छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
बारात के पहले दूल्हा और नवविवाहित जोड़ें ने भी मतदान कर जाहिर की अपनी खुशी
युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं में लोकतंत्र के महापर्व में दिखा जबरदस्त उत्साह
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के तहत 17 फरवरी को प्रथम चरण का जनपद पंचायत राजनांदगांव के सभी मतदान केन्द्रों में मतदान किया गया। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में जबरदस्त उत्साह के साथ मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही बारात के पहले दूल्हा और नवविवाहित जोड़ें ने भी मतदान कर अपनी खुशी जाहिर की। बुजुर्ग मतदाताओं ने बड़े उत्साहपूर्वक व्हील चेयर में बैठकर वोट किया। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को ग्रामीण क्षेत्रों में त्यौहार की तरह मनाया गया। ग्रामीण मतदाताओं ने पूरी ऊर्जा के साथ जिला पंचायत सदस्य से लेकर पंच पद के निर्वाचन में हिस्सा लिया। उत्साहपूर्वक ग्रामीण मतदाताओं ने लोकतंत्र में अपनी सहभागिता निभाई।
मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे और प्रशासन द्वारा की गई बेहतरीन व्यवस्था से मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। चुनाव में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कई मतदाता पहली बार मतदान कर रहे थे, जिनमें उत्साह साफ झलक रहा था। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छांव और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी।
कलेक्टर व सीईओ ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा, मतदान के लिए ग्रामीणों में दिखा गजब का उत्साह
राजनांदगांव । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के तहत आज प्रथम चरण में जनपद पंचायत राजनांदगांव क्षेत्र अंतर्गत 114 पंचायतों के 312 मतदान केन्द्रों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। जनपद पंचायत राजनांदगांव क्षेत्र अंतर्गत आने वाले 4 जिला पंचायत सदस्य, 25 जनपद पंचायत सदस्य तथा सरपंच व पंच पद के लिए ग्रामीण मतदाताओं ने मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में छांव, पेयजल सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल तथा रिटर्निंग ऑफिसर एवं सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने ग्राम सोमनी, घुमका, हरडुवा, बरबसपुर, खैरझीटी, बोरी, रेंगाकठेरा, सुकुलदैहान, धर्मापुर, डिलापहरी सहित अन्य ग्रामों के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया एवं मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया और अन्य ग्रामीणों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने कहा।
प्रथम चरण में जनपद पंचायत राजनांदगांव क्षेत्र अंतर्गत मतदान के लिए ग्रामीणों में गजब का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केन्द्रों में बड़ी संख्या में ग्रामीण कतार में खड़े रहे और बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। युवा, महिला, वरिष्ठ नागरिक, अन्य नागरिक के साथ दिव्यांगजन एवं बुजुर्ग मतदाता भी अपने परिजनों के साथ मतदान के लिए मतदान केन्द्रों तक पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। जिले के सभी मतदान केन्द्रों में प्रथम चरण में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान के पश्चात मतदान केन्द्रों पर मतगणना की गई।
द्वितीय चरण में 20 फरवरी 2025 को जनपद पंचायत छुरिया एवं तृतीय चरण में 23 फरवरी 2025 को जनपद पंचायत डोंगरगढ़ व डोंगरगांव में सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय से दोपहर 1 बजे तक प्राप्त जानकारी अनुसार आज प्रथम चरण में जनपद पंचायत राजनांदगांव क्षेत्र अंतर्गत मतदान का प्रतिशत 59.10 रहा है। जिसमें 56 प्रतिशत पुरूष, 62.34 प्रतिशत महिला एवं 50 प्रतिशत अन्य मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। शाम 4 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार अनंतिम मतदान प्रतिशत 86 है।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत इंदामरा के सचिव निलंबित
राजनांदगांव । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने जनपद पंचायत राजनांदगांव के ग्राम पंचायत इंदामरा के सचिव जंगलूराम यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार जंगलूराम यादव द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन तथा त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में यादव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी तथा उनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत राजनांदगांव निर्धारित किया गया है।
हेमा देशमुख की सत्ता के अहंकार में कांग्रेस को पूरी तरह से डूबोने में अहम भूमिका रही?
