छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी
जिला मेडिकल बोर्ड का शुभारंभ
मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एस आर मांडवी के अथक प्रयास से जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में दिनांक 23 अप्रैल 2025 से जिला मेडिकल बोर्ड का शुभारंभ किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत दिव्यांगता अधिकार अधिनियम 2016 के अंतर्गत की 21 प्रकार के दिव्यांगता का प्रमाण पत्र जिला मेडिकल बोर्ड के अंतर्गत बनाया जाएगा।
इसके अलावा समस्त प्रकार के मेडिकल एवं फिटनेस फिट एवं अनफिट प्रमाण पत्र भी उक्त बोर्ड के द्वारा बनाया जाएगा। यह मेडिकल बोर्ड प्रत्येक माह के चौथे बुधवार को स्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में बैठेंगे। जिस किसी जरूरतमंद को विकलांगता प्रमाण पत्र एवं मेडिकल प्रमाण पत्र बनाना हो प्रत्येक माह के चौथे बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में समय सुबह 11 बजे से 2 बजे तक आकर मेडिकल बोर्ड से जांच एवं परीक्षण कराकर अपना प्रमाण पत्र बना सकते हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में विश्व लीवर दिवस मनाया गया
मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस आर मंडावी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राकेश वर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ.सीमा ठाकुर के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में विश्व लीवर दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फलों का वितरण किया गया।
इस वर्ष विश्व लीवर दिवस 2025 की थीम फूड इस मेडिसिनश रखी गई है। इस थीम को रखने का उद्देश्य अच्छा और संतुलित आहार लेने के प्रति लोगों को जागरुक करना है। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित और हेल्दी डाइट लेने से न सिर्फ बीमारियों से बचाव संभव होता है, बल्कि ये शरीर को स्वस्थ रखने और किसी बीमारी का इलाज करने या जल्दी ठीक करने में अहम भूमिका निभाता है। यह थीम लोगों को यह समझाने के लिए तय की गई है कि लिवर के देखभाल के लिए न सिर्फ दवाओं पर निर्भर रहना चाहिए, बल्कि सही खानपान से भी आप अपने लिवर को स्वस्थ रख सकते हैं।
विश्व लीवर दिवस की शुरुआत विश्व स्वास्थ्य संगठन और लिवर संबंधी संस्थाओं ने एक साथ मिलकर की थी, ताकि हेपेटाइटिस, फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस और लिवर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के बारे में लोगों को समय रहते जानकारी दी जा सके। खासतौर पर, विकासशील देशों में, जहां खानपान की आदतें बिगड़ती जा रही हैं और शारीरिक गतिविधियां कम होने के कारण लोगों में लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से फैल रही हैं। साल 2012 में 19 अप्रैल के दिन पहली बार इस दिन को मान्यता दी गई। जिसके बाद से हर साल 19 अप्रैल को विश्व लीवर दिवस मनाया जाता है।
लीवर को कैसे रखें सुरक्षित
लीवर को स्वस्थ रखने के लिए एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। इनमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, शराब का सेवन कम करना, विषाक्त पदार्थों से बचना, और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना शामिल है। संतुलित आहार, फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दुबला प्रोटीन और स्वस्थ वसा का सेवन करें, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, मीठे पेय और संतृप्त वसा से बचें।
नियमित व्यायाम
हर दिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें, जैसे कि तेज चलना या तैरना व्यायाम लीवर पर तनाव कम करता है और मोटापे को रोकता है।
शराब का सेवन कम करें
शराब का सेवन लिवर के लिए हानिकारक हो सकता है अगर आप शराब पीते हैं, तो सीमित मात्रा में ही पिए।
विषाक्त पदार्थों से बचें
धूम्रपान, अवैध दवाओं और कुछ रसायनों से बचें, हेपेटाइटिस के विरुद्ध टीका लगवाएं, हेपेटाइटिस ए और बी के विरुद्ध टीका लगवाने से लीवर को नुकसान से बचाया जा सकता है।
अपनी दवाओं के बारे में जानकारी रखें
अपनी दवाओं के बारे में अपने डॉक्टर से बात करें, खासकर यदि आप पहले से ही कोई दवा ले रहे हैं।
नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं
नियमित स्वास्थ्य जांच लीवर की समस्याओं का पता लगाने में मदद कर सकती है
तनाव का प्रबंधन करें
तनाव लीवर को प्रभावित कर सकता है तनाव कम करने के लिए योग, ध्यान, या अन्य तनाव-रोधी तकनीकों का अभ्यास करें। अपने और अपने लीवर का जरूर ख्याल रखें विश्व लीवर दिवस में संकल्प ले की कम से कुकिंग ऑइल का उपयोग करे। उक्त कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला के समस्त स्टाफ एवं मितानिन उपस्थित थे।
