छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में रेड रिबन उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
सूरजपुर। शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में रेड रिबन क्लब के तत्वाधान में दिनांक गत दिवस रेड रिबन उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रोमिला खेस्स हॉर्टिकल्चर एवं रिसर्च स्टेशन महाविद्यालय सिलसिली, सूरजपुर तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. शुभी सिंह, डॉ. ममता, एवं डॉ. विवेक कुमार की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों को तिलक एवं रेड रिबन बैच लगाकर हुआ। तत्पश्चात मां सरस्वती की छायाचित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। रेड रिबन क्लब की नोडल एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शालिनी शांता कुजूर सहायक प्राध्यापक द्वारा रेड रिबन क्लब की गतिविधियों एवं उदेश्यों - युवाओं में जागरूकता फैलाना, समाज को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने हेतु प्रयास की जानकारी प्रदान की गई। मुख्य वक्ता डॉ. रोमिला खेस्स ने छात्र-छात्राओं को एचआईवी/ एड्स के कारणों, बचाव के उपाय एवं संक्रमित होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवन शैली पर विस्तार पूर्वक मार्गदर्शन किया।
उन्होंने संदेश दिया कि है "prevention is better than cure " कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीमती अंजना सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी ने छात्र-छात्राओं को निर्देशित किया कि वे प्राप्त ज्ञान का प्रचार प्रसार अपने परिवार एवं समाज में करें। अंत में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम पश्चात सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक अध्यापक डॉ. अजय कुमार तिवारी , भारत लाल कांवर आशीष कौशिक, जफीर ,श्रीमती गीता सोनी, कार्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम से महिलाओं को मिलेगी आत्मनिर्भरता की राह
सूरजपुर, 2025
ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत सूरजपुर के सभाकक्ष में हुआ, जिसमें जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के नोडल अधिकारी श्री संतोष शर्मा, जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत NRLM से दिलीप कुमार एक्का, मो. नसीम, BPM माधुरी भंडारी, संकुल संगठन के पदाधिकारी, जनपद स्टाफ, पीआरपी, कैडर एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की दीदियां मौजूद थीं।इसके अलावा यह कार्यक्रम जिले के सभी विकासखंडों में भी चयनित स्थानों पर आयोजित किया गया। जिले के 24 संकुल स्तरीय संगठन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ‘दीदी के गोठ’ जैसी पहल महिलाओं की आवाज़ को हर घर तक पहुँचाएगी। उन्होंने बताया कि बिहान योजना ने छत्तीसगढ़ की हजारों महिलाओं के जीवन को बदल दिया है, जिनमें कई ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
जिला पंचायत सीईओ श्री पाटले ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘दीदी के गोठ’ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भरता की राह दिखाना है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ अपने परिश्रम से परिवार ही नहीं, पूरे समाज की दिशा बदल रही हैं।
इस रेडियो कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की कहानियाँ प्रसारित की जा रही हैं, जिन्होंने कठिनाइयों को पार कर आर्थिक मजबूती और सामाजिक पहचान हासिल की है। इन प्रेरणादायी कहानियों से अन्य महिलाओं को भी नई ऊर्जा और हौसला मिलेगा तथा वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगी।
उल्लेखनीय है कि ‘दीदी के गोठ’ रेडियो प्रसारण से अब हर गाँव और हर घर तक सफल दीदियों की आवाज़ पहुंच सकेगी , जो ग्रामीण महिलाओं के लिए हौसला और ऊर्जा का स्रोत बनेगी।
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत प्रदेशभर में चल रहा जागरूकता अभियान
30 अगस्त 2025


छत्तीसगढ़ में बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर के विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बालिकाओं को बाल संरक्षण कानून, सुरक्षा उपायों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा चलाई जा रही इस पहल के तहत सूरजपुर जिले सहित सभी विकासखंडों में जागरूकता अभियान चलाया गया। आज हायर सेकेंडरी स्कूल सोनगरा प्रतापपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्पॉन्सरशिप योजना, नशा मुक्ति योजना, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की विस्तृत जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि अल्पायु में विवाह से बालिकाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर बढ़ती है और कुपोषण की समस्या गहराती है। साथ ही सोशल मीडिया के दुरुपयोग से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों जैसे लैंगिक शोषण, मानव तस्करी और अंग तस्करी के खतरों से भी छात्राओं को सचेत किया गया।
