छत्तीसगढ़ / रायपुर
खड़ामाचा जंगल में 30 हाथियों का दल, वन विभाग अलर्ट
जंगल के रास्तों पर लगाए ‘सावधान, जंगल में हाथी है’ के चेतावनी बैनर
ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
रायपुर, 26 सितंबर 2026
जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत खड़ामाचा जंगल में करीब 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और आसपास के ग्रामीणों को लगातार सावधान किया जा रहा है।
जंगल के रास्तों पर लगाए चेतावनी बैनर
ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा जंगल क्षेत्र और आवाजाही वाले रास्तों पर ‘सावधान, जंगल में हाथी है’ लिखे चेतावनी बैनर लगाए गए हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को हाथियों के दल की मौजूदगी की जानकारी देने के साथ ही जंगल के रास्तों का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी जा रही है।
हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगल एवं संभावित विचरण क्षेत्रों में प्रवेश न करें। हाथियों को देखने के लिए उनके नजदीक जाने, उनका पीछा करने अथवा किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने और वन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग से मानव-हाथी द्वंद्व की संभावित घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
भारत के धुरंधरों का स्वर्णिम दांव, एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम बनी चौंपियन
ईरान को हराकर जीता स्वर्ण पदक, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने टीम इंडिया को दी बधाई
रायपुर, 26 सितम्बर 2026
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय खिलाडि़यों ने अपने शानदार खेल, मजबूत रणनीति और अदम्य जज्बे के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर विश्व पटल पर देश का मान बढ़ाया है। टीम इंडिया की यह स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और उल्लास का क्षण है। उन्होंने कहा कि खिलाडि़यों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और जीत के दृढ़ संकल्प ने भारत को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। भारतीय टीम का यह प्रदर्शन देश की युवा खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के सभी खिलाडि़यों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
दमदार प्रदर्शन से तजिंदरपाल सिंह तूर ने बढ़ाया भारत का मान, एशियन गेम्स में जीता रजत पदक
पुरुष शॉट पुट में शानदार उपलब्धि, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
रायपुर, 26 सितम्बर 2026
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 की पुरुष शॉट पुट स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर भारतीय एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि तजिंदरपाल सिंह तूर ने अपने शानदार प्रदर्शन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि तजिंदरपाल सिंह तूर की सफलता देश के युवा खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करते हुए बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देगी। भारतीय खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन देश की बढ़ती खेल प्रतिभा और सामर्थ्य को प्रदर्शित करता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने तजिंदरपाल सिंह तूर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में और बड़ी सफलताएं हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
तूफान से क्षतिग्रस्त सड़कें-पुल तत्काल सुधारें, कहीं भी आवाजाही बाधित न हो : श्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी अलर्ट मोड में, प्रमुख अभियंता ने मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता तक को क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल सुधारने किया निर्देशित
तूफान से क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों की होगी तुरंत मरम्मत, 10 दिन में मांगे पुनर्निर्माण के प्रस्ताव
ठेकेदारों को तत्काल काम पर लगाने को कहा, फोटो-वीडियो के साथ होगा नुकसान का आकलन
रायपुर, 26 सितम्बर 2026
लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों को दुरुस्त करने लोक निर्माण विभाग ने तत्काल कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि क्षतिग्रस्त मार्गों व पुलों की मरम्मत में किसी तरह की देरी न हो और लोगों की आवाजाही कहीं भी प्रभावित न हो। जहां तत्काल सुधार संभव है, वहां संबंधित एजेंसी और ठेकेदार से शीघ्र मरम्मत कराकर यातायात शुरू कराया जाए। ज्यादा नुकसान वाले हिस्सों के पुनर्निर्माण और विशेष मरम्मत के प्रस्ताव भी तेजी से तैयार किए जाएंगे। इसके लिए तत्काल पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदेश में 24 सितम्बर से 26 सितम्बर तक लगातार हुई बारिश से लगभग सभी नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बनी है और कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से भी पानी बहा है। पानी उतरने के बाद कई मार्गों और पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यपालन अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों और उप अभियंताओं को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने सभी मैदानी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नुकसान का तत्काल आकलन कर संभावित राशि की जानकारी अकाउंटेंट जनरल को भेजते हुए सभी संबंधित कार्यालयों को प्रतिलिपि उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने जहां क्षति का सुधार मौजूदा अनुबंध के दायरे में संबंधित एजेंसी या ठेकेदार से कराया जा सकता है, वहां बिना समय गंवाए मरम्मत कराने को कहा है, ताकि यातायात शीघ्र शुरू हो सके। वहीं जिन हिस्सों में पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत की जरूरत है, उनके प्राक्कलन सक्षम अधिकारी को 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने कहा है कि विशेष मरम्मत के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है।
सड़कों व पुलों के सुधार के लिए प्रत्येक सक्षम अधिकारी को 15 दिनों में एस/आर (एफडीआर) की स्वीकृति प्राथमिकता से जारी करने तथा राशि के आबंटन की उपलब्धता के लिए प्रमुख अभियंता कार्यालय को परिक्षेत्रवार एकमुश्त जानकारी भेजने को कहा गया है। संभागों को आवश्यकता के अनुसार एस/आर मद में जोनल एजेंसी निर्धारित करने की जरूरत होने पर इसकी जानकारी भी तत्काल प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एफडीआर के कारण हुई क्षति का सुधार केवल अस्थायी न हो, बल्कि उसे स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए। जरूरत के अनुसार टो-वॉल और कांक्रीट रोड निर्माण के प्रस्ताव भी भेजे जाएं। पुलों के वियरिंग कांक्रीट और रेलिंग सहित क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी शीघ्रता से करने को कहा गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के निर्देश के बाद विभाग का जोर बारिश से प्रभावित सड़कों और पुल-पुलियों को जल्द से जल्द सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाने पर है। क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए शासन ने विभागीय अमले को तत्परता और सक्रियता से काम करते हुए मरम्मत और आवश्यक पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़क एवं सेतु निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की
राजधानी रायपुर के प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं विद्युतीकरण कार्यों पर भी की चर्चा
रायपुर, 26 सितंबर 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने रायपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों सहित प्रगतिरत एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों, आरओबी, आरयूबी एवं फ्लाईओवर निर्माण की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में राजधानी रायपुर के प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं विद्युतीकरण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभागीय सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों के प्राक्कलन शीघ्र प्रस्तुत करने, प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने तथा स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा महत्वपूर्ण अधोसंरचना विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
रफ्तार और जज्बे से प्राची ने बढ़ाया भारत का मान, एशियन गेम्स में जीता कांस्य पदक
महिला 400 मीटर में शानदार प्रदर्शन, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
रायपुर, 26 सितम्बर 2026
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 की महिला 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय एथलीट प्राची को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि प्राची ने अपनी शानदार रफ्तार, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व और हर्ष का अवसर है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पदक हासिल करना प्राची के निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिणाम है। उनकी सफलता देश की युवा खेल प्रतिभाओं, विशेषकर बेटियों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्राची के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