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ने देश में बटोरी सुर्खी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को ओवरऑल परफॉरमेंस ऑन इम्प्लीमेंटेशन ऑफ प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया
मोहला । छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम देशभर में एक और अवार्ड से सम्मानित होने पर गौरवान्वित हुआ है। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को प्रधानमंत्री कृषि फसल बीमा योजना के अंतर्गत आल ओवर परफॉर्मेंस के लिए सम्मानित किया गया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना का 12 वां नेशनल रिव्यु कॉन्फ्रेंस एवं 8 वां नेशनल लेवल मॉनिटरिंग कमिटी 18 और 19 अप्रैल को कोवालम, केरल में आयोजन किया जा रहा है। जिसमे मोहला-मानपुर जिले को ओवरऑल परफॉरमेंस ऑन इम्प्लीमेंटेशन ऑफ प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने यह अवार्ड प्राप्त किया है।
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी नवीन जिला है। यह जिला पूर्ण रूप से कृषि पर आधारित जिला है। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के लिए खरीफ फसल हेतु धान सिंचित एवं धान असिंचित फसल अधिसूचित किया गया था। इसी प्रकार रबी फसल के अंतर्गत चना, गेहूं सिंचित, गेहूं असिंचित, राई, सरसों एवं अलसी फसल अधिसूचित किया गया था। कलेक्टर के नेतृत्व एवं निर्देशन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का बेहत्तर क्रियान्वयन होने से जिले में बड़ी संख्या में कृषकों ने योजना अंतर्गत पंजीयन कराया था। किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए बेहत्तर प्रचार-प्रसार के साथ ही किसानों को योजना का भली भांति लाभ से अवगत कराने के चलते यह पुरस्कार जिले के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हुआ है।
सुशासन तिहार ग्राम पंचायत तेलीटोला के लिए कारगर साबित हुआ
कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास से नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए तत्काल दी 15 लाख रुपए की स्वीकृति
मोहला । सुशासन तिहार 2025 ग्राम पंचायत तेलीटोला विकासखंड अंबागढ़ चौकी के लिए सौगात लेकर आया है। सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलीटोला के ग्राम वासियों ने ग्राम में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए आवेदन किया था। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आवेदन की गंभीरता और बच्चों के भविष्य गढऩे को लेकर सहृदयता पूर्वक संवेदनशीलता का परिचय दी है। ग्राम तेलीटोला का पूर्व प्राथमिक शाला भवन जर्जर अवस्था में है। यहां नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास संस्थान से 15 लाख रूपये की तत्काल स्वीकृति दी है। प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को एजेंसी नियुक्त किया गया है। संबंधित एजेंसी को 180 दिवस के भीतर निर्माण कार्य को पूर्ण करने समय सीमा निर्धारित किया गया है।
सुशासन तिहार में दिए गए आवेदन से प्राथमिक शाला भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्राम वासियों ने इसे शासन की महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया है। नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण हो जाने से ग्राम तेलीटोला के प्राथमिक शाला के बच्चों को सुविधायुक्त भवन में बिना किसी भय के शिक्षा अध्ययन कर सकेंगे। पूर्व प्राथमिक शाला भवन जर्जर अवस्था में होने के चलते बच्चों के पढ़ाई लिखाई में समस्या उत्पन्न हो रहा था। अब ग्राम तेलीटोला को उनकी इस समस्या से निजात मिल गया है। जिला खनिज संस्थान न्यास से राशि स्वीकृति मिलने पर ग्राम वासियों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर तुलिका प्रजापति के प्रति आभार ज्ञापित किया है।
सुशासन तिहार : मांगों और शिकायत से संबंधित अब तक 5564 आवेदन प्राप्त हुए
मोहला । सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत जिला मोहला-मानपुर -अंबागढ़ चौकी के सभी ग्राम पंचायत में नागरिकों की समस्याएं सुनी जा रही है। ग्रामीणजन अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर शिविर स्थल पहुंच रहे हैं। ग्रामीणजन उत्साहजनक माहौल में अपनी शिकायत और मांगों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंच रहे हैं।