राजनांदगांव शहर की जन-जन की अवाज एवं पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने एक जारी बयान में यह कहा कि जिस तरह से राजनांदगांव शहर में निगम के महापौर प्रत्याशी सहित पार्षदों की जो करारी हार हुई है उसकेे पीछे राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस की महापौर श्रीमती हेमा देशमुख जी सहित जिन निर्वाचित कांग्रेस के पार्षदों की जो कांग्रेस पार्टी के संगठन के वरिष्ठ नेताओ और जमीनी ईमानदार कार्यकर्ताओ की जो अपेक्षा करके फूल छाप कांग्रेसीयो और भाजपा के ठेकेदारों और दलालो का जो वर्चस्व निगम में था उसको शहर की जनता आए दिन समाचार पत्रो में देख रही थी जबकी मेरे द्वारा सैकड़ो बार पत्रो और समाचार पत्रो के माध्यम् से निगम की महापौर की आँख खोलनी चाहि लेकिन प्रदेश में कांग्रेस पार्टी कि सत्ता का और प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी और जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद अकबर और अमरजीत भगत की नजदीकियों का जो अहंकार महापौर हेमा देशमुख को जो भरा हुआ था वह संगठन और शहर की आम जनता की तकलीफो को देखने की बजाय? अपनी मदमस्त हाथी की चाल में पूरी तरह व्यस्त होकर कंबल ओड़कर जो घी पीने का काम किया गया?
उसका नतीजा शहर की जनता ने खुला जवाब कांग्रेस की महापौर हेमा देशमुख के सामने यह पेश कर दिया है और महापौर हेमा देशमुख ने पूरे निगम चुनाव के दौरान अपने 5 वर्ष की एक भी जनहित की उपलब्धित का प्रचार करने की हिम्मत नहीं दिखा पाई क्यों? इसलिए प्रदेश कांगेस के अध्ययक्ष सहित प्रदेश प्रभारी से मेरा अनुरोध है कि कांग्रेस पार्टी की जिस तरह से राजनांदगांव में जो इतनी बुरी गती हुई है उसके लिए सत्ता के अहंकार में रहने वाले नेताओ को बाहर का रास्ता दिखाते हुए तत्काल तमाम पदो से इन्हें मुक्त किया जाये और कांग्रेस के प्रति ईमानदारी से निष्ठा रखने वाले जमीनी नेताओ का चयन करना कांगेस के हित में होगा और यदि कांगेस पार्टी में फिर इन आधा सीसी नेताओ को यदि कांगेस संगठन की बागडौर साैंपा तो हो सकता है आने वाले समय में कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन जन्म तिथि और पूण्य तिथि में भी गिनती के रह सकते हैं? इसका चिंतन करते हुए विधानसभा, लोकसभा और नगर निगम के जो चुनाव में इतनी बड़ी करारी हार की यदि कोई जवाबदारी तय नहीं होगी तो आने वाले समय में यह फिर मोतीपुर के उस नेता के अखाड़े में कई नेता आपको नजर आएंगे ।
राजनांदगांव में मधुसूदन यादव पुन: महापौर बने
राजनांदगांव । दस साल पहले महापौर रहे मधुसूदन यादव ने फिर से महापौर का चुनाव जीत लिया है। ऐतिहासिक जीत के साथ भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार निखिल द्विवेदी को 43,500 के बड़े अंतरों से मात दी है।
वहीं वार्डों में भी कांग्रेस भाजपा की आंधी के सामने टिक नहीं पाई। मात्र 3 से 4 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इधर जिले के निकायों में भी भाजपा ने सफलता हासिल की है।
डोंगरगढ़ नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार रमन डोंगरे ने कांग्रेस की नलिनी मेश्राम को पराजित किया है। छुरिया, डोंगरगांव नगर पंचायत में भी भाजपा के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अपनी हार नहीं बचा पाए।
राजनांदगांव नगर निगम के 51 वार्डों में से 40 वार्डों में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। कांग्रेस दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सकी।चुनावी परिणाम में 25 साल से पार्षद रहे कुलबीर छाबड़ा को अप्रत्याशित तरीके से हार झेलनी पड़ी।
उन्हें भारतीय इंजीनियरिंग सर्विस से त्यागपत्र देकर चुनावी मैदान में उतरे शेंकी बग्गा ने लगभग 500 मतों से पराजित किया। वार्ड नं. 17 से कांग्रेस के संतोष पिल्ले 250 वोटों से जीत हासिल की।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष हफीज खान भी वार्ड नं. 13 से पार्षद चुनाव जीत गए। भाजपा के प्रमुख चेहरों में गिने जाने वाले आलोक श्रोती, शिव वर्मा, मणिभास्कर गुप्ता, जैनम बैद भी पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