धमतरी में भारी बारिश से उफान पर नदी-नाले
कुरुद में बाढ़ के पानी में फंसे दर्जनों लोगों को SDRF और पुलिस ने सुरक्षित निकाला
रायपुर,सितम्बर 2026



धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF ) की टीमों ने तत्परता और बेहतर समन्वय की मिसाल पेश की है। बाढ़ के पानी में जान जोखिम में डालकर फंसे लोगों को निकालने के लिए चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियानों के जरिए दर्जनों नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
लोमश ऋषि आश्रम से 9 लोगों का रेस्क्यू
कुरुद क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लोमश ऋषि आश्रम में जलभराव के कारण 9 लोग बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर कमान संभाली। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
SDRF रायपुर की टीम ने शराब दुकान परिसर में चलाया अभियान
इसी तरह ग्राम नारी (कुरुद) स्थित शराब दुकान परिसर में जलभराव के चलते कई लोग अचानक घिर गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ रायपुर की विशेष टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ के जवानों ने उन्नत रेस्क्यू तकनीकों का उपयोग करते हुए फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
अभियान के दौरान तहसीलदार कुरुद, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी अमला एवं कुरुद पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की।
प्रशासन की अपील: उफान वाले स्थानों से दूर रहें
जिला प्रशासन ने स्थिति पर 24 घंटे नजर रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में राहत दल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों की ओर न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला कंट्रोल रूम या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी: पीएम सूर्य घर योजना से मनोरंजन सिंह का घर बना ऊर्जा आत्मनिर्भर, बिजली खर्च में मिली बड़ी राहत
5 किलोवाट का रूफटॉप सोलर संयंत्र बना घर की बिजली का सहारा, केंद्र और राज्य से मिली कुल 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी
अम्बिकापुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 1,441 घरों में लग चुके हैं सोलर संयंत्र, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ रहे परिवार
रायपुर, सितम्बर 2026
घर की छत पर लगा सोलर पैनल अब परिवारों की बिजली जरूरत पूरी करने के साथ उनके मासिक खर्च में बचत का माध्यम भी बन रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर सरगुजा जिले के ग्राम जरहाडढ़ निवासी मनोरंजन सिंह ने अपने घर में 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराया है। सौर ऊर्जा से घर की बिजली जरूरतें पूरी होने से परंपरागत बिजली पर निर्भरता कम हुई है और परिवार को बिजली खर्च में राहत मिली है।
1.08 लाख रुपये की सब्सिडी से सोलर संयंत्र लगाना हुआ आसान
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार की ओर से भी आर्थिक सहायता दी जा रही है। 5 किलोवाट के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये मिलाकर कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी से हितग्राहियों के लिए शुरुआती लागत का भार कम हो रहा है।
इसी व्यवस्था का लाभ लेकर मनोरंजन सिंह ने अपने घर को सौर ऊर्जा से जोड़ा है। दिन के समय सोलर संयंत्र से उत्पादित बिजली का उपयोग घर की जरूरतों को पूरा करने में हो रहा है। इससे परिवार की नियमित बचत भी बढ़ी है।
“बिजली खर्च कम हुआ, ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ी”
मनोरंजन सिंह बताते हैं कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद बिजली खर्च में राहत मिली है। सूर्य की रोशनी से घर की छत पर ही बिजली का उत्पादन होने से दैनिक बिजली जरूरतों को पूरा करने में सुविधा हो रही है। उन्होंने योजना को परिवारों के लिए आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का बेहतर माध्यम बताया।
उन्होंने अन्य परिवारों से भी योजना की जानकारी लेकर पात्रतानुसार इसका लाभ लेने की अपील की।
उपभोक्ता के साथ ऊर्जा उत्पादक भी बन रहे परिवार