जिला के सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में नागरिकों की समस्याओं और मांगों को सुनने के लिए समाधान पेटी रखा गया है। सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत आवेदन जमा करने के तीसरे दिन तक 5564 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी ग्राम पंचायतों और नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में नागरिकों की समस्या/मांगों को सुनने के लिए अधिकारी प्राधिकृत अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किया गया है। जहां नागरिकों की मांगों/शिकायत से संबंधित आवेदन प्राप्त किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चंद्राकर ने आज जनपद पंचायत मोहला में सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन आवेदनों की एंट्री का जायजा लिया। उन्होंने सभी ऑपरेटरों को वास्तविक एंट्री करने निर्देशित किया।
पेयजल व्यवस्था बनाए रखने जिला व विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए, जिला मोहला-मानपुर-अं.चौकी अंतर्गत समस्त क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यालय कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
आम नागरिकों को सूचित किया जाता है कि यदि किसी ग्राम/धार्मिक स्थल/जनसमूह क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न होती है अथवा हैण्ड पंप खराब होता है, तो वे निम्नलिखित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-223-0008 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जिला स्तर पर नियुक्त अधिकारी अमित कुमार मिश्रा उप अभियंता संपर्क नंबर-9907958165, सतीश कुमार महानदिया, परियोजना समन्वयक निगरानी संपर्क नंबर-9981722886, छत्रपाल ध्रुव, सहायक अभियंता संपर्क नंबर-7000539909, विकासखंड स्तर पर नियुक्त अधिकारी अं.चौकी विकासखंड विनोद कुमार सिंह, उप अभियंता संपर्क नंबर-9131350308, मोहला विकासखंड आनंद प्रकाश शर्मा, सहायक अभियंता संपर्क नंबर-9826162878, मानपुर विकासखंड, सुबोध कुमार पिस्दा, उप अभियंता संपर्क नंबर-8966943006 है।
कार्यालय कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से नागरिकों से अपील की जाती है कि पेयजल समस्या के संबंध में दी गई सूचनाओं का उपयोग करते हुए संबंधित अधिकारी से संपर्क करें, ताकि आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जा सके। प्रशासन जनहित में इस दिशा में सतत प्रयासरत है।
मानपुर विकासखंड में महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों का सीईओ ने किया निरीक्षण
मोहला। जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अं.चौकी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चंद्राकर ने गत दिवस मानपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया और महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना की।
तोलूम में महिला स्व-सहायता समूह व ग्राम संगठन की दीदियों से चर्चा करते हुए उन्होंने सेंट्रिंग प्लेट निर्माण और मिक्सर मशीन संचालन गतिविधियों की जानकारी ली। इन कार्यों से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर लखपति बनी हैं। सीईओ ने पंचायत एवं सीएलएफ के माध्यम से समूह द्वारा निर्मित सामग्री का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अड़जाल में समूह की महिलाओं ने बैंक लिंकेज और सीआईएफ राशि का उपयोग कर हालर मिल और बकरी पालन के जरिए लाभ अर्जित किया है। वहीं, दूसरी दीदियों द्वारा सिलाई कार्य, जैविक खाद व दवाइयों का निर्माण, मुर्गी पालन एवं टीकाकरण जैसी गतिविधियों से आय अर्जित की जा रही है। सीईओ ने चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया और आयवर्धन हेतु सुझाव दिए।
इसके साथ ही भर्रीटोला में सीएलएफ द्वारा संचालित ब्रडिंग सेंटर चूजा रैक और मदर बर्ड अंडा उत्पादन गतिविधि का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने एनआरएलएम एवं प्रदान संस्था के कर्मचारियों से चर्चा कर इन गतिविधियों के विस्तार हेतु सुझाव दिए। कहड़बरी ग्राम पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार 2025 कार्यक्रम के दौरान मांग और शिकायत आवेदन संकलन की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए सीईओ ने ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी प्रदान की और पंचायत पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
हथकरघा से बदली कौडूटोला की महिलाओं ने अपनी जीवनशैली
आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी दंतेश्वरी महिला बुनकर सहकारी समिति