मतगणना स्थल पर इलेक्ट्रानिक उपकरण, पान, बीड़ी, सिगरेट व अन्य मादक पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित
राजनांदगांव। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत महापौर एवं वार्ड पार्षद के 51 पदों, नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत अध्यक्ष व वार्ड पार्षद के 24 पदों एवं नगर पंचायत डोंगरगांव, छुरिया व लालबहादुर नगर अंतर्गत अध्यक्ष के 1-1 पद एवं वार्ड पार्षद के 15-15 पदों के लिए 15 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से निर्धारित मतगणना केन्द्रों में मतगणना की जाएगी। मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतगणना स्थल पर लैपटॉप, आई पैड, मोबाईल, इलेक्ट्रानिक उपकरण, पान, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित है, केवल पेन, पेंसिल, कैल्कुलेटर ले जाया जा सकता है।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत कृषि उपज मण्डी समिति राजनांदगांव में मतगणना कार्य किया जाएगा, जिसके लिए 51 टेबल की व्यवस्था की गई है। इसी तरह नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोंगरगढ़ में 24 टेबल, नगर पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी सांस्कृतिक भवन डोंगरगांव में 15 टेबल, नगर पंचायत छुरिया अंतर्गत सामुदायिक भवन जनपद पंचायत छुरिया में 15 टेबल एवं नगर पंचायत लाल बहादुर नगर अंतर्गत आईटीआई लालबहादुर नगर में 15 टेबल में मतगणना कार्य किया जाएगा।
5 करोड़ ठगने वाला मुंबई से गिरफ्तार
राजनांदगांव । राजनांदगांव पुलिस की साइबर सेल ने “मिशन साइबर सुरक्षा” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े एक सदस्य को मुंबई में गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी पीडि़तों से ठगी गई भारतीय रकम से क्रिप्टोकरेंसी खरीदकर उसे कंबोडिया स्थित चीनी साइबर ठगों के पास भेज रहा था।
बता दें कि इससे पहले भी राजनांदगांव पुलिस ने इसी गिरोह के चार सदस्यों पर कार्रवाई कर बड़ा खुलासा किया था। यह गिरोह कंबोडिया स्थित स्कैम सेंटर के माध्यम से भारतीय नागरिकों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहा था।
गिरोह द्वारा शादी डॉट कॉम, एडोनी वन, सीआईएससीओ जैसी फर्जी इन्वेस्टमेंट कंपनियों के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस गिरोह ने 60 से अधिक बैंक खातों में 5 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन कर कई लोगों को ठगा है।
राजनांदगांव, डोंगरगढ़ एवं डोंगरगांव, छुरिया व लालबहादुर नगर के मतगणना केन्द्रों में की जाएगी मतगणना
राजनांदगांव । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत महापौर एवं वार्ड पार्षद के 51 पदों, नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद के 24 पदों एवं नगर पंचायत डोंगरगांव, छुरिया व लालबहादुर नगर अंतर्गत अध्यक्ष के 1-1 पद एवं वार्ड पार्षद के 15-15 पदों के लिए 15 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से निर्धारित मतगणना केन्द्रों में मतगणना की जाएगी। नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत कृषि उपज मण्डी समिति राजनांदगांव में मतगणना कार्य किया जाएगा, जिसके लिए 51 टेबल की व्यवस्था की गई है।
इसी तरह नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोंगरगढ़ में 24 टेबल, नगर पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी सांस्कृतिक भवन डोंगरगांव में 15 टेबल, नगर पंचायत छुरिया अंतर्गत सामुदायिक भवन जनपद पंचायत छुरिया में 15 टेबल एवं नगर पंचायत लाल बहादुर नगर अंतर्गत आईटीआई लालबहादुर नगर में 15 टेबल में मतगणना कार्य किया जाएगा।
मतगणना : प्रत्येक वार्ड के लिए 1-1 गणना टेबल की व्यवस्था