रूफटॉप सोलर संयंत्र से घर अपनी जरूरत की बिजली स्वयं पैदा कर सकता है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इस व्यवस्था से परिवार बिजली के उपभोक्ता होने के साथ ऊर्जा उत्पादन में भी भागीदार बन रहे हैं।
अम्बिकापुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 1,441 घरों में सोलर संयंत्र
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का दायरा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बढ़ रहा है। विद्युत विभाग के अनुसार अम्बिकापुर शहर में 1,136 और अम्बिकापुर ग्रामीण क्षेत्र में 305 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों में कुल 1,441 घर सौर ऊर्जा से जुड़ चुके हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मनोरंजन सिंह की यह ‘सेवा की कहानी’ घर की छत से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते बदलाव की तस्वीर पेश करती है। रूफटॉप सोलर से बिजली खर्च में राहत के साथ स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी : पति के निधन के बाद खेती बनी परिवार का सहारा, बिहान से जुड़कर आत्मनिर्भर बनीं उर्मिला
टमाटर-खीरे की खेती से बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं उर्मिला, लखपति दीदी बनने की ओर बढ़े कदम
आकांक्षा स्व-सहायता समूह से मिली आजीविका की राह, ऋण लेकर बढ़ाया खेती का काम और समय पर किया भुगतान
रायपुर,सितम्बर 2026
जीवन में आई कठिन परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय सरगुजा जिले की उर्मिला गुप्ता ने मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ और आकांक्षा स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने टमाटर, खीरा और अन्य सब्जियों की खेती को आजीविका का आधार बनाया। वर्ष 2024 में पति के निधन के बाद खेती ही उनके परिवार का मजबूत सहारा बनी। आज उर्मिला अपनी मेहनत की कमाई से दोनों बच्चों की पढ़ाई और परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं तथा लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
समूह से जुड़ीं तो घर की दहलीज से खेत तक बढ़े कदम
उर्मिला बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पहले वे अधिकतर घर तक ही सीमित रहती थीं। उनके पास खेती को व्यवस्थित रूप से आजीविका का माध्यम बनाने का विचार नहीं था। बिहान और आकांक्षा स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें टमाटर, खीरा सहित विभिन्न सब्जियों की खेती के बारे में जानकारी और प्रोत्साहन मिला।
इस मार्गदर्शन ने उर्मिला को खेती के माध्यम से स्वयं की आय का साधन तैयार करने की राह दिखाई। उन्होंने सब्जियों की खेती शुरू की और पिछले चार वर्षों से लगातार टमाटर की खेती कर रही हैं। इसके साथ खीरा और अन्य सब्जियों का उत्पादन भी कर रही हैं।
समूह से ऋण लेकर बढ़ाया काम, कमाई से चुकाई पूरी राशि
खेती को आगे बढ़ाने के लिए उर्मिला ने अपने स्व-सहायता समूह से ऋण लिया। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी आजीविका गतिविधि को बढ़ाने में किया। मेहनत का परिणाम मिला और खेती से आमदनी होने लगी। उर्मिला ने अपनी आय का बेहतर प्रबंधन करते हुए समूह से लिया ऋण भी चुका दिया।
स्व-सहायता समूह से मिले आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें अपनी आजीविका को आगे बढ़ाने के साथ आर्थिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी दिया।
पति के निधन के बाद खेती ने संभाला परिवार
वर्ष 2024 में पति के निधन के बाद उर्मिला के सामने दोनों बच्चों की पढ़ाई, पालन-पोषण और घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी आ गई। कठिन समय में पहले से शुरू की गई सब्जियों की खेती परिवार के लिए आय का प्रमुख सहारा बनी।
उर्मिला बताती हैं कि आज वे खेती से होने वाली आमदनी से अपने दोनों बच्चों को पढ़ा-लिखा रही हैं और परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं। परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद उन्होंने खेती का काम नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते हुए इसे परिवार की आजीविका का मजबूत आधार बनाया।
आत्मनिर्भरता से लखपति दीदी बनने की ओर बढ़े कदम
बिहान से जुड़कर उर्मिला ने केवल आमदनी का साधन ही तैयार नहीं किया, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में अपने परिवार को संभालने का आत्मविश्वास भी हासिल किया। टमाटर, खीरा और अन्य सब्जियों की खेती से आय अर्जित करते हुए अब उनके कदम लखपति दीदी बनने की ओर बढ़ रहे हैं।