मोहला । अंबागढ़ चौकी विकासखण्ड के आदिवासीबहुल ग्राम कौडूटोला की महिलाएं कभी पाई-पाई के लिए मोहताज थी। बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित ये महिलाएं सिर्फ रोजी-मजदूरी और खेती-किसानी तक ही सीमित थी। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। हथकरघा ने इन महिलाओं के जीवन में क्रांति ला दी है। सुशासन व जिला प्रशासन के सहयोग और पंचायत की भागीदारी से गांव की महिलाओं ने मिलकर दंतेश्वरी महिला बुनकर सहकारी समिति का गठन किया। आज गांव की बीस महिलाएं इस समिति से जुड़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। महिलाएं अब हथकरघा के जरिये कपड़ा बुनती हैं और इससे हर महीने सात से आठ हजार रुपये तक कमा रही हैं। प्रति मीटर कपड़े पर उन्हें बत्तीस रुपये मिलते हैं। मेहनती और कुशल महिलाएं हर पखवाड़े ढाई से तीन हजार रुपये तक कमा लेती हैं। उनकी मेहनत की पूरी राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। डामनबाई निषाद बताती है कि पहले वे सिर्फ मजदूरी करती थी लेकिन अब उन्हें हर महीने सात से आठ हजार रुपये की आमदनी हो जाती है। वही हुमनबाई गांव में पहले खेती-किसानी कर अपने परिवार का गुजारा करती थी। लेकिन अब उन्हें प्रतिदिन दो सौ से तीन सौ रुपए तक की आमदनी हो रही है। इसके साथ ही उन्हें राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ हुई है।
इस आमदनी से न केवल घर का खर्च आसानी से चल रहा है बल्कि महिलाओं का आत्मसम्मान भी बढ़ा है। वे अब गांव के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के बारे में सोचने लगी हैं। शुरुआत में यह सफर आसान नहीं था। लेकिन महिलाओं की मेहनत, समर्पण और जिला प्रशासन की निरंतर प्रेरणा ने इस बदलाव को संभव बनाया। जिला प्रशासन की यह पहल अब कौडूटोला जैसे अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन रही है।
चिल्हाटी में वाटर शेड रथ यात्रा का आयोजन
वाटर शेड रथ यात्रा ने ग्रामीणों में जल संरक्षण की अलख जगाई
मोहला । भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग द्वारा जल और भूमि संसाधनों के संरक्षण और सतत उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 अप्रैल 2025 को जिला-मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंबागढ़ चौकी विकासखंड ग्राम चिल्हाटी में जल ग्रहण परियोजना के अंतर्गत माइक्रोवॉटर शेड क्षेत्र में वाटर शेड रथ यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जलग्रहण क्षेत्रों में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना था। यात्रा का स्वागत स्थानीय ग्रामीणों, महिला स्व सहायता समूहों, बच्चों और किसानों ने बड़ी खुशी से किया और इस अभियान को लेकर उनके बीच गहरी जागरूकता देखी गई।
कार्यक्रम के दौरान रंगोली, श्रमदान, जल संरक्षण पर सांस्कृतिक नृत्य, रैली और पानी की पाठशाला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने जल संरक्षण के महत्व को समझाते हुए जल बचाने के उपायों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपुरे, जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के अध्यक्ष पूनऊराम फूलकैरे, जनपद सदस्य श्यामलाल चंद्रवशी, पवन तुलावी, ग्राम पंचायत चिल्हाटी की सरपंच डिम्पल मंडावी, सरपंच कन्हैया नेताम, टिकम सिंह ठाकुर, सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी, संत लाल देशलहरे, परियोजना अधिकारी, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। साथ ही जल ग्रहण समिति के सदस्य और क्षेत्र के जल ग्रहण परियोजना, अम्बागढ़ चौकी के 10 ग्रामो के कृषक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में 50 महिला स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने जल संरक्षण के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता दिखाई और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह आयोजन जल संरक्षण को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जो न केवल वर्तमान बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल के महत्व को समझाने में सहायक साबित होगा।
मुख्यमंत्री साय का राज्य में पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारी विकास कार्यों का करेंगे औचक निरीक्षण
मोहला । प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में 'सुशासन तिहार -2025' के आयोजन का ऐलान किया है, जो शासन की पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करेगा।