राजनांदगांव । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत नगर पालिक निगम राजनांदगांव के महापौर एवं पार्षद पद के मतदान के बाद 15 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से कृषि उपज मण्डी समिति राजनांदगांव में मतगणना कार्य किया जाएगा। मतगणना स्थल पर प्रत्येक वार्ड के लिए 1-1 कुल 51 गणना टेबल की व्यवस्था की गई है। जिसके लिए 1 रिटर्निंग ऑफिसर एवं 4 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को नियुक्त किया गया है। प्रत्येक टेबल पर गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक तथा प्रत्येक तीन टेबल पर 1-1 कुल 17 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र की गणना के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नंबर 1 की टेबल पर 1-1 गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। महापौर पद हेतु प्रत्येक टेबल पर 1 एवं एआरओ टेबल पर 4 एवं पार्षद पद हेतु संबंधित वार्ड के टेबल पर प्रत्येक अभ्यर्थी 1 गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकते है।
गणना अभिकर्ता की नियुक्ति के लिए प्ररूप 13 में फार्म भरकर 2 फोटो कोई एक पहचान पत्र की छायाप्रति सहित जमा किया गया है। रिटर्निंग आफिसर द्वारा गणना अभिकर्ताओं को परिचय पत्र जारी किया गया है। जिसे गणना के दिन अनिवार्य रूप से धारित करने पर ही मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया जायेगा। सर्वप्रथम गणना प्रारंभ होने के ठीक पूर्व गोपनीयता बनाये रखने हेतु घोषणा की जायेगी। निर्वाचन कर्तव्य मतपत्रों की गणना सहायक रिटर्निंग आफिसर की टेबल पर सुबह 9 बजे प्रारंभ होगी। उसके तत्काल पश्चात ईवीएम की कंट्रोल यूनिट से गणना प्रारंभ की जायेगी।
मतगणना स्थल कृषि उपज मण्डी समिति राजनांदगांव के मुख्य द्वार से प्रवेश कर मतगणना कक्ष से 100 मीटर पहले पार्किंग में वाहन रखकर 50 मीटर पैदल चलते हुए मतगणना कक्ष में प्रवेश कराया जाएगा तथा गणना अभिकर्ता नियत टेबल पर ही बैठेंगे। गणना अभिकर्ताओं को सुबह 8 बजे मतगणना कक्ष में पहुँचकर नियत टेबल में बैठना होगा। मतगणना स्थल पर लैपटॉप, आई पैड, मोबाईल, इलेक्ट्रानिक उपकरण, पान, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थ प्रतिबंधित रहेंगे। केवल पेन, पेंसिल, कैल्कुलेटर ले जाया जा सकता है। अभ्यर्थी व उनके निर्वाचन अभिकर्ता उनके द्वारा गणना अभिकर्ता नियुक्त किये जाने की स्थिति में मतगणना कक्ष में समय-समय पर प्रवेश कर मतगणना का अवलोकन कर सकते हैं। उन्हें स्थाई रूप से मतगणना कक्ष में बैठने की अनुमति नहीं होगी। गणना अभिकर्ता नियुक्त नहीं किये जाने की स्थिति में अभ्यर्थी अपने संबंधित टेबल पर बैठ सकते हैं।
मतगणना, रिटर्निंग ऑफिसर व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत नगर पालिक निगम राजनांदगांव के निर्वाचन उपरांत 15 फरवरी 2025 को मतगणना कार्य के लिए कृषि उपज मंडी समिति बसंतपुर राजनांदगांव स्थित मतगणना कक्ष में मतगणना कार्य के लिए रिटर्निंग ऑफिसर व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। जारी आदेश अनुसार संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है।
मतगणना स्थल पर डिप्टी कलेक्टर श्री प्रकाश कुमार टण्डन को टेबल क्रमांक 1 से 13 तक व निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र, डिप्टी कलेक्टर शिल्पा देवांगन को टेबल क्रमांक 14 से 26 तक, संयुक्त कलेक्टर सरस्वती बंजारे को टेबल क्रमांक 27 से 39 तक, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल को टेबल क्रमांक 40 से 51 तक मतगणना कार्य हेतु सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
विधानसभा प्रश्नों, ध्यानाकर्षण सूचनाओं एवं अन्य जानकारी प्रेषित करने अधिकारी नियुक्त
राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 24 फरवरी से 21 मार्च 2025 तक आयोजित छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का पंचम सत्र के दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित प्राप्त विधानसभा प्रश्नों, ध्यानाकर्षण सूचनाओं एवं अन्य जानकारी समयावधि में छत्तीसगढ़ शासन आयुक्त भू अभिलेख एवं आयुक्त संभाग दुर्ग को प्रेषित करने के लिए संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल को नोडल अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सरस्वती बंजारे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
राजनांदगांव जिले के 4 जनपद पंचायत क्षेत्रों के 408 पंचायतों के 1082 मतदान केन्द्रों में तीन चरणों में होगा मतदान