उर्मिला ने बिहान के माध्यम से मिले सहयोग और आजीविका के अवसर के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार को आर्थिक संबल देने के साथ समाज में अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत उर्मिला की यह ‘सेवा की कहानी’ बताती है कि स्व-सहायता समूह से मिला अवसर, आर्थिक सहयोग और स्वयं की मेहनत किस तरह कठिन परिस्थितियों में भी एक महिला को अपने परिवार का मजबूत आधार बना सकती है।
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी: एक डबरी ने खोले आय के कई रास्ते, मान सिंह ने खेती के साथ मछली पालन को बनाया आजीविका का आधार
सिंचाई की सुविधा मिली तो बढ़ा खेती का दायरा, खीरे की बिक्री से मिले करीब 30 हजार रुपये
टमाटर, खीरा, गोभी और सरसों की खेती के बाद अब मटर की तैयारी, डबरी में मछली पालन से अतिरिक्त आय की राह
रायपुर, सितम्बर 2026

खेत के पास बनी एक छोटी सी डबरी ने सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड की ग्राम पंचायत बिरिमकेला निवासी मान सिंह के लिए आजीविका के कई रास्ते खोल दिए हैं। ग्रामीण रोजगार योजना के तहत निर्मित डबरी में संचित पानी से अब वे अलग-अलग फसलों की सिंचाई कर रहे हैं। इसी डबरी में मछली पालन शुरू कर उन्होंने अतिरिक्त आय का साधन भी तैयार किया है। पानी की उपलब्धता से खेती का दायरा बढ़ा है और खीरे की फसल की बिक्री से ही उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिले हैं।
डबरी में संचित पानी से बढ़ा खेती का दायरा
मान सिंह बताते हैं कि डबरी उनके पिता प्रेम सिंह के नाम से बनी है। डबरी बनने के बाद खेत के पास ही सिंचाई के लिए पानी का स्थानीय स्रोत उपलब्ध हो गया। इस पानी का उपयोग कर उन्होंने टमाटर, खीरा, गोभी और सरसों जैसी फसलों की खेती की।
सिंचाई की सुविधा मिलने से अब वे एक फसल तक सीमित रहने के बजाय मौसम के अनुसार अलग-अलग सब्जियों और फसलों का उत्पादन कर पा रहे हैं। खीरे की फसल की बिक्री से उन्हें करीब 30 हजार रुपये प्राप्त हुए। अब वे अगली फसल के रूप में मटर और गोभी लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
खेती के साथ मछली पालन से आय का दूसरा जरिया
मान सिंह ने डबरी का उपयोग केवल खेतों की सिंचाई तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने इसमें मछली पालन भी शुरू किया है। इस तरह एक ही परिसंपत्ति खेतों के लिए पानी उपलब्ध कराने के साथ मत्स्य पालन के माध्यम से अतिरिक्त आय की संभावना भी तैयार कर रही है।
मान सिंह बताते हैं कि डबरी से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है। खेतों के लिए पानी उपलब्ध होने से खेती आसान हुई है और अलग-अलग फसलें लेने का अवसर मिला है। मछली पालन से भी अतिरिक्त आमदनी की संभावना बढ़ी है।
जल संरक्षण से आजीविका को मिला विस्तार
डबरी में वर्षा जल का संचय होने से मान सिंह को खेती के लिए स्थानीय स्तर पर पानी उपलब्ध हो रहा है। इसी पानी का उपयोग सब्जी उत्पादन और मछली पालन में कर वे गांव में ही अपनी आजीविका को विस्तार दे रहे हैं। खेती से रोजगार और आमदनी मिलने से परिवार को आर्थिक संबल भी मिल रहा है।
योजना से मिले लाभ के लिए मान सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मान सिंह की यह ‘सेवा की कहानी’ बताती है कि जल संरक्षण से तैयार एक छोटी परिसंपत्ति भी ग्रामीण परिवार की आजीविका में बड़ा बदलाव ला सकती है। सिंचाई, सब्जी उत्पादन और मछली पालन को एक साथ जोड़कर डबरी उनके लिए आय के कई अवसरों का आधार बन गई है।
सेवा संकल्प अभियान : 55 हेक्टेयर में लहलहा रही अरहर की उन्नत किस्में, फूल आने की अवस्था में पहुंची फसल
आत्मनिर्भरता दलहन मिशन के तहत किसानों के खेतों में समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ अरहर-1 और अरहर-2 की उन्नत उत्पादन तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन, किसानों को बीज उत्पादन से भी जोड़ा
केवीके के वैज्ञानिक खेतों तक पहुंचकर दे रहे फसल प्रबंधन, पोषण और कीट नियंत्रण की तकनीकी जानकारी
रायपुर, सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों तक अरहर की उन्नत उत्पादन तकनीक पहुंचाने की दिशा में आत्मनिर्भरता दलहन मिशन के तहत सरगुजा जिले में समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा द्वारा चयनित गांवों में किसानों के खेतों पर 55 हेक्टेयर रकबे में छत्तीसगढ़ अरहर-1 एवं छत्तीसगढ़ अरहर-2 किस्म का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया है। वर्तमान में अरहर की फसल अच्छी बढ़वार और शाखाओं के विकास के साथ पूर्व-फूलावस्था एवं फूल आने की प्रारंभिक अवस्था में पहुंच गई है।