यह आयोजन प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक अहम मंच बनेगा, जिससे विकास कार्यों में गति और योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकेगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, हमारी सरकार लगातार सुशासन की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। इस तिहार के माध्यम से हम जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करेंगे और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
सुशासन तिहार-2025 की प्रमुख विशेषताएं :
सुशासन तिहार-2025 का पहला चरण 08 से 11 अप्रैल 2025 तक होगा, जिसमें आम जनता से उनकी समस्याओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। यह आवेदन ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में समाधान पेटी के माध्यम से प्राप्त होंगे। ऑनलाइन आवेदन की भी व्यवस्था की जाएगी और आवेदनकर्ताओं को पावती दी जाएगी। आवेदन प्राप्त होने के बाद, संबंधित अधिकारियों द्वारा इन्हें एक माह के भीतर निराकृत किया जाएगा। अधिकारियों को समय सीमा के भीतर इनका समाधान सुनिश्चित करना होगा। आवेदन के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा राज्य और जिला स्तर पर की जाएगी।
समाधान शिविर :
समाधान शिविरों का आयोजन 05 मई से 31 मई 2025 तक किया जाएगा। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी और जहां संभव होगा, वहीं समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।
सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि होंगे शामिल :
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तिहार में स्थानीय सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वे तिहार के प्रत्येक चरण में शामिल होंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।
विकास कार्य का निरीक्षण :
मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारी प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का क्रियान्वयन सह तरीके से हो रहा है और लोगों को उनका लाभ मिल रहा है।
विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का होगा उपयोग :
तिहार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया, समाधान की निगरानी और जनता के साथ संवाद के लिए विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का उपयोग किया जाएगा।
आम लोगों से अपील :
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि 'सुशासन तिहार-2025' सफल हो सके और प्रदेश में सुशासन की स्थापना की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित हो सके।
मोहला कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टरों, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदारों, राजस्व विभाग, आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा,महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, उद्यानिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, जल संसाधन, समाज कल्याण, श्रम विभाग, तकनीकी शिक्षा, ग्रामोद्योग, पशुपालन, मत्स्य विभाग, नगरीय निकाय, खेल विभाग, वन विभाग सहित अन्य सभी विभागों के जिला अधिकारियों से कहा है कि 'सुशासन तिहार 2025' के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू की जाएं ताकि सरकार की मंशानुरूप यह महत्वपूर्ण कार्य हो सकें।
चमरूटोला में पुलिया निर्माण से खुला विकास का रास्ता
पुलिया निर्माण से ग्रामीणों को बड़ी राहत, अब साल भर होगा सुगम आवागमन
मोहला। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के ग्राम चमरूटोला में वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब पुलिया निर्माण से मिल गया है। बरसात के मौसम में चोरपानी नाले के उफान के कारण लंबे समय से रास्ता बाधित होने की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह निर्माण किसी वरदान से कम नहीं है। पुलिया निर्माण कार्य शुरू होते ही क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। करीब पच्चीस परिवारों और लगभग एक सौ दस की आबादी वाले इस ग्राम में बरसात के दौरान नाले का पानी गांव को बाकी क्षेत्रों से काट देता था।
ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए बाजार, स्कूल, और अस्पताल तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। आपातकालीन स्थितियों में कई बार मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाने के कारण हालात और भी गंभीर हो जाते थे। ग्रामवासियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं जिला प्रशासन ने पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। अब इस पुलिया के बन जाने से न केवल आवागमन साल भर सुचारु रहेगा बल्कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य व पशुपालन योजनाओं की समीक्षा की