राजनांदगांव (। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य के 13, जनपद पंचायत सदस्य के 95, सरपंच के 404 एवं पंच के 5590 पदों के लिए तीन चरणों में निर्वाचन संपन्न होगा। प्रथम चरण में जनपद पंचायत राजनांदगांव, द्वितीय चरण में जनपद पंचायत छुरिया एवं तृतीय चरण में जनपद पंचायत डोंगरगढ़ व डोंगरगांव में निर्वाचन कार्य संपन्न होगा। मतदान (यदि आवश्यक हो) प्रथम चरण 17 फरवरी 2025, द्वितीय चरण 20 फरवरी 2025 एवं तृतीय चरण 23 फरवरी 2025 को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संपन्न होगा तथा मतदान के पश्चात मतदान केन्द्रों पर मतगणना की जाएगी।
खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना (यदि आवश्यकता हो) प्रथम चरण 18 फरवरी 2025, द्वितीय चरण 21 फरवरी 2025 एवं तृतीय चरण 24 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से की जाएगी। पंच, सरपंच, जनपद पंचायत के मामले में खण्ड स्तर पर प्रथम चरण 19 फरवरी 2025, द्वितीय चरण 22 फरवरी 2025 एवं तृतीय चरण 25 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से तथा जिला पंचायत सदस्य के मामले में जिला मुख्यालय पर प्रथम चरण 20 फरवरी 2025, द्वितीय चरण 23 फरवरी 2025 एवं तृतीय चरण 25 फरवरी 2025 को सुबह 10.30 बजे से सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 4, जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या 25, सरपंचों की संख्या 110 एवं पंचों की संख्या 1612 है। जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 4, जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या 25, सरपंचों की संख्या 100 एवं पंचों की संख्या 1400 है। जनपद पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 2, जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या 20, सरपंचों की संख्या 76 एवं पंचों की संख्या 1057 है। जनपद पंचायत छुरिया अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 3, जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या 25, सरपंचों की संख्या 118 एवं पंचों की संख्या 1521 है। जिले के सभी 4 जनपद पंचायत क्षेत्रों में पंचायतों की संख्या 408 है एवं मतदान केन्द्रों की संख्या 1082 है। जिसमें मतदाताओं की संख्या 5 लाख 32 हजार 81 है।
इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 2 लाख 66 हजार 754, महिला मतदाताओं की संख्या 2 लाख 65 हजार 324 एवं तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 3 है। जनपद पंचायत क्षेत्र राजनांदगांव क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 114 है एवं मतदान केन्द्रों की संख्या 312 है। जिसमें मतदाताओं की संख्या 1 लाख 58 हजार 42 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 79 हजार 243, महिला मतदाताओं की संख्या 78 हजार 797 एवं तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 2 है। जनपद पंचायत क्षेत्र डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 100 है एवं मतदान केन्द्रों की संख्या 263 है। जिसमें मतदाताओं की संख्या 1 लाख 31 हजार 971 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 66 हजार 754 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 65 हजार 217 है।
जनपद पंचायत क्षेत्र डोंगरगांव क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 76 है एवं मतदान केन्द्रों की संख्या 209 है। जिसमें मतदाताओं की संख्या 98 हजार 679 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 49 हजार 330 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 49 हजार 349 है। जनपद पंचायत क्षेत्र छुरिया क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 118 है एवं मतदान केन्द्रों की संख्या 298 है। जिसमें मतदाताओं की संख्या 1 लाख 43 हजार 389 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 71 हजार 427, महिला मतदाताओं की संख्या 71 हजार 961 एवं तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 1 है।
प्रेक्षक तथा कलेक्टर ने मतदान पश्चात अभ्यर्थियों एवं अभिकर्ताओं की बैठक लेकर संवीक्षा की