पांच गांवों में किसानों के खेत बने उन्नत तकनीक के प्रदर्शन केंद्र
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशानुसार तथा कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है।
इसके तहत अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम सोहगा, बरकेला, खजुरी एवं नानदमाली तथा उदयपुर विकासखंड के ग्राम कुमडेवा में किसानों के खेतों पर अरहर की उन्नत उत्पादन तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया जा रहा है।
अच्छी हरित वृद्धि और शाखाओं के विकास से उत्साहित किसान
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदर्शन वाले खेतों में अरहर के पौधों की ऊंचाई, हरित वृद्धि और शाखाओं का अच्छा विकास देखा जा रहा है। फसल अब उस महत्वपूर्ण अवस्था में पहुंच रही है, जहां फूल और उसके बाद फलियों का विकास होगा। उत्पादन की दृष्टि से इस अवस्था में उचित फसल प्रबंधन महत्वपूर्ण है।
वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों की नियमित निगरानी के साथ खरपतवार नियंत्रण, नमी प्रबंधन तथा कीट एवं रोगों पर विशेष नजर रखने की सलाह दी है। फूल एवं फली बनने की अवस्था में फली छेदक सहित अन्य कीटों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता होने पर कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा के अनुसार ही कीटनाशी का उपयोग करने को कहा गया है।
’बीज पंजीयन से गुणवत्तापूर्ण दलहन बीज उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा’
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों का सीड हब के अंतर्गत बीज पंजीयन भी कराया गया है। इससे किसानों को उन्नत किस्मों के बीज उत्पादन की तकनीक से जोड़ने के साथ गुणवत्तापूर्ण दलहन बीज उत्पादन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पी.आर. पैकरा, डॉ. एस.पी. गुप्ता, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, डॉ. विवेक कुमार सांडिल्य एवं डॉ. लीलाधर साहू किसानों को उन्नत अरहर उत्पादन तकनीक, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण और समन्वित कीट प्रबंधन की जानकारी दे रहे हैं।
वैज्ञानिकों के अनुसार फूल आने से पूर्व फसल की उचित देखभाल आगे बनने वाले फूल और फलियों की संख्या तथा उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है। किसानों को नियमित रूप से खेतों का निरीक्षण कर आवश्यक कृषि कार्य समय पर करने की सलाह दी गई है। प्रदर्शन क्षेत्रों में फसल की अच्छी स्थिति से किसानों में उन्नत तकनीक के माध्यम से अरहर उत्पादन बढ़ाने के प्रति उत्साह देखा जा रहा है।
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर, बस्तर में डैम से पानी छोड़े जाने के कारण बढ़ी बाढ़ की संभावना, बचाव एवं राहत अभियान जारी
बाढ़ आपदा प्रबंधन दल ने शनिवार को 130 प्रभावितों का किया रेस्क्यू
रायपुर, 26 सितंबर 2026



चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के व्यापक प्रभाव से हुई भारी बारिश के बाद डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते बस्तर जिले में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर ऊपर से बारिश का दौर फिलहाल थमा हुआ है, लेकिन मौसमी समीकरण और ऊपरी क्षेत्रों में बने भारी दबाव के बाद बांधों से छोड़े जा रहे अत्यधिक जलप्रवाह के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे जलभराव का दायरा नए रिहायशी और ग्रामीण इलाकों तक फैल गया है।
इस विषम परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। चलाए जा रहे निरंतर अभियानों के तहत शनिवार को दिनभर में 130 प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर शिविरों तक पहुँचाया गया, जबकि इससे ठीक एक दिन पूर्व भी 88 लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया था। संवेदनशील और जलमग्न दो से तीन इलाकों में अभी भी बचाव टीमें मुस्तैदी से जुटी हुई हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन निरंतर गति से जारी है।
बाढ़ से प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने और उन्हें सभी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही भोजन मुहैया कराने के लिए प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण अंचलों में कुल 43 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहाँ वर्तमान में साढ़े चार हज़ार से अधिक प्रभावितों को रखा गया है। तूफान के प्रभाव और बांध से आ रहे जलप्रवाह की स्थिति को देखते हुए राहत दल पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए हैं। साथ ही प्रभावितों के राहत कार्य में सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं।