मोहला । आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में कृषि विभाग और उनके संबंधित विभाग उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विकास विभाग और मत्स्य पालन विभाग की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा की और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने विशेष रूप से उद्यानिकी विभाग की योजनाओं पर जोर दिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जिले में उपयुक्त स्थानों का चयन करें, ताकि किसानों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
इसके साथ ही, उन्होंने किसानों में इन योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने दलहन, तिलहन, मक्का और धान की उत्पादन स्थिति की समीक्षा की, साथ ही खाद और बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की प्रगति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इन योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया ताकि इनसे अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे परंपरागत कृषि पद्धतियों में उगाई जाने वाली कोदो, कुटकी, रागी जैसी फसलों से जुड़े किसानों की सूची तैयार करें और इन किसानों के लिए उपयुक्त कार्य योजना तैयार करें। इसके साथ ही, उन्होंने जिले में बीज संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए दिशा-निर्देश दिए और इस संदर्भ में एक ठोस कार्य योजना बनाने को कहा।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के किसानों को सड़क और पुलिया से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के लिए अधिकारियों से कार्य योजना और प्रस्ताव प्राप्त किए जाएं। पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में छोटे पैमाने पर कार्य योजना बनाकर शुरुआत करने कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिले में दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों को जागरूक करें और उन्हें इस योजना से जोडऩे का प्रयास करें।
इसके अलावा मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने मछली पालन, मछली बीज संचयन और मछुआरों को प्रशिक्षण देने जैसी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक मछुआरों और किसानों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन हो और इसका लाभ जिले के किसानों और स्थानीय लोगों तक पहुंचे। उन्होंने समयबद्ध तरीके से योजनाओं को लागू करने और उनके लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर विजेन्द्र सिंह पाटले, जिला पंचायत सीईओ भारती चन्द्राकर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण
मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने मोहला एवं अंबागढ़ चौकी विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छुरिया में निर्माणाधीन नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया और निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने पेंदाकोडो में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
वहीं कौड़ीकसा के हाट बाजार में बनी सीसी रोड का भी निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित की। कलेक्टर ने तुमड़ीकसा में नवीन शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ग्राम चमरूटोला में पुलिया निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने कोरचाटोला ग्राम में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की जांच की और बच्चों की सुविधा हेतु सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी योजनाओं को जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय पर पूर्ण किया जाए। इस दौरान जनपद पंचायत अं.चौकी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंवदा रामटेके सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किया बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन कार्यों का निरीक्षण
शिक्षकों को गाइडलाइन के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने के निर्देश