राजनांदगांव। जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के संचालन एवं प्रेक्षण कार्य हेतु नियुक्त प्रेक्षक आईएएस जयश्री जैन तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने कृषि उपज मंडी परिसर में नगरीय निकायों के मतदान पश्चात अभ्यर्थियों एवं मतदान अभिकर्ताओं की बैठक लेकर संवीक्षा की। बैठक में नगरीय निकायों में ऐसे मतदान केन्द्र जहां नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 में संपन्न हुए मतदान में पूर्व के निर्वाचन की अपेक्षा कम या अधिक मतदान होने के साथ-साथ उनकी संवेदनशीलता की विस्तार की समीक्षा की गई।
इस दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों एवं मतदान अभिकर्ताओं ने मतदान के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया के लिए बधाई दी और व्यवस्थाओं की प्रशंसा भी की। इस अवसर पर रिटर्निंग ऑफिसर श्री खेमलाल वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मतदान 11 फरवरी को संपन्न हुआ। मतदान पश्चात ईव्हीएम मशीनों को कृषि उपज मंडी समिति के नवनिर्मित गोदाम में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मतगणना शनिवार 15 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से की जाएगी।
मतदान कक्ष तक ले जाने पर भीड़े कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता
राजनांदगांव। गौरीनगर मतदान केंद्र में कांग्रेस के पार्षद पद के प्रत्याशी हफीज खान ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद सिन्हा पर मतदाताओं को लुभाने की नीयत से मतदान कक्ष तक ले जाने पर आपत्ति पर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भीड़ गए।
करीब 15 से 20 मिनट तक दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं में तनातनी रही। हालांकि पुलिस की मौजूदगी से विवाद कुछ देर में थम गया।
राजनांदगांव जिले में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक मतदान संपन्न
राजनांदगांव । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत जिले के नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत महापौर के 1 पद एवं वार्ड पार्षद के 51 पदों तथा नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत अध्यक्ष के 1 पद एवं वार्ड पार्षद के 24 पद, नगर पंचायत डोंगरगांव, छुरिया व लालबहादुर नगर अंतर्गत अध्यक्ष के 1-1 पद एवं वार्ड पार्षद के 15-15 पदों के लिए निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक मतदान संपन्न हुआ। मतदाताओं में मतदान के लिए अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास रहा। जिला निर्वाचन कार्यालय से शाम 5 बजे तक प्राप्त अनन्तिम आकड़ों के अनुसार जिले के सभी 5 नगरीय निकाय क्षेत्रों के 120 वार्डों में मतदान का प्रतिशत 75.82 रहा। जिसमें 76.77 प्रतिशत पुरूष, 74.93 प्रतिशत महिला एवं 60 प्रतिशत तृतीय लिंग के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी 5 नगरीय निकाय क्षेत्र अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 1 लाख 81 हजार 816 है, जिसमें से 1 लाख 37 हजार 847 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 87 हजार 574 पुरूष मतदाताओं में से 67 हजार 233 पुरूष मतदाताओं, 94 हजार 237 महिला मतदाताओं में से 70 हजार 611 महिला मतदाताओं एवं 5 तृतीय लिंग मतदाताओं में से 3 तृतीय लिंग मतदाताओं ने मतदान किया। मतगणना शनिवार 15 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से कृषि उपज मंडी समिति के नवनिर्मित गोदाम में बनाए गए मतगणना केन्द्र में होगी।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत 51 वार्डों में मतदान का प्रतिशत 74.12 रहा। जिसमें 75.20 प्रतिशत पुरूष, 73.12 प्रतिशत महिला एवं 100 प्रतिशत तृतीय लिंग के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 1 लाख 35 हजार 151 है, जिसमें से 1 लाख 174 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 65 हजार 16 पुरूष मतदाताओं में से 48 हजार 891 पुरूष मतदाताओं, 70 हजार 133 महिला मतदाताओं में से 51 हजार 281 महिला मतदाताओं एवं 2 तृतीय लिंग मतदाताओं में से 2 तृतीय लिंग मतदाताओं ने मतदान किया।
नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत 24 वार्डों में मतदान का प्रतिशत 77.85 रहा। जिसमें 78.17 प्रतिशत पुरूष, 77.56 प्रतिशत महिला एवं 33.33 प्रतिशत तृतीय लिंग के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 28 हजार 40 है, जिसमें से 21 हजार 829 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 13 हजार 585 पुरूष मतदाताओं में से 10 हजार 619 पुरूष मतदाताओं, 14 हजार 452 महिला मतदाताओं में से 11 हजार 209 महिला मतदाताओं एवं 3 तृतीय लिंग मतदाताओं में से 1 तृतीय लिंग मतदाता ने मतदान किया।
नगर पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत 15 वार्डों में मतदान का प्रतिशत 81.31 रहा। जिसमें 82.74 प्रतिशत पुरूष एवं 79.97 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 11 हजार 942 है, जिसमें से 9 हजार 710 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 5 हजार 765 पुरूष मतदाताओं में से 4 हजार 770 पुरूष मतदाताओं एवं 6 हजार 177 महिला मतदाताओं में से 4 हजार 940 महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
नगर पंचायत छुरिया अंतर्गत 15 वार्डों में मतदान का प्रतिशत 93.13 रहा। जिसमें 92.93 प्रतिशत पुरूष एवं 93.31 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत छुरिया अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 3 हजार 72 है, जिसमें से 2 हजार 861 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 1 हजार 442 पुरूष मतदाताओं में से 1 हजार 340 पुरूष मतदाताओं एवं 1 हजार 630 महिला मतदाताओं में से 1 हजार 521 महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
नगर पंचायत लालबहादुर नगर अंतर्गत 15 वार्डों में मतदान का प्रतिशत 90.64 रहा। जिसमें 91.34 प्रतिशत पुरूष एवं 89.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत लालबहादुर नगर अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 3 हजार 611 है, जिसमें से 3 हजार 273 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 1 हजार 766 पुरूष मतदाताओं में से 1 हजार 613 पुरूष मतदाताओं एवं 1 हजार 845 महिला मतदाताओं में से 1 हजार 660 महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
प्रेक्षक जयश्री जैन ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
राजनांदगांव । जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 के संचालन एवं प्रेक्षण कार्य हेतु नियुक्त प्रेक्षक आईएएस जयश्री जैन ने आज राजनांदगांव शहर के शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में स्थित विभिन्न मतदान केन्द्रों में जाकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने डोंगरगांव के मतदान केन्द्र और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
उन्होंने मतदान केन्द्रों के पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रगति और मॉकपोल के दौरान प्रतिनिधियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए जनपद पंचायत डोंगरगांव में निर्वाचक नामावली का निरीक्षण किया। इसके साथ त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए बनाए गए मतदान केन्द्र आरी का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने मतदान कर लोकतंत्र के उत्सव में निभाई अपनी सहभागिता
राजनांदगांव । कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने शासकीय कमलादेवी कन्या महाविद्यालय दक्षिण भाग मतदान केन्द्र क्रमांक 129 पहुंचकर लोकतंत्र के उत्सव में अपना मतदान कर सहभागिता निभाई। कलेक्टर ने मतदान केन्द्र में मतदाताओं के साथ लाईन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर मतदान किया।
कलेक्टर ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने मतदान करने के बाद सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर मतदान करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी नगरीय निकायों के मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।