इन कार्यक्रमों में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनोज जायसवाल, संरक्षण अधिकारी सुश्री प्रियंका सिंह और प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। सूरजपुर जिले के भैयाथान, प्रेमनगर, ओड़गी और रामानुजनगर सहित अन्य विकासखंडों में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।
बालिका सुरक्षा माह के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना है, ताकि वे हर परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।
20 को मुख्यमंत्री साय का सूरजपुर प्रवास, तैयारियां तेज
सूरजपुर। इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया है।
यह महोत्सव 15 अगस्त 2025 से शुरू होकर आगामी 6 फरवरी 2026 तक पूरे 25 सप्ताह तक पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास और जनभागीदारी के साथ मनाया जायेगा। इसी बीच 20 अगस्त को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सूरजपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस तिथि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में तिलसिवां रोड स्थित अटल कुंज के समीप मैदान में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव को लेकर कार्यक्रम प्रस्तावित है।
आगामी कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम की रूप रेखा अंतर्गत स्टॉल निरीक्षण, विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास, शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक वितरण इत्यादि कार्यक्रम सम्मिलित है। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन द्वारा लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल का स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जायजा लिया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
इसके साथ ही कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार मेला, कृषि मेला एवं लोन मेला का आयोजन भी किया जायेगा। इन मेलों के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया जाएगा। इसी दिवस पर नया बस स्टैण्ड पर स्थित 25 लाख की लागत से बने अटल परिसर का लोकार्पण प्रस्तावित है।
सुरजपुर जिले में गरिमामय और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 79 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
रायपुर,15 अगस्त 2025



सुरजपूर जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम सूरजपुर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने रंगीन गुब्बारे और सफेद कबूतर छोड़कर शांति और सद्भावना का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में परेड कमांडर के नेतृत्व में 13 विभिन्न प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। शहीद जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। जिनमें कस्तूरबा आवासीय विद्यालय सूरजपुर को प्रथम, कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास सूरजपुर को द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर सूरजपुर को तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विधायक प्रेमनगर श्री भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, जनपद सूरजपुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, श्री बाबूलाल अग्रवाल, श्री मुरली मनोहर सोनी, श्री मुकेश गर्ग, श्री अजय अग्रवाल, श्री संदीप अग्रवाल, श्री शशिकांत गर्ग व अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत ठाकुर, डीएफओ श्री पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले, सहित जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
79 वें स्वतंत्रता दिवस पर सूरजपुर में ध्वजारोहण करेंगी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 79 वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2025 को पूरे हर्ष और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह का आयोजन शासकीय आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुर के स्टेडियम में होगा। जहां महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगी।
ध्वजारोहण के बाद श्रीमती राजवाड़े मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगी। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। पूरा आयोजन स्वतंत्रता, एकता और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न होगा।
सड़क दुर्घटना में एम्बुलेंस चालक की मौत
बिश्रामपुर । कल्याणपुर जंगल में तेज रफ्तार संजीवनी 108 एंबुलेंस सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. दुर्घटना में एंबुलेंस में सामने सीट पर बैठे युवक की मौत हो गई है. गौरतलब है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में इन दिनों सड़क की स्थिति काफी दयनीय हो गई है.