मोहला । जिले में बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का जायजा लेने के लिए कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रेंगाकठेरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूल्यांकन कार्य में संलग्न शिक्षकों से बातचीत कर उन्हें गाइडलाइन के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी मूल्यांकन कक्षों का भ्रमण कर प्रक्रिया को बारीकी से परखा और मूल्यांकनकर्ताओं से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के मापदंडों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निष्पक्षता और सावधानीपूर्वक कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में मूल्यांकन कार्य को पूर्ण करें जिससे परीक्षार्थियों को समय पर परिणाम मिल सके। उन्होंने मूल्यांकन केंद्र में जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मानपुर में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस स्टैंड निर्माण के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आर सिटी बिल्डिंग और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई, स्थल को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने हितग्राही के हाथों कराया मुर्गी पालन केंद्र का उद्घाटन
बिहान दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम पहल
मोहला । महिला सशक्तिकरण की दिशा में मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला प्रशासन ने एक और अहम कदम उठाया है। जिला प्रशासन व एबिस अस्मिता संस्था के संयुक्त प्रयास से बिहान योजना से जुड़ी ग्रामीण आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई है। आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ग्राम कुंजामटोला में मुर्गी पालन केंद्र की शुरुआत की गई है। यह पहल न केवल महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करा रही है बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से भी सशक्त बना रही है। इस पहल के तहत जिला प्रशासन की ओर से बिहान की दीदियों को मुर्गी पालन हेतु शेड निर्माण कर दिया गया हैं व एबिस अस्मिता के द्वारा मुर्गी पालन हेतु 25 चयनित बिहान दीदियो कों 6 से 7 महीनों का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें आवश्यक संसाधन, तकनीकी सहायता और विपणन सहयोग भी उपलब्ध कराया गया है जिससे वे अपनी आय में वृद्धि कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के तौर पर जिला कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा महिलाएं किसी भी समाज की रीढ़ होती हैं।
उन्हें सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। यह पहल केवल रोजगार तक सीमित नहीं है बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा दे रही है। कलेक्टर ने हितग्राही सुमित्रा बाई के हाथों रिबन कटवाकर मुर्गी पालन केंद्र का विधिवत उद्घाटन कराया।जिससे महिलाओं को सम्मान और जिम्मेदारी दोनों का अनुभव मिला। कार्यक्रम के बाद कलेक्टर ने सभी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और महिलाओं को मेहनत व एकता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। बिहान की दीदियों ने इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का सुनहरा अवसर मिला है। उन्होंने जिला प्रशासन और एबिस अस्मिता संस्था के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे मेहनत और एकता के साथ इस पहल को सफल बनाएंगी।
यह छत्तीसगढ़ राज्य का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जिसमें ग्रामीण आदिवासी महिलाओं को प्रशिक्षण, संसाधन और बाजार से जोड़ते हुए स्वरोजगार की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। ग्राम कुंजामटोला से शुरू हुई यह पहल निश्चित रूप से महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और भविष्य में ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं की नींव रखेगी। कार्यक्रम में इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री भारती चंद्राकर, श्रीमति जोया आलम, डायरेक्टर फाइनेंस एबिस, श्रीमति तनाज अज़ीज़ डायरेक्टर एच आर एबिस, डॉ पौलोमी बैनर्जी वि पी ए एस जी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी एवं बिहान समूह की महिलाएं एवं अधिक संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण संपन्न
मोहला । मोहला जिले के सभी 11 वर्ष से 18 वर्ष की शाला जाने वाली एवं शाला त्यागी किशोरी बालिकाओं के स्वास्थय / पोषण/शिक्षा/अजिविका के संबंध में घर घर जाकर सर्वे करने एवं उनका स्वास्थ्य जांच हिमोग्लोबिन परीक्षण, सिकलसेल परीक्षण, वजन लेने सहित बी.एम.आई निकालने का कार्य / स्वास्थ्य / महिला एवं बाल विकास/ शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किया जाना है।
जिसके लिए आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण कलेक्टर श्रीमति तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण दल द्वारा किशोरी बालिका ऐप संबंधी संपूर्ण बिन्दुओं की जानकारी से अवगत कराया गया।
