्न संस्थाओं से अनुसंधान समझौता कर मूलभूत अनुसंधान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने किसानो को धान के बाद खाली खेतों में तिलहन उत्पादन लेने की सलाह दी।
संस्थान के निदेशक डॉ प्रोबीर कुमार घोष ने विगत वर्ष में किया गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियां की जानकारी दी एवं किसानों के लिए विभिन्न परियोजनाओं में किये जा रहे कार्यों एवं उनके प्रभाव को विस्तार से बताया। उन्होंने अनुसंधान के साथ शैक्षणिक कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान में पिछले सत्र से स्नातक शिक्षा पाठ्यक्रम शुरू किया गया है।
इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया एवं संस्थान के तीन प्रकाशनों का भी विमोचन किया गया। साथ ही कृषक महिला श्रीमती ममता रात्रे एवं सप्त ऋषि राय को प्रगति शील कृषक के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषक वैज्ञानिक संवाद का आयोजन भी किया गया जिसमे किसानों को इस समय धान में आ रहे कीट व रोग प्रबंधन की जानकारी दी गयी। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने किया। कार्यक्रम में बीएसएनएल के महा प्रबंधक, कृषि विश्व विधालय के अनुसंधान निदेशक, संस्थान प्रबंधन समिति के श्री द्वारकेश पाण्डेय सहित लगभग 250 किसानों व अन्य लोगों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना दिवस पर दी बधाई
रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 08 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना दिवस के अवसर पर देश के साहसी वायु सैनिकों को बधाई दी है। इस अवसर पर उन्होंने देश के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर वायु सैनिकों को नमन किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वायु सेना के वीर योद्धाओं ने मातृभूमि की रक्षा के साथ विषम परिस्थितियों में नागरिकों की जान बचाने और देश में शांति-सौहार्द स्थापित करने में अपना उल्लेखनीय योगदान दिया है। भारतीय वायु सेना ने कई अवसरों पर अपनी असाधारण क्षमता को साबित किया है। मातृभूमि के सम्मान, सुरक्षा, शांति और बचाव के लिए हमेशा तैयार रहने वाले वायु सैनिकों के बलिदान का देश हमेशा ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने मुंशी प्रेमचंद की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 08 अक्टूबर को कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद जी एक संवेदनशील लेखक थे। उनके लेखन में यथार्थवाद प्रमुखता से दिखाई देता है। प्रेमचंद जी ने साहित्य का उपयोग राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों के बारे में जन जागरूकता जगाने के लिए किया। उन्होंने सरल, सहज और आम बोल-चाल की भाषा का उपयोग करते हुए अपनी रचनाओं में ग्रामीण जनजीवन में व्याप्त विषमताओं का यथार्थ वर्णन किया। उन्होंने अपनी लेखनी से भ्रष्टाचार और उपनिवेशवाद पर कठोरता से प्रहार किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं आज भी आम व्यक्ति की आवाज को मुखरता देती हैं। भारतीय साहित्य में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
राज्यपाल रमेन डेका से विधायक अमर अग्रवाल ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज यहां राजभवन में बिलासपुर के विधायक अमर अग्रवाल ने सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय की पहल: मंदाकिनी को सुनने के लिए नई मशीन और गुरूदेव को मिली ट्राईसाइकिल
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
रायपुर। जशपुर अंचल में लोगों की उम्मीदों के अनुरूप उनकी समस्याओं का निराकरण अब प्राथमिकता से हो रहा है। बगिया स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही ईलाज की सुविधा, दिव्यांग जनों को हियरिंग एड, ट्राईसाइकिल, जैसे पुनर्वास उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराएं जा रहे है।
मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आने वाली मंदाकिनी यादव, जो लंबे समय से सुनने की समस्या से जूझ रही थीं, कई अस्पतालों का चक्कर काटने के बाद भी इन्हें फायदा नहीं मिला, तब उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से सम्पर्क किया। जहां चिकित्सीय परीक्षण के बाद उन्हें तत्काल सुनने की मशीन उपलब्ध कराई गई। नई मशीन लगने पर वह स्पष्ट रूप से सुनने में सक्षम हो गई हैं। इसी प्रकार दिव्यांग गुरुदेव, जो बचपन से ही अस्थि बाधित थे, उन्हें ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
मंदाकिनी यादव और गुरूदेव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री कैम्प से उन्हें चिकित्सीय परीक्षण के बाद तत्काल निःशुल्क पुनर्वास उपकरण की व्यवस्था की गई। इससे उनका जीवन आसान हो गया है। कान में नई मशीन लगने के बाद अब बिल्कुल साफ सुनाई पड़ रहा है। वहीं गुरूदेव ने बताया कि अस्थि बाधित होने के कारण इन्हें अपने दैनिक कार्यो के लिए कहीं भी आने जाने के लिए परिवार के सदस्यों पर आश्रित रहना पड़ता था। अब ट्राईसाइकिल मिलने के बाद उन्हें अपने जरूरत के काम के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात
राज्य की विकास योजनाओं और नक्सल उन्मूलन पर की चर्चा
नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में पिछले नौ महीनों के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी दी, जिसमें कृषि, कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में की गई प्रमुख पहलों को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में हाल ही हुए सफल नक्सल ऑपरेशन की जानकारी प्रधानमंत्री से साझा की। प्रधानमत्री ने इस ऑपरेशन की सफलता पर सुरक्षा बलों के साहस की सराहना की। मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आठ लाख आवास स्वीकृत किये जाने पर श्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री को माओवाद के खिलाफ राज्य में चल रहे ऑपरेशन और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के हालिया ऑपरेशन का जिक्र करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है, जो राज्य में अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन है। मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों का ब्योरा भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया राज्य सरकार सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग मुख्यधारा से जुड़ सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सफलता की प्रशंसा की और कहा कि इससे न केवल राज्य में शांति बहाल हो रही है, बल्कि विकास की राह भी आसान हो रही है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बस्तर और आदिवासी अंचलों में युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए सरकार विशेष योजनाएँ चला रही है। इन योजनाओं के तहत युवाओं को विभिन्न तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं, जिससे वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। यह पहल राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कृषि के क्षेत्र में, मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ में डिजिटल तकनीक और उन्नत कृषि विधियों का व्यापक प्रयोग हो रहा है। इससे किसानों की उत्पादकता और उनकी आय में वृद्धि हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये प्रयास प्रधानमंत्री के “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य के साथ मेल खाते हैं, और छत्तीसगढ़ इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य ने बड़े बदलाव किए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि आदिवासी अंचलों में बच्चों को उनकी मातृभाषा में शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति में सुधार हो रहा है। साथ ही, तकनीकी शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि राज्य के बच्चे आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित हो सकें और भविष्य के लिए तैयार हो सकें।
प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार के इन प्रयासों की सराहना की और कहा कि राज्य की विकास यात्रा अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने मुख्यमंत्री साय को राज्य की प्रगति के लिए और भी अधिक समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी संख्या में आवास की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लाखों परिवारों को अपने घर का सपना साकार हुआ है, जिससे उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा का भाव उत्पन्न होगा।
हमारा प्रयास नक्सली गोली की भाषा छोड़कर आत्मसमर्पण करें और मुख्यधारा में जुड़ें: मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 23 वर्ष पूरा करने पर दी बधाई
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। उन्होंने मुलाकात के अवसर पर प्रधानमंत्री को जनसेवा के शानदार 23 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आज उनके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 23 साल पूरे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में मोदी जी की गारंटी पर तेजी से किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। इसके साथ ही प्रदेश में डबल इंजन की सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में नक्सल प्रभावित राज्यों की बैठक के संबंध में भी बताया। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्री, डीजीपी आदि उपस्थित थे। बैठक में विस्तार से अच्छी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 महीने में लगातार नक्सल-आतंकवाद के खिलाफ लगातार कार्यवाही की गई। इस लड़ाई में डबल इंजन की सरकार होने का लाभ भी मिला।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस दौरान बहुत से मुठभेड़ हुए जिसमें सुरक्षा बलों के जवानों ने 194 नक्सली मार गिराए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बल लगातार साहस दिखा रहे हैं। हम उन्हें बधाई देते हैं और उनके साहस को नमन करते हैं। 9 महीने के अंदर 801 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है और 742 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा प्रयास है कि जो आत्मसमर्पण कर रहे हैं। उन्हें अच्छी सुविधा प्रदान करें। पुनर्वास नीति को बेहतर करने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अनेक राज्यों का दौरा किया। वे हाल ही में असम गये, वहां की पुनर्वास नीति भी देखी। हम उन्हें अच्छी से अच्छी सुविधा देने का प्रयास कर रहे हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि नक्सली गोली की भाषा छोड़कर आत्मसर्पमण करें और विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दो दिन पहले ही हम बीजापुर गये थे वहां 70 लोगों को नियुक्ति पत्र देकर आये हैं जो नक्सल पीड़ित परिवारों से हैं। पहले भी नियुक्ति पत्र हमने सौंपा है। हमारी सरकार लगातार उनकी सुविधाओं के लिए कार्य कर रही है। चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 76.47 प्रतिशत मतदान
रायपुर । छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर निवार्चन आयोग ने आकड़ें जारी कर दिया है। पहले चरण की बीस सीटों पर 76.47 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बस्तर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.65 प्रतिशत और बीजापुर में सबसे कम 46 प्रतिशत मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों को देखें तो अब मतदान का प्रतिशत 2018 की बराबरी पर आ गया है। साल 2018 में भी इन सीटों पर 76.47 प्रतिशत मतदान हुआ।
निर्वाचन कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि प्रथम चरण में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए 21 हजार 216 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। साथ ही 4 हजार 204 कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया था।
जनता समझ चुकी है कि भूपेश बघेल मतलब 508 : रविकिशन
रायपुर । भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा कि आज आप गूगल में टाइप कीजिए 508, जवाब आएगा- भूपेश बघेल। जनता समझ चुकी है कि भूपेश बघेल मतलब 508। महादेव एप के सूत्रधार ने खुलासा कर दिया है कि उसने भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए दिए। महादेव एप के सूत्रधार शुभम सोनी के सनसनीखेज खुलासे की चर्चा करते हुए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा कि महादेव एप के तार सीधे मुख्यमंत्री और उनके नजदीकियों से जुड़े हैं।
भाजपा सांसद रविकिशन ने बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में प्रदेश की भूपेश सरकार के शराब, कोयला समेत तमाम घोटालों की चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के इन घोटालों की बदनामी तो बॉलीवुड में भी पहुँच गई है। रेल से रायपुर आते समय फिल्म निर्माता ने फोन पर उनसे कहा कि हमें अब लंबे समय तक कहानियों की जरूरत नहीं पड़ेगी क्यों छत्तीसगढ़ की सरकार ने घपलों-घोटालों की ढेरों कहानियाँ हमारे पास पहुँच गई है। 'लबरा राजा' शीर्षक से बनी एक वेब सीरीज के कुछ अंशों का प्रदर्शन कर भाजपा सांसद ने कहा कि एक फिल्म निर्माता ने इस पर सीरीज बनाई है जो छत्तीसगढ़ में काफी देखी जा रही है।
रविकिशन ने कहा कि अब हमारा स्पष्ट कहना है कि यह जो शुरुआती 5,000 करोड़ रुपए का महादेव एप घोटाला है जिसके जरिये छत्तीसगढ़ की जनता को लूटा गया है और इतना ही नहीं शुभम को दुबई भेजकर सट्टे का कारोबार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। यह स्पष्ट हो चुका है कि सत्ता के संरक्षण में महादेव एप ने जन्म लिया और फला-फूला है। भाजपा सांसद ने कहा, 'मैं बाबा की नगरी गोरखपुर से बाबा का स्पष्ट संदेश लेकर आया हूँ कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश के पैसा लूटने वालों के खिलाफ भाजपा का बुलडोजर चलेगा।'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने पाँच साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को लूटकर बर्बाद कर दिया, नोच डाला। छत्तीसगढ़िया के भोलेपन के साथ विश्वासघात किया है। भाजपा के 15 वर्षों के शासनकाल में छत्तीसगढ़ जिस ऊँचाई पर पहुँचा था, कांग्रेस की सरकार ने पाँच साल में उससे कहीं ज्यादा नीचे गिरा दिया। श्री रविकिशन ने भाजपा के घोषणा पत्र 'मोदी की गारंटी' की चर्चा करते हुए कहा कि इस गारंटी को लेकर हमने संकल्प लिया है कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही पहले कैबिनेट बैठक में 18 लाख घरों का निर्माण पूरा करने के लिए राशि आवंटित करेंगे। यहां के मुख्यमंत्री ने उसे प्रधानमंत्री आवास योजना को आम गरीब लोगों तक इसलिए नहीं पहुंचने दिया क्योंकि उसमें प्रधानमंत्री शब्द जुड़ा था यह वही मुख्यमंत्री है जो गांधी परिवार की वंदना में करोड़ों रुपए प्रदेश का फूंक चूका है। 2 साल के अंदर छत्तीसगढ़ के घर में नल से सीधे पीने पानी की उपलब्धता करवाएंगे। इसी तरह हम छत्तीसगढ़ में महतारी को नारी को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रत्येक महिला को ₹1000 महीना मतलब साल का 12000 यानी 5 साल में ₹60000 सीधा उनके खाते में वित्तीय सहायता देंगे। अगर घर में तीन महिला भी होंगी चार महिला भी होंगी तो प्रत्येक महिला को 1000 रुपया मोदी सरकार की गारंटी है। ₹500 में गरीब परिवोर की महिलाओं को सिलेंडर दिया जाएगा, भले उसकी कीमत चाहे जो हो।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल और क्रिएटिव टीम के उज्ज्वल दीपक भी उपस्थित थे।