इसके मद्देनजर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की राजपुर कैंप की संजीवनी 108 एंबुलेंस क्रमांक 04 एमजेड 5889 मरीज को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल छोड़कर शनिवार की रात वापस कल्याणपुर होते राजपुर जा रही थी. तभी कल्याणपुर में पेट्रोल पंप के समीप वाहन चालक का नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया. एंबुलेंस वाहन में चालक सीट के बगल में बैठे रामविशाल राजवाड़े पिता मोहन राजवाड़े उम्र ३३ वर्ष निवासी द्वारिकानगर लटोरी के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि मृतक रामविशाल राजवाड़े एंबुलेंस का चालक था, लेकिन वह चालक की बगल सीट पर बैठा था. एम्बुलेंस में चालक के अलावा इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन की ड्यूटी होती है, अनुमान लगाया जा रहा है कि एंबुलेंस को ईएमटी ही चला रहा था. घटना के बाद से ईएमटी फरार बताया जा रहा है. लटोरी पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है. इधर वर्तमान में अंबिकापुर रामानुजगंज मार्ग के जर्जर होने से राजपुर, बलरामपुर, रामानुजगंज अथवा उससे आगे आने जाने वाले कई वाहन वर्तमान समय में कल्याणपुर मार्ग से आना जाना कर रहे हैं।
बाल विवाह मुक्त बनाने सरपंच सचिवों को दिया गया प्रशिक्षण
सूरजपुर । कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र सिंह पाटले के समन्वय से जिले के सभी सरपंच सचिवों को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया अंतिम दौर में जनपद पंचायत भैयाथान और प्रतापपुर के समस्त सरपंच सचिवों “मेरा पंचायत बाल विवाह मुक्त पंचायत” के विजन को साकार करने हेतु प्रेरित किया गया। सूरजपुर को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल के मार्गदर्शन में कृत संकल्पित है।
प्रशिक्षण में जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने सभी सरपंच एवं सचिवों को संबोधित करते हुए बताया कि जनवरी 2025 में समस्त सचिवों को राज पत्र के माध्यम से छ0ग0 सरकार ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी बना दिया हैं सभी जन्म मृत्यु के अतिरिक्त विवाह दर्जा पूर्व से प्राप्त है। सभी जन्म मृत्यु अतिरिक्त विवाह प्रमाण पत्र जारी करने के लिए 2006 से अधिकृत है। इसके लिए सभी को अपने पंचायत में विवाह पंजी संधारित करना है। और पंचायत होने वाले सभी विवाह का पंजीयन उसको करना है। विवाह कार्ड के साथ आधार और अंक सूची भी जमा कराये जिससे आपको कम उम्र में विवाह की जानकारी मिल जायेगी, कम उम्र विवाह की जानकारी होने पर आप तत्काल उसे रोकिये हमें सूचित करे। राज्य बाल संरक्षण समिति ने इस वर्ष 40 प्रतिशत ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त घोषित कराने का निर्णय किया है जो ग्राम पंचायत इसका प्रस्ताव पास कर देते है और अपने पंचायत में विवाह नही होने देते उन्हे 8 मार्च 2026 को पुरस्कृत किया जायेगा।
जायसवाल ने कहा कि बाल विवाह करने से कई परेशानी खड़ी हो जाती है। कम उम्र मे विवाह से लडकी शारीरिक रूप से तैयार नहीं रहती है और ना ही मानसिक रूप से बालिका शिक्षा से भी दूर हो जाती है। और विकास से भी बालिका को शोषण से बचाना हैं “बालिका का विवाह तब, बालिका सक्षम हो जाये तब” ।
कार्यशाला को संरक्षण अधिकारी संस्थागत देखरेख अखिलेश सिंह ने भी संबोधित किया और कहा कि प्रत्येक पंचायत में बाल संरक्षण समिति का गठन किया गया है जिसमें सभी सरपंच इसके अध्यक्ष और सचिव इसके सचिव सदस्य है। सभी आ0बा0 कार्यकर्ता इसके सदस्य है। इसलिए जमीनी स्तर पर जब तक जागरूकता नहीं जाएगी, इस बुराई से मुक्ति संभव नहीं है। इसलिए सभी ग्राम पंचायत में इस हेतु पंचायत बैठको ग्राम सभी के बैठकों में सभी ग्रामीणों को इसकी जानकारी देनी होगी। गांव-गांव एवं सभी समाज में इस हेतु अभियान चलाना पडेगा।
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 से बाल विवाह होने पर दो वर्ष की सजा एवं एक लाख रुपये जुर्माना का प्रावधान है। बाल विवाह होने पर विवाह करने वाले, अनुमति देने वाले बाल विवाह में सम्मिलित होने वाले, बाल विवाह में सहयोग करने वाले सभी के ऊपर अपराध पंजीबद्ध किया जाता है।
प्रषिक्षण सह कार्यषाला में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र पाटले, जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल, ए.पी.ओ. जिला पंचायत शषि सिन्हा, संरक्षण अधिकारी अखिलेष सिंह, यूनिशेफ से जिला समन्वयक हितेष निर्मलकर, चाईल्ड लाईन से जनार्दन यादव, रमेश साहू, प्रकाश राजवाड़े, दिनेष यादव उपस्थित थे।
13 सितंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन, सालों से लंबित मामले निपटाए जाएंगे
सूरजपुर: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दिशा-निर्देशन में आगामी 13 सितंबर को सुरजपुर जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर की अध्यक्षता में दो दिनों में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
यह नेशनल लोक अदालत जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर, कुटुम्ब न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर एवं जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों में आयोजित होंगी। आपसी विवाद के मामले, व्यवहारवाद, मोटर दुर्घटना दावा, परिवारिक विवाद, जिला न्यायालय में वर्षों से लंबित प्रकरण, राजस्व प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरण रखे जाऐंगे।बता दें कि पक्षकारों की सुविधा के लिए प्रकरण के पक्षकारों को भौतिक रूप से एवं वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग दोनों मुख्य माध्यमों से मामलों में सुलह की सुविधा प्रदान की जाएगी।
तैयारी के क्रम में चार अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विद्युत विभाग, नगर पालिका, दूरसंचार विभाग और समस्त बैंक अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके उपरांत मंगलवार को जिला न्यायालय के अधिवक्ता बार कक्ष में बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं सहित अधिवक्ताओं की बैठक संपन्न हुई।
आयोजित बैठकों में विशेष रूप से 13 सितम्बर को होने वाली नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों को रखे जाने एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण में अधिवक्ताओं के सहयोग को लेकर चर्चा की गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित अभियान ’’मेडिएशन फॉर द नेशन’’ पर भी विशेष चर्चा हुई।बैठकों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर सहित प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मानवेन्द्र सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल, व्यवहार न्यायाधीश रूपल अग्रवाल, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बलराम शर्मा एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी के नेतृत्व में बैटरियाँ बदली गईं, गाँवों में लौटी रोशनी
सूरजपुर के सौर ऊर्जा संयंत्रों को मिली नई ऊर्जा
सूरजपुर तहसील कार्यालय में रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
सूरजपुर । छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने सूरजपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जुगेश्वर राजवाड़े नामक बाबू एक किसान से भूमि नामांतरण के नाम पर ₹25,000 की रिश्वत ले रहा था।
किसान की शिकायत पर हुई कार्रवाई
एसीबी को यह शिकायत एक पीड़ित किसान ने दी थी, जिसमें बताया गया था कि तहसील कार्यालय में काम कराने के एवज में बाबू ने रिश्वत की मांग की है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई, और सोमवार को जुगेश्वर राजवाड़े को 25 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
साबित हुआ भ्रष्टाचार, राशि जब्त
बाबू के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी की इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी खलबली मच गई है।
एसीबी की सतर्कता, भ्रष्टाचार पर लगाम
राज्य में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाई यह दिखा रही है कि एसीबी और ईओडब्ल्यू भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर अब बेहद सक्रिय हो चुकी है। जनता से अपील की जा रही है कि यदि किसी भी सरकारी कार्य में रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी तत्काल शिकायत करें।
हर्राटिकरा के खेलों इंडिया सेंटर में फुटबॉल अस्मिता लीग का किया गया आयोजन
सूरजपुर । छ.ग. शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ रायपुर द्वारा निर्देशित तथा कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के मागदर्शन में खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा में अस्मिता सिटी लीग का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उदेश्य महिलाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कराना व महिलाओं को प्रेरित करना और उभरती हुई प्रतिभाओं को बढ़ावा देना इस उददेश्य से खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा में फुटबॉल अस्मिता सिटी लीग का आयोजन किया गया।
जिसमें शिवपुर, उमेश्वरपुर, खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा, खेलों इंडिया सेंटर अम्बिकापुर, एवं कोरिया अम्झर के कुल 05 टीमो ने इस आयोजन में भाग लिया, जिसमें विजेता शिवनगर उपविजेता खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा एवं तृतीय स्थान खेलों इंडिया सेंटर अम्बिकापुर का रहा, आयोजन में अतिथि के रूप में डीप्टी कलेक्टर सूरजपुर सुनील अग्रवाल, जिला खेल अधिकारी श्रीमती आरती पाण्डेय एवं सरपंच प्रतिनिधि सुन्दर दास, सचिव धनेश्वर प्रजापति, उप सरपंच संजय राजवाड़े, के हाथों से विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
माईक संचालन आलम राजवाडे एवं सीमांचल त्रिपाठी के द्वारा किया गया। रामबहादूर लामा फुटबॉल सचिव जिला फुटबॉल संघ सूरजपुर, राम राजवाडे, रूपनारायण, मानसाय, चन्द्रकुमार भुवन रजक हरीश राजवाडे अनुराधे, महेन्द्र सिंह प्रकाश गुप्ता रेफरी के रूप में रावेन्द्र वर्मा, अनमोल तिग्गा, रोहित रावत आदि का सहयोग रहा।
कलेक्टर ने पालक व अधीक्षिकाओं की ली समीक्षा बैठक
सूरजपुर । कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन की अध्यक्षता में आज पालक व अधीक्षिकाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया था। जिसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय,100 सीटर छात्रावास की अधीक्षिका, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे।
बैठक में सत्र 2025-26 में प्रवेश, शैक्षणिक स्टॉफ व गैर शैक्षणिक स्टॉफ की जानकारी, सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी, छात्राओं को प्राप्त सुविधा, छात्राओं हेतु मेेडिकल सुविधा, सत्र 2024-25 के परीक्षा परिणाम, व्यवसायिक प्रशिक्षण, खेल-कूद एवं अन्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधि, भवन की स्थिति, ’एक पेड़ मां के नाम’, अपार आईडी की जानकारी प्राप्त की गई।
कलेक्टर ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के 8 वीं, 10 वीं व 12 वीं के परीक्षा परिणाम की क्रमवार जानकारी ली। जिसमें संबंधितों द्वारा बताया गया कि प्रतापपुर, प्रेमनगर व ओड़गी का परिणाम शत प्रतिशत बताया गया वहीं भैयाथान व सूरजपुर का 83.33 प्रतिशत रहा।
इसके साथ ही मेन्यू के आधार पर नाश्ता व भोजन,सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मौसमी बीमारी के सम्बंध में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु कैलेंडर आधारित कार्ययोजना बनाने की बात कही। इसके साथ ही कलेक्टर ने पालकों से उनके सुझाव माँगें और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
भारतीय वायु सेना अग्निपथ योजना अंतर्गत अग्निवीर वायु भर्ती के लिए अधिसूचना जारी
सूरजपुर । भारतीय वायु सेना अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर वायु भर्ती वर्ष 2026 हेतु अधिसूचना जारी कर दी गई है। अग्निवीर वायु भर्ती हेतु अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला आवेदन कर सकते है। आवेदन ऑनलाइन पोर्टल साइट https://agnipathvayu.cdac.in पर दिनांक 11 जुलाई को 11ः00 बजे से 31 जुलाई को रात के 11ः00 बजे तक आवेदन कर सकते है। इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी लोक सेवा केन्द्र से जाकर ऑनलाइन पंजीकृत करा सकते है।
अनुभाग स्तरीय जनदर्शन में शामिल होकर पायें त्वरित निराकरण
सूरजपुर। अनुविभागीय कार्यालयों में आज से अनुभाग स्तरीय जनदर्शन का प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देश के अनुपालन में जिले वासियों को उनके निकटतम स्थान पर उनकी समस्याओं का निदान मिले इस हेतु प्रत्येक सोमवार तय समय सीमा अंतर्गत अनुविभागीय कार्यालयों में अनुभाग स्तरीय जनदर्शन लगाये जा रहे हैं।
इस क्रम में आज सूरजपुर, प्रतापपुर, रामानुजनगर व भैयाथान समस्त स्थानों पर 12 से 02 बजे तय समय सारणी के अनुसार जनदर्शन का आयोजन किया गया। क्षेत्रवासियों ने अपने समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये, जिस पर सक्षम अधिकारी द्वारा अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। सूरजपुर से 00, प्रतापपुर से 07, रामानुजनगर से 02 व भैयाथान से 00 आवेदन प्राप्त हुए।
23 जुलाई को प्लेसमेन्ट कैम्प का किया जाएगा आयोजन
सूरजपुर । जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के द्वारा 23 जुलाई को प्रातः 11 बजे से 03 बजे तक कार्यालय परिसर में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाना है। जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजक एल.आई.सी जीवन बीमा निगम इंश्योरेंस कॉर्पोरेट लिमिटेड अंबिकापुर जिला सरगुजा के द्वारा पदों की भर्ती किया जाना है। जिसके अंतर्गत बीमा अभिकर्ता के 25 पद एवं बीमा सखी के 30 पदों की भर्ती किया जाना है।
जिसकी शैक्षणिक योग्यता 10वीं एवं 12वीं है, इच्छुक ऐसे आवेदक जो उपरोक्त योग्यता रखते हैं वे अपने साथ शैक्षणिक योग्यता की अंक सूची निवास, जाति रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड एवं आधार कार्ड के साथ पेन कार्ड, बैंक पास बुक, आदि की मूल प्रति एवं पासपोर्ट साईज की दो फोटो के साथ उक्त दिनांक को शिविर में उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठा सकते है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे प्रशिक्षण का किया गया आयोजन
सूरजपुर । डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर आज लटोरी तहसील के पंचायत भवन में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में पटवारी, राजस्व निरीक्षक, एसएडीओ, आरएईओ, कृषि विभाग, सचिव पंचायत विभाग उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में बताया गया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे एक आधुनिक प्रणाली है, जिसके माध्यम से फसलों की स्थिति, क्षेत्रफल, स्थान और आच्छादन की सटीक जानकारी डिजिटल रूप में एकत्र की जाती है.
यह प्रक्रिया किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, फसल बीमा पाने और आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने में मददगार होगी। कर्मियों को प्रशिक्षण के उपरांत फसलों का फोटो खींचकर एग्री स्टेट एप्लीकेशन पर अपलोड करना है. इस सर्वे रिपोर्ट से फसलों के आच्छादन रिपोर्ट का सही आंकड़ा पता चल सकेगा।