जिला स्तरीय प्रशिक्षण दल द्वारा ग्राम स्तर पर गठित दल के सदस्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/ANM / मितानीनों को प्रशिक्षित किया जायेगा कलेक्टर महोदया द्वारा किशोरी बालिकाओं के सर्वागीण विकास के लिए यह एक अभिनव पहल है। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला एवं विकासखण्ड स्तर एवं सेक्टर स्तर के अम्ले मौजूद थे।
महिला समूहों का हुनर, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कदम
मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज महात्मा गांधी औद्योगिक रूरल पार्क में महिला समूह द्वारा किए जा रहे विविध गतिविधियों को देखने ग्राम पंचायत नाड़ेकल, ग्राम-मोहभट्टा एवं भर्रीटोला पहुंची। कलेक्टर ने यहां महिला समूह द्वारा किए जा रहे प्रयासों को देखकर उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। कलेक्टर ने महिला समूह के हुनर की सराहना करते हुए कहा कि महिला समूह आज सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका के साथ समाज में अपनी पहचान स्थापित करने के साथ ही स्वालंबन की राह में आगे बढ़ रही हैं।
कलेक्टर ने महिला समूहों से चर्चा करते हुए उनकी सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं आज घर गृहस्ती के काम के साथ ही अपने कला, कौशल और उद्यमिता से समाज में अलग स्थान बनाने में कामयाब हो रही हैं। कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान महात्मा गांधी औद्योगिक रूरल पार्क नाड़ेकल में महिला समूह के द्वारा किए जा रहे प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के कार्यों को देखा।
यहां महिला समूह के द्वारा अपने ग्राम पंचायत में सभी तरह के प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा कर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट का काम बखूबी कर रही हैं। इसे पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिल रहा है। इसके साथ ही यहां महिला समूह द्वारा मिलेट के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। महिला समूह के द्वारा कोदो, कुटकी रागी का उत्पादन करने के साथ ही इसे मार्केट में विक्रय कर अच्छी खासी आमदनी अर्जित कर रही हैं।
जय मां भवानी महिला समूह की महिलाएं आज गांव में अपने बढ़ते कदम के चलते किसी पहचान की मोहताज नहीं है। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत में मोहभट्टा पहुंचकर यहां महिला समूह के द्वारा बनाए जा रहे बांस के उत्पाद को देखकर उनका मान बढ़ाया। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से उनके इस प्रयास के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि यहां 50 पुरुष एवं 50 महिलाओं के द्वारा फाईल पैड, फाइल कवर, बांस का फर्नीचर, फूलदान, टोकरी, मोबाइल कवर, आकर्षक गुलदस्ता का उत्पाद बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत माह रायपुर में लगे जगार मेला में उन्हें डेढ़ लाख रुपए का आमदनी हुआ है। महिला समूह की मांग पर यहां कलेक्टर ने वर्किंग शेड निर्माण के लिए जिला पंचायत को प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर प्रजापति ने ग्राम पंचायत भर्रीटोला पहुंचकर महिला समूह के द्वारा किए जा रहे प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के कार्यों को देखा। महिला समूह के द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में अहम योगदान देते हुए प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट का कार्य बखूबी कर रही हैं। साथ ही महिला समूह द्वारा विविध गतिविधियों करते हुए स्वालंबन की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। यहां महिला समूह के द्वारा अगरबत्ती का निर्माण किया जा रहा है। जिसकी क्षेत्र में अच्छी मांग है। साथ ही महिला समूह के द्वारा फिल्टर वाटर पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा है। जार में पैकेजिंग कर बाजार में शुद्ध पेयजल सप्लाई की जा रही है। इससे महिला समूह को अच्छी आमदनी अर्जित हो रही है।
महिला समूह ने बताया कि अगरबत्ती निर्माण, फिल्टर वाटर पानी पैकेजिंग के कार्य में उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है। इससे वे अपने घर के खर्च का वहन करने में सफल हो रही है। कलेक्टर ने इन महिला समूह के प्रयासों को देखकर उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास करने से सफलता निश्चित रूप से मिलती है। कलेक्टर ने महिला समूह से कहा कि लगन, मेहनत और सतत प्रयास से मनचाहा मंजिल प्राप्त होती है। इस दौरान वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चन्द्राकर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।