शहर की तासीर के अनुरूप हो विकास की योजना : श्री सोनमणि बोरा
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव ने हुडको द्वारा नई दिल्ली में आयोजित क्षमता विकास कार्यशाला को किया संबोधित
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव तथा हुडको के अधिकारियों से भी मिले, छत्तीसगढ़ में केन्द्रीय योजनाओं के प्रभावी अमल व आगामी रणनीति पर की चर्चा
रायपुर, 26 सितम्बर 2026


नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने नई दिल्ली में हुडको (HUDCO) द्वारा अर्बन चैलेंज फंड (UCF) पर आयोजित क्षमता विकास कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों एवं नगरीय निकायों से कार्यशाला में हिस्सा ले रहे प्रतिभागियों से कहा कि शहरों के दीर्घकालिक विकास के लिए बेहतर नियोजन, क्षमता विकास एवं वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ विभिन्न योजनाओं के बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने शहरों की भावी जरुरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए बेहतर नियोजन, संस्थागत क्षमता विकास एवं उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया।

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) के सचिव श्री सतेंद्र सिंह से नई दिल्ली में भेंट कर राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन, पीएम स्वनिधि, पीएम ई-बस और अर्बन चैलेंज फंड की प्रगति, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने इन योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा नगरीय निकायों की क्षमताओं को और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया।
श्री बोरा ने हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) श्री संजय कुलश्रेष्ठ और उनकी टीम के साथ बैठक कर राज्य के नगरीय निकायों के समग्र एवं आवश्यकता आधारित विकास की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में राज्य के नगरीय निकायों की स्थानीय आवश्यकताओं, संभावनाओं एवं विशिष्ट पहचान को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। औद्योगिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, पर्यटन, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले शहरों के लिए उनकी प्रकृति एवं विशिष्टताओं के अनुरूप विकास की रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की गई, जिससे नगरीय सेवाओं एवं आधारभूत संरचनाओं का विस्तार स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में शहरों की आवश्यकतानुसार फूड पार्क, रेंटल हाउसिंग, पर्यटन संवर्धन, स्लम क्षेत्र के पुनर्विकास, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) सहित अन्य संभावित विकास के पहलुओं को शहरों की विकास योजनाओं में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही अन्य राज्यों की सर्वोत्तम प्रथाओं, उनके क्रियान्वयन अनुभवों तथा चुनौतियों का अध्ययन कर राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त पहलुओं को अपनाने एवं राज्य की नीतियों में आवश्यक प्रावधान किये जाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में हुडको के सीएमडी ने परियोजनाओं के लिए प्रारंभिक परियोजना प्रतिवेदन (PPR) तैयार करने तथा राज्य स्तर पर कार्यशाला आयोजित कर राज्य व नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का क्षमता विकास करते हुए विशिष्ट परियोजनाओं के चिन्हांकन एवं दस्तावेजीकरण के लिए सहमति प्रदान की। उन्होंने नगरीय परियोजनाओं हेतु आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने सहयोग प्रदान करने का भी आश्वासन दिया। बैठक में विकास परियोजनाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय स्रोतों के बेहतर उपयोग तथा केंद्र एवं राज्य योजनाओं के माध्यम से वित्तीय अभिसरण (Convergence) की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्टार खिलाड़ी संजू देवी से फोन पर की आत्मीय बातचीत, स्वर्णिम सफलता के लिए दी बधाई
मुख्यमंत्री ने कहा - संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाडि़यों के लिए बनेगी प्रेरणा
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को पराजित कर जीता स्वर्ण पदक
भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में कोरबा की संजू देवी ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
रायपुर, 26 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य एवं छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी सुश्री संजू देवी को फोन कर इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सुश्री संजू देवी से आत्मीय संवाद करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सुश्री संजू देवी से कहा कि आपने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परचम लहरा रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने अपनी मेहनत और खेल कौशल के बल पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के उन हजारों युवा खिलाडि़यों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करें।
उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की सुश्री संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुश्री संजू देवी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाडि़यों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को भी इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी और टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
*छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय*
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्टार खिलाड़ी संजू देवी से फोन पर की आत्मीय बातचीत, स्वर्णिम सफलता के लिए दी बधाई*मुख्यमंत्री ने कहा - संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनेगी प्रेरणा
*मान ध्यान में उलझा मन दुख,दुर्गति और पीड़ा की ओर ही जाता है : मुनि संवेगरत्न सागर म.सा.*
दूसरों की प्रशंसा सुनकर ईर्ष्या नहीं, खुशी महसूस करें*
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानीः सड़क से मुख्यधारा से जुड़ा पहाड़पारा, पीएम-जनमन ने आसान की विकास की राह
नकना से पहाड़पारा तक 6.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण, 130 की आबादी को मिली बेहतर आवागमन की सुविधा
482.57 लाख रुपये की लागत से दूरस्थ जनजातीय बसाहट तक मजबूत हुआ सड़क संपर्क
रायपुर, 26 सितम्बर 2026

दूरस्थ जनजातीय बसाहट तक पहुंची एक सड़क वहां के लोगों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और जरूरी सेवाओं तक पहुंच की नई राह भी है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत नकना से पहाड़पारा तक 6.30 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण से लगभग 130 की आबादी वाली दूरस्थ जनजातीय बसाहट को बेहतर सड़क संपर्क मिला है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत इस सड़क के निर्माण के लिए 482.57 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार से वित्तपोषित इस कार्य से दूरस्थ क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह की बसाहट तक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच मजबूत हुई है।
सड़क बनी शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच की कड़ी
दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क का सीधा असर ग्रामीणों के रोजमर्रा के जीवन पर पड़ता है। नकना से पहाड़पारा तक सड़क बनने से ग्रामीणों को स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, हाट-बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आने-जाने में सुविधा मिल रही है। आपात स्थिति में मरीजों को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने के साथ दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन भी आसान हुआ है।
बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को कृषि एवं वनोपज के परिवहन में भी सुविधा मिल रही है। इससे पहाड़पारा और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत हुआ है।
पीएम-जनमन से दूरस्थ जनजातीय बसाहट तक पहुंच रही बुनियादी सुविधा
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। नकना-पहाड़पारा सड़क इसी दिशा में महत्वपूर्ण अधोसंरचना के रूप में ग्रामीणों के जीवन को सुगम बना रही है।
सड़क ने खोली विकास और सुविधाओं तक पहुंच की राह
सेवा संकल्प अभियान के तहत नकना-पहाड़पारा सड़क की यह ‘सेवा की कहानी’ दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क से आ रहे बदलाव को सामने लाती है। 6.30 किलोमीटर की यह सड़क पहाड़पारा को मुख्य सड़क संपर्क से जोड़ने के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को अधिक सुगम बना